विज्ञापन

होर्मुज स्ट्रेट में भारतीय जहाजों पर हमलों से भारत नाराज, कहा- नाविकों की सुरक्षा सबसे जरूरी

पश्चिम एशिया के समुद्री रास्तों पर बढ़ते तनाव के बीच भारतीय नाविकों की सुरक्षा का मुद्दा सामने आया है. हाल के दिनों में दो जहाजों से जुड़ी घटनाओं ने समुद्र में काम करने वाले भारतीय कर्मचारियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं.

होर्मुज स्ट्रेट में भारतीय जहाजों पर हमलों से भारत नाराज, कहा- नाविकों की सुरक्षा सबसे जरूरी
भारतीय नाविकों पर हमले कि भारत ने निंदा की है.

होर्मुज स्ट्रेट में लगातार हो रहे जहाजों पर हमलों को लेकर भारत ने चिंता जताई है. भारतीय झंडे वाले जहाजों को निशाना बनाए जाने और भारतीय नाविकों की मौत व घायल होने की घटनाओं पर सरकार ने कड़ा रुख अपनाया है. भारत ने साफ कहा है कि समुद्र में काम करने वाले भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सबसे जरूरी है. विदेश मंत्रालय ने इन हमलों की निंदा करते हुए क्षेत्र में तनाव कम करने और बातचीत के जरिए शांति बहाल करने की अपील की है.

भारतीय नाविकों की मौत पर भारत ने जताई चिंता

शुक्रवार को नई दिल्ली में विदेश मंत्रालय की साप्ताहिक प्रेस ब्रीफिंग के दौरान प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि हाल के हमलों में भारतीय नाविकों की जान गई है और कुछ लोग घायल भी हुए हैं. कुछ घटनाओं में भारतीय झंडे वाले जहाजों को भी निशाना बनाया गया है. भारत ने वाणिज्यिक जहाजों पर इस तरह के हमलों को गलत बताते हुए उनकी कड़ी निंदा की है.

विदेश मंत्रालय ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुद्री रास्तों पर जहाजों की आवाजाही बिना किसी रुकावट के होनी चाहिए. इसके लिए अंतरराष्ट्रीय कानूनों का पालन जरूरी है. भारत इस मुद्दे पर कई संबंधित पक्षों के संपर्क में भी है.

फारस की खाड़ी में टैंकर पर हमला, तीन भारतीय सुरक्षित

18 नवंबर को लाइबेरिया के झंडे वाले कच्चे तेल के टैंकर MT नेविग-8 मेसी पर फारस की खाड़ी में होर्मुज स्ट्रेट के पास हमला हुआ था. जहाज पर एक प्रोजेक्टाइल से हमला किया गया. केंद्रीय बंदरगाह, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी दी.

उन्होंने बताया कि जहाज पर सवार तीन भारतीय नाविकों सहित चालक दल के सभी सदस्य सुरक्षित हैं. किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है. हालांकि एक भारतीय अधिकारी को प्राथमिक उपचार और चिकित्सकीय जांच के लिए अस्पताल भेजा गया.

मालवाहक जहाज डूबा, एक भारतीय नाविक अब भी लापता

इसी सप्ताह बुधवार को बाब-अल-मंदेब स्ट्रेट के पास मालवाहक जहाज अल-फतेह डूब गया था. इस हादसे में दो भारतीय नाविकों को सुरक्षित बचा लिया गया जबकि एक भारतीय नाविक अब भी लापता है. इस घटना ने समुद्री रास्तों पर काम कर रहे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है.

दुनिया के बड़े समुद्री कर्मचारी समुदायों में भारत

विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारतीय नाविकों की सुरक्षा और उनका कल्याण सरकार की प्राथमिकता है. भारत दुनिया के सबसे बड़े समुद्री कर्मचारी समुदायों में शामिल है और भारतीय नाविकों की संख्या के मामले में दुनिया में दूसरे स्थान पर है. ऐसे में समुद्री रास्तों पर बढ़ते हमलों का असर भारत के लिए भी गंभीर चिंता का विषय है. सरकार ने क्षेत्र में शांति बहाल करने के लिए सभी संबंधित पक्षों से बातचीत और कूटनीति का रास्ता अपनाने की अपील की है.

यह भी पढ़ें | ड्राइवर का बेटा सोरव कुमार बना DSP, पिता की मौत के बाद बहन ने पढ़ाया, अब J&K पुलिस में अफसर

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India News, Strait Hormuz Security
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com