Lungi Ngidi First Reaction After Injury: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026) के 35वें मुकाबले में शनिवार (25 अप्रैल) को दिल्ली कैपिटल्स (DC) की भिड़ंत पंजाब किंग्स (PBKS) के साथ थी. जहां क्षेत्ररक्षण के दौरान दिल्ली के तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी (Lungi Ngidi) चोटिल हो गए. जिसके बाद उन्हें आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया. उपचार प्रक्रिया के बाद अब वह फिट हैं. 30 वर्षीय अफ्रीकी गेंदबाज ने अपनी चोट पर खुद प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने इंस्टाग्राम की स्टोरी में हालचाल लेने वाले अपने प्रशंसकों का शुक्रिया कहते हुए बताया है कि सबकुछ ठीक है.
दिल्ली कैपिटल्स ने दिया एनगिडी की चोट पर अपडेट
इससे पहले दिल्ली कैपिटल्स ने एनगिडी की इंजरी पर अपडेट दिया था. उस फ्रेंचाइजी ने सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' पर अपडेट देते हुए लिखा था, 'एनगिडी की हालत स्थिर है और उन्हें जल्द ही अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी.' एनगिडी के जल्द ठीक होने की कामना करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और राजस्थान रॉयल्स (RR) ने भी ट्वीट किया था.
सीएसके ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा था, 'लुंगी एनगिडी को हमारी सारी ताकत भेज रहे हैं और उनके जल्दी ठीक होने की कामना करते हैं. वहीं, आरआर ने लिखा, 'लुंगी एनगिडी के जल्द ठीक होने की प्रार्थना कर रहे हैं और इस समय में उन्हें पूरी ताकत और सब्र भेज रहे हैं. मजबूत होकर वापस आओ.'
11 मिनट में दिल्ली पुलिस ने एनगिडी को पहुंचाया अस्पताल
दिल्ली पुलिस ने लुंगी एनगिडी को मैदान से अस्पताल सिर्फ 11 मिनट में पहुंचाया था. दिल्ली पुलिस ने बताया कि जैसे ही उन्हें मेडिकल इमरजेंसी की सूचना मिली वैसे ही उन्होंने बिना देरी करते हुए कार्रवाई की. एनगिडी को मैदान से राजेंद्र नगर स्थित बीएलके मैक्स स्पेशियलिटी हॉस्पिटल शिफ्ट किया गया. एसीपी ट्रैफिक संजय सिंह ने कंट्रोल रूम से बातचीत की और बिना रुकावट ग्रीन कॉरिडोर बनाने का निर्देश दिया, जिसके चलते एनगिडी महज चंद मिनटों के अंदर अस्पताल पहुंच सके.
कुछ इस तरह चोटिल हो गए थे एनगिडी
दरअसल, पंजाब किंग्स की पारी के दौरान लुंगी एनगिडी एक कैच को पकड़ने के प्रयास में हवा में उछले, लेकिन इस दौरान उनके शरीर का बैलेंस बुरी तरह से बिगड़ गया और वह सिर के बल नीचे गिर गए. जमीन पर गिरने की वजह से एनगिडी के सिर और गर्दन में गंभीर चोट आई.
इसके बाद उन्हें स्ट्रेचर पर लेटाकर एम्बुलेंस के जरिए तुरंत अस्पताल ले जाया गया. मैच में एनगिडी की कमी दिल्ली कैपिटल्स को साफ तौर पर खली. पंजाब किंग्स ने दिल्ली कैपिटल्स से मिले 265 रनों के लक्ष्य को 18.5 ओवर में 4 विकेट खोकर हासिल किया. यह आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा रन चेज भी है. (आईएएनएस इनपुट के साथ)
यह भी पढ़ें- 20 से 25 सालों के लिए भारतीय टीम को मिल गया है भविष्य का सुपरस्टार, भारतीय दिग्गज ने की भविष्यवाणी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं