U19 एशिया कप के फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ एक विकेट से मिली रोमांचक जीत के बाद, भारत के U19 कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने कहा कि टीम को अपनी बल्लेबाजी की गहराई और निचले क्रम के बल्लेबाजों पर पूरा भरोसा था. इसी भरोसे की बदौलत भारत ने नौवीं बार यह खिताब अपने नाम किया. शनिवार को अल अमरात क्रिकेट ग्राउंड पर, भारत ने पाकिस्तान के 338 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 50 ओवरों में 9 विकेट खोकर 339 रन बनाए. फाइनल मुकाबला आखिरी गेंद तक गया, जहां मोहित उलवा ने अहमद हुसैन की गेंद पर बाउंड्री लगाकर भारत को एक यादगार जीत दिलाई.
भारत की यादगार जीत के बाद कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने कहा,"यह एक उतार-चढ़ाव भरा सफर था. हमें पूरा विश्वास था कि हम लक्ष्य हासिल कर लेंगे, क्योंकि पिच बल्लेबाजी के लिए बहुत अच्छी थी. मुझे हमेशा से अपने निचले क्रम के बल्लेबाजों की क्षमता पर भरोसा था. हम लगभग 11 बल्लेबाजों के साथ खेल रहे थे."
भारतीय कप्तान ने लक्ष्य का पीछा करने की नींव रखने में अहम भूमिका निभाई. उन्होंने 101 गेंदों पर 80 रन बनाए, जिसमें पांच चौके शामिल थे. उन्होंने आर्यवीर सहवाग के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 90 रनों की साझेदारी की, जिससे भारत को एक मजबूत शुरुआत मिली. सहवाग ने 61 गेंदों पर 58 रन बनाए.
सहवाग के आउट होने के बाद, रायचंदानी ने पारी को संभाले रखा और अन्वय द्रविड़ के साथ 56 रनों की साझेदारी की. हालांकि, 37वें ओवर में पाकिस्तान ने रायचंदानी और द्रविड़ दोनों को आउट करके भारत पर दबाव बना दिया. इसके बाद भारत का स्कोर 254/8 हो गया और पाकिस्तान को खिताब जीतने के लिए सिर्फ दो विकेट और चाहिए थे.
ऐसे में मनाल चौहान और उलवा ने 57 रनों की साझेदारी करके भारत की पारी को फिर से पटरी पर ला दिया. चौहान ने 32 गेंदों पर 47 रन बनाए, जबकि उल्वा 49 रन बनाकर नाबाद रहे. आखिरी ओवर में भारत को जीत के लिए 8 रनों की जरूरत थी. उल्वा और चिगुरुपति वेंकट ने संयम बनाए रखा और स्थिति को ऐसी जगह ला दिया, जहां आखिरी गेंद पर 3 रनों की जरूरत थी. इसके बाद उल्वा ने विजयी चौका जड़कर टीम को जीत दिलाई.
रायचंदानी ने भी फैंस को उनके समर्थन के लिए धन्यवाद दिया और उनसे टीम का साथ बनाए रखने की अपील की. उन्होंने कहा,"मैं फैंस को उनके समर्थन के लिए धन्यवाद देता हूं और उनसे गुजारिश करता हूं कि वे हमारा समर्थन करना जारी रखें."
इससे पहले, उस्मान खान के 107, अब्दुल कादिर के 80 और कप्तान फरहान यूसुफ के 63 रनों की बदौलत पाकिस्तान ने 337/9 का स्कोर खड़ा किया. भारत की ओर से काव्या पटेल ने 4 विकेट लिए, जबकि चिगुरुपति वेंकट ने 3 विकेट चटकाए.
यह भी पढ़ें: क्या मोहसिन नकवी के हाथों भारत ने उठाई U-19 एशिया कप ट्रॉफी? जानें प्रेजेंटेशन सेरेमनी में क्या हुआ
यह भी पढ़ें: रोमांच की सारी हदें हुई पार, मनल-मोहित की जोड़ी ने पाकिस्तान के मुंह से छिनी जीत, भारत बना चैंपियन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं