पूर्व भारतीय कप्तान और टीम इंडिया के पूर्व चयनकर्ता कृष्णमाचारी श्रीकांत ने शुक्रवार को वैभव सूर्यवंशी को पर्याप्त मौके नहीं दिए जाने को लेकर चयनकर्ताओं और टीम प्रबंधन की आलोचना की. उन्होंने कहा कि वैभव में एक ऐसा मैच-विनर बनने की क्षमता है जो दुनिया भर में टेस्ट क्रिकेट को फिर से जीवित करने में मदद कर सकता है.
श्रीकांत की मानें तो वैभव को लगातार समर्थन मिलना चाहिए, न कि उसे एक मैच में चुनकर फिर बाहर कर देना चाहिए.
'बिजनेस ऑफ स्पोर्ट्स' पर आयोजित 16वें FICCI शिखर सम्मेलन में श्रीकांत ने कहा,"चयनकर्ता और टीम प्रबंधन उसके साथ जो कर रहे हैं, वह सही नहीं है. वे उसे प्रोत्साहित करने के बजाय हतोत्साहित कर रहे हैं, जो कि बिल्कुल गलत है. वे बहुत बड़ी गलती कर रहे हैं. वे उसे एक मैच खिलाते हैं और फिर अगले पांच मैचों में नहीं खिलाते. यह ठीक नहीं है."
1983 में विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे पूर्व ओपनर श्रीकांत ने आगे कहा कि टेस्ट क्रिकेट में सूर्यवंशी की सफलता दुनिया भर में इस सबसे लंबे प्रारूप के प्रति लोगों की दिलचस्पी फिर से जगा सकती है.
उन्होंने कहा,"अगर सूर्यवंशी टेस्ट क्रिकेट में सफल हो जाते हैं, तो इससे न केवल भारत में, बल्कि पूरी दुनिया में टेस्ट क्रिकेट को फिर से नई जान मिल सकती है. हाल ही में न्यूजीलैंड में, जब वह T20 मैच खेल रहे थे, तो उन्हें बल्लेबाजी करते देखने के लिए भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी. वह जहां भी जाते हैं, लोग उन्हें बल्लेबाजी करते देखने के लिए आते हैं.
श्रीकांत ने टीम प्रबंधन से आग्रह किया कि वे इस युवा खिलाड़ी को लगातार खेलने के मौके दें. उन्होंने जोर देकर कहा कि वैभव में ODI और टेस्ट क्रिकेट, दोनों खेलने की पूरी क्षमता है.
पूर्व चयनकर्ता ने आगे कहा,"इस लड़के ने आपके लिए बहुत शानदार प्रदर्शन किया है.उसे सारे मैच खेलने दें. क्या आप यह कहना चाहते हैं कि वह टेस्ट या वनडे क्रिकेट खेलने के लायक नहीं है? वह वनडे क्रिकेट में पक्का अच्छा प्रदर्शन करेगा. उसे 20 पारियां खेलने का मौका दें और उसे भरोसा दिलाएं कि उसे टीम से बाहर नहीं किया जाएगा. आप जो चाहें करें. यह लड़का अकेले दम पर आपके लिए पांच से सात मैच जिता सकता है." श्रीकांत ने आगे कहा,"अगर वह टेस्ट क्रिकेट में रन बनाता है, तो पूरी दुनिया में टेस्ट क्रिकेट को फिर से नई जान मिल जाएगी."
श्रीकांत ने कहा कि चयनकर्ताओं और टीम प्रबंधन को सूर्यवंशी को भारत के भविष्य का एक अहम हिस्सा मानना चाहिए, न कि उसके चयन को लेकर उसे अनिश्चितता में रखना चाहिए. श्रीकांत ने सौरव गांगुली और विराट कोहली को भारत के अब तक के दो सबसे बेहतरीन कप्तान बताया और राष्ट्रीय टीम पर उनके प्रभाव की तारीफ की. उन्होंने आगे कहा,"मुझे लगता है कि सौरव गांगुली और विराट कोहली भारत के अब तक के दो सबसे बेहतरीन कप्तान रहे हैं. सौरव गांगुली ने भारतीय क्रिकेट की तस्वीर बदल दी.वह एक शानदार कप्तान हैं."
श्रीकांत ने कहा,"विराट कोहली भी एक बेहतरीन कप्तान हैं.बस एक ही कमी रही कि वह वर्ल्ड कप नहीं जीत पाए. लेकिन अगर टेस्ट कप्तानी की बात करें, तो वह ऐसे कप्तान रहे जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया को उसी के घर में हराया, इंग्लैंड के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन किया - उन्होंने ऑस्ट्रेलिया को ऑस्ट्रेलिया में हराया, इंग्लैंड को इंग्लैंड में हराया, और दुनिया भर में शानदार काम किया. मुझे लगता है कि विराट मेरे देखे गए सबसे बेहतरीन कप्तानों में से एक हैं."
यह भी पढ़ें: फाइनल नहीं हुआ, फिर भी पाकिस्तान बना चैंपियन! भारतीय टीम ने प्रेजेंटेशन सेरेमनी का बहिष्कार किया
यह भी पढ़ें: 'हर किसी को खुश नहीं कर सकते...', मोहम्मद सिराज को प्लेइंग XI से बाहर रखने पर कपिल देव का बड़ा बयान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं