एशियन गेम्स 2026 की क्रिकेट स्पर्धा में आज (25 सितंबर) ग्रुप 'ए' का चौथा मुकाबला अफगानिस्तान और नेपाल के बीच निशिन में खेला गया. जहां अपने से काफी कमजोर नेपाल के खिलाफ अफगान टीम को शिकस्त का सामना करना पड़ा. जिसके बाद उसकी क्रिकेट जगत में जमकर किरकिरी हो रही है. निशिन में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगान टीम 20 ओवरों में सात विकेट के नुकसान पर 102 रन बनाने में कामयाब हुई थी. विपक्षी टीम की तरफ से जीत के लिए मिले 103 रनों के लक्ष्य को नेपाल की टीम 17.2 ओवरों में पांच विकेट के नुकसान पर आसानी से प्राप्त कर लिया. अफगान टीम के खिलाफ मिली नेपाल की इस ऐतिहासिक जीत में बात करें उन पांच खिलाड़ियों के प्रदर्शन के बारे में जिनकी वजह से नेपाल की टीम बाजी मारने में कामयाब रही, तो उनके नाम कुछ इस प्रकार हैं-
कुशल भुर्तेल
मैच के दौरान कुशल भुर्तेल ने नेपाल की तरफ से कुल चार ओवरों की गेंदबाजी की. इस बीच 5.25 की इकोनॉमी से महज 21 रन खर्च करते हुए सर्वाधिक चार सफलता प्राप्त करने में कामयाब रहे. भुर्तेल की दमदार गेंदबाजी का परिणाम यह रहा कि विपक्षी छोटे स्कोर पर ही निपट गई. मैच के दौरान भुर्तेल के शिकार फैसल खान अहमदजई (30), नजीबउल्लाह जदरान (30), मोहम्मद इशाक (07) और दरवेश रसूली (01) बने.
ललित राजबंशी
कुशल भुर्तेल से पहले ललित राजबंशी का ही मैदान में कहर देखने को मिला. उन्होंने टीम के लिए कुल चार ओवरों की गेंदबाजी करते हुए तीन सफलता प्राप्त की. इस बीच केवल 13 रन खर्च किए. राजबंशी के शिकार जो बल्लेबाज बने. वो सभी बल्लेबाज अफगान टीम के शिर्ष क्रम के बल्लेबाज थे. जिसमें मोहम्मद अकरम (02), हसन इसाखिल (00) और करीम जनत (09) का नाम शामिल है.
संदीप जोरा
विपक्षी टीम की तरफ से जीत के लिए मिले 103 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए नेपाल की शुरुआत भी कुछ खास नहीं हुई थी. दोनों सलामी बल्लेबाज 3.1 ओवरों में ही 12 रन के कुल योग पर पवेलियन लौट गए थे. जिसके बाद तीसरे क्रम पर बल्लेबाजी करने आए संदीप जोरा ने ना केवल पारी को संवारा, बल्कि 35 गेंदों में 34 रनों की जुझारू पारी खेली. जिसमें तीन चौके और एक छक्का शामिल रहा.
रोहित पॉडेल
संदीप जोरा के बाद नेपाल की तरफ से दूसरे सर्वोच्च स्कोरर रोहित पॉडेल रहे. जिन्होंने पांचवें क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए 32 गेंदों में 33 रनों की शानदार पारी खेली और टीम को जीत दिलाकर ही वापिस लौटी. जिसमें चार चौके शामिल रहे.
दीपेंद्र सिंह ऐरी
कैप्टन दीपेंद्र सिंह ऐरी ने 18 गेंदों में 15 रनों का योगदान दिया. गेंदबाजों के मुफीद पिच पर इस पारी को कम आंका नहीं जा सकता है. इसके अलावा उन्होंने मैच के दौरान जिस तरह से कप्तानी की. वह भी काबिले तारीफ है.
यह भी पढ़ें- यशस्वी बाहर, गायकवाड़ को प्रमोशन! CSK के पूर्व स्टार ने चुनी भारत की प्लेइंग XI
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं