विज्ञापन

बुमराह-पंत मैच फिटनेस की ओर? न्यूजीलैंड ए के खिलाफ इस मैच में दिखेंगे एक्शन में - रिपोर्ट

न्यूजीलैंड के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज की शुरुआत से पहले जसप्रीत बुमराह और ऋषभ पंत अनौपचारिक टेस्ट में खेलते नजर आ सकते हैं.

बुमराह-पंत मैच फिटनेस की ओर? न्यूजीलैंड ए के खिलाफ इस मैच में दिखेंगे एक्शन में - रिपोर्ट
तीसरे अनौपचारिक टेस्ट में खेल सकते हैं पंत-बुमराह

भारत के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और ऋषभ पंत मैच फिटनेस हासिल करने की तरफ तेजी से बढ़ रहे हैं और उनके भारत ए और न्यूजीलैंड ए के बीच होने वाले सीरीज के तीसरे अनौपचारिक टेस्ट में खेलने की संभावना है. यह मैच 7 से 10 नवंबर तक लिंकन में खेला जाएगा. हालांकि, पंत की भागीदारी बीसीसीआई मेडिकल स्टाफ से फिटनेस क्लीयरेंस मिलने पर निर्भर होगी. बता दें, ये दोनों खिलाड़ी न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली आगामी दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए भारतीय टीम का हिस्सा हैं. 

क्रिकइन्फो की रिपोर्ट के अनुसार, बुमराह के तीसरे अनौपचारिक टेस्ट में खेलने की उम्मीद है. इस मैच में ऋषभ पंत के भी शामिल होने की संभावना है. बुमराह और पंत दोनों ही इस समय बेंगलुरु में बीसीसीआई के 'सेंटर ऑफ एक्सीलेंस' में ट्रेनिंग कर रहे हैं. पंत शुक्रवार को सीओई पहुंचे, जबकि बुमराह सोमवार को वहां पहुंचे.

बुमराह का सीओई जाना, किसी भी सीरीज से पहले खिलाड़ियों के लिए जरूरी 'रिटर्न-टू-प्ले' की शर्तों को पूरा करने के लिए है. वह 1 नवंबर को न्यूजीलैंड के लिए उड़ान भरेंगे. बुमराह ने आखिरी बार अक्टूबर की शुरुआत में जापान में खेले गए एशियन गेम्स के दौरान हिस्सा लिया था, जहां भारत ने स्वर्ण पदक जीता था. वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू सीरीज और न्यूजीलैंड के मौजूदा दौरे के टी20 और वनडे मैचों के लिए चयनकर्ताओं ने उन्हें आराम दिया था. 

वहीं, ऋषभ पंत 'साइड स्ट्रेन'से उबर रहे हैं. उन्हें यह चोट ईरानी कप के दौरान लगी थी, जहां उन्होंने अक्टूबर के पहले हफ्ते में 'रेस्ट ऑफ इंडिया' टीम की कप्तानी करते हुए जम्मू-कश्मीर के खिलाफ जीत दिलाई थी. इस चोट के कारण पंत रणजी ट्रॉफी के पहले दौर में दिल्ली के लिए नहीं खेल पाए, और साथ ही न्यूजीलैंड 'ए' के ​​खिलाफ पहले दो अनौपचारिक टेस्ट मैचों से भी बाहर हो गए.

रिपोर्ट की मानें तो, पंत ने सीओई में हल्की ट्रेनिंग शुरू कर दी है, जिसमें बैटिंग ड्रिल शामिल हैं, हालांकि उन्होंने अभी तक विकेटकीपिंग शुरू नहीं की है. न्यूजीलैंड ए के खिलाफ पहले दो चार-दिवसीय मैचों के लिए, चयनकर्ताओं ने पंत की जगह झारखंड के कुमार कुशाग्र को टीम में शामिल किया था.

यह भी पढ़ें: 55 साल बाद बना ऐसा रिकॉर्ड, शादाब खान ने सबको चौंका दिया, जानें धोनी कितने नंबर पर

यह भी पढ़ें: पीवी सिंधू की नजर हाइलो ओपन खिताब पर, लक्ष्य सेन और आयुष शेट्टी भी दिखाएंगे दम

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India A, Jasprit Jasbirsingh Bumrah, Rishabh Rajendra Pant, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com