भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में Tata Motors ने अपनी कॉम्पैक्ट सेडान Tigor को बिल्कुल नए रूप और नाम के साथ पेश कर दिया है. कंपनी ने इसे अब Tata Aeris नाम से लॉन्च किया है. इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत मात्र 5.29 लाख रुपये रखी गई है. हालांकि, इसके सबसे टॉप वेरिएंट की कीमत 9.19 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) तक जाती है. इस नई सेडान की बुकिंग आज से ही शुरू कर दी गई है. हालांकि, इसकी डिलीवरी नवरात्रि के पहले दिन से देश भर के ग्राहकों को मिलनी शुरू होगी. ग्राहकों के लिए ये कार पांच वेरिएंट Smart, Pure, Pure+, Creative और Accomplished ऑप्शन्स में उपलब्ध होगी.
Tata Aeris सेडान कंपनी के सबसे मॉडर्न X-Alpha आर्किटेक्चर पर बनाई गई है. इसे केवल पर्सनल बायर्स के लिए ही बेचा जाएगा. हालांकि, कमर्शियल सेगमेंट और टैक्सी इंडस्ट्री के लिए पुरानी Tigor को Express नाम के साथ बेचना जारी रखा जाएगा. बाजार में लॉन्च होने के बाद Tata Aeris का सीधा मुकाबला हमेशा की तरह Maruti Suzuki Dzire और Honda Amaze जैसी दिग्गज सेडान कारों से होगा.
Tata Aeris का नया और स्टाइलिश डिजाइन
पुरानी Tigor के मुकाबले Tata Aeris के फ्रंट और रियर प्रोफाइल को पूरी तरह से अपग्रेड किया गया है. इसमें एक बिल्कुल नई स्टाइलिश फ्रंट ग्रिल दी गई है, जो इसकी हैचबैक बहन Tiago से काफी मिलती-जुलती है. इसके अलावा हेडलैंप्स, LED DRLs और फॉग लैंप्स को भी नया मेकओवर दिया गया है. पीछे की तरफ इसमें सबसे मॉडर्न कनेक्टेड लाइट स्ट्रिप और बिल्कुल नए एलईडी टेल-लाइट्स दिए गए हैं. साथ ही, इसमें ब्लैक-आउट अलॉय व्हील्स का एक नया स्पोर्टी सेट दिया गया है, जो कार को एक प्रीमियम सेडान लुक देता है.

खराब रास्तों और गड्ढों से निपटने के लिए इसमें 170 mm का बेहतरीन ग्राउंड क्लीयरेंस दिया गया है. ये कार 6 कलर्स में बिकेगी. इसमें Dandell Drizzle, Nitro Crimson, Dune Glow, Daytona Grey, Pure Grey और Pristine White शामिल हैं.
प्रीमियम और एडवांस फीचर्स से लैस केबिन
कंपनी ने कहा है कि केबिन के भीतर कदम रखते ही आपको एक बेहद मॉडर्न कारों जैसा अहसास मिलेगा. इसमें फैब्रिक-प्रेरित प्रीमियम डैशबोर्ड, नया टू-स्पोक स्टीयरिंग व्हील और एक Pale Beige व Grey कलर थीम का इंटीरियर मिलता है. केबिन के बीच में एक बड़ा 10.25-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और पूरी तरह से डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर दिया गया है. इसमें वायरलेस चार्जिंग ट्रे (दो स्मार्टफोन के लिए), स्टार्ट-स्टॉप बटन, क्रूज कंट्रोल, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, 360-डिग्री कैमरा, इन-बिल्ट डैशकैम रिकॉर्डिंग, सेगमेंट-फर्स्ट वेंटिलेटेड सीट्स, रियर एसी वेंट्स और 65W का सुपरफास्ट Type C चार्जर दिया गया है. इसके AMT वेरिएंट में एक नया रोटरी डायल गियर सेलेक्टर और स्पोर्टी ड्राइविंग के लिए पैडल शिफ्टर्स दिए गए हैं.

ट्विन सिलेंडर के साथ दमदार इंजन और CNG-AMT का मेल
Tata Aeris में बिल्कुल नया और रिफाइंड 1.2-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन दिया गया है. यही इंजन Tiago में भी इस्तेमाल किया जाता है. इसमें पेट्रोल के साथ-साथ CNG का भी ऑप्शन मिलता है. सबसे खास बात है कि कंपनी इसमें CNG-AMT का भी बेहतरीन कॉम्बिनेशन दे रही है. बूट स्पेस को पूरी तरह से बचाने के लिए टाटा की पेटेंट ट्विन-सिलेंडर तकनीक का उपयोग किया गया है. जिससे सीएनजी टैंक होने के बावजूद 70 लीटर का बूट स्पेस सामान रखने के लिए खाली मिल जाता है.
पेट्रोल मोड में ये इंजन 86 bhp की पावर और 113 Nm का टॉर्क जनरेट करता है, जबकि CNG मोड में ये 75 bhp की पावर और 96.5 Nm का टॉर्क जनरेट करने में सक्षम है. इसमें 5-स्पीड मैनुअल और 5-स्पीड AMT गियरबॉक्स का ऑप्शन मिलता है. ये कार सीधे सीएनजी मोड में भी स्टार्ट हो सकती है.
Tata Motors ने इस सेडान में कई सेफ्टी फीचर्स जोड़े हैं. इस कार के सभी वेरिएंट्स में 6 एयरबैग्स स्टैंडर्ड कर दिए गए हैं. इसके अलावा ब्लाइंड-स्पॉट मॉनिटरिंग, टॉर्क वेक्टरिंग, रोल-ओवर मिटिगेशन, हिल होल्ड कंट्रोल, कॉर्नरिंग स्टेबिलिटी कंट्रोल और आपातकालीन दुर्घटना के समय मदद के लिए पोस्ट-क्रैश SOS सपोर्ट जैसे फीचर्स दिए गए हैं.
ये भी पढ़ें- 24 Km का माइलेज, सुरक्षा 5 स्टार, कीमत 9.39 लाख से शुरू, ADAS के साथ आने वाली सबसे सस्ती कारें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं