विज्ञापन

86,000 करोड़ रुपये का रोज का बिल ! एक कप कॉफी की कीमत तुम क्या जानो; आंकड़े देखकर उड़ जाएंगे होश

क्या आप जानते हैं कि दुनिया भर में रोज 86,000 करोड़ रुपये की कॉफी पी ली जाती है? भारत में रोजाना 263 टन खपत से लेकर फिनलैंड के नंबर-1 बनने तक, पढ़िए वर्ल्ड कॉफी डे पर इंटरनेशनल कॉफी संगठन के चौंकाने वाले आंकड़े.

86,000 करोड़ रुपये का रोज का बिल ! एक कप कॉफी की कीमत तुम क्या जानो; आंकड़े देखकर उड़ जाएंगे होश

जब सुबह आंख खुलती है, तो दुनिया भर में करोड़ों लोगों को सबसे पहले एक गर्म कप कॉफी की तलब लगती है.लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि जिस एक कप कॉफी को हम आराम से पी जाते हैं,वो सिर्फ एक ड्रिंक नहीं है बल्कि वो किसान के खेत से लेकर वॉल स्ट्रीट के शेयर बाजार तक को हिलाने वाली महाशक्ति भी है. एक दिलचस्प तथ्य ये भी है कि पारंपरिक रूप से चाय के दीवाने कहे जाने वाले भारत में भी अब इसका नशा लोगों के सिर चढ़कर बोल रहा है. आज आलम यह है कि देश में हर रोज करीब 263 टन कॉफी गटक ली जाती है. हालांकि, भारतीय सिर्फ कॉफी पीने के ही शौकीन नहीं हैं, बल्कि वे पूरी दुनिया को अपनी कॉफी का दीवाना भी बना रहे हैं. यही वजह है कि भारत अपनी कॉफी की कुल पैदावार का 70 फीसदी हिस्सा दुनिया भर के कपों में खुशबू बिखेरने के लिए एक्सपोर्ट कर देता है.वर्ल्ड कॉफी डे पर आप भी पढ़िए ये खास रिपोर्ट 

रोजाना का बिल 86,000 करोड़ रुपये 

अंतरराष्ट्रीय कॉफी संगठन (ICO) और ग्लोबल कंजम्पशन रिपोर्ट्स के अनुसार, पूरी दुनिया में हर दिन करीब 2.5 अरब कप कॉफी पी जाती है. इसे पीने वाले शौकीनों की संख्या भी 1 अरब के पार है. अगर इसके रोजाना के खर्च का हिसाब लगाएं, तो दुनिया भर में एक दिन की कॉफी का कुल बिल करीब 86,000 करोड़ रुपये (लगभग 10 अरब डॉलर) बैठता है. इतना ही नहीं, दुनिया भर में इस कॉफी को तैयार करने में रोजाना करीब 40 करोड़ लीटर पानी का इस्तेमाल हो जाता है.

Latest and Breaking News on NDTV

इस देश के लोग हैं सबसे बड़े 'कॉफी बाज'

भारत में अगर आपको लगता है कि आप दिन में दो-तीन कप कॉफी पीकर बड़े कॉफी लवर बन गए हैं, तो आपको फिनलैंड के लोगों का रूटीन हैरान कर देगा. इंटरनेशनल कॉफी ऑर्गनाइजेशन और वर्ल्ड पॉपुलेशन रिव्यू के आंकड़ों के मुताबिक,

फिनलैंड दुनिया में प्रति व्यक्ति सबसे ज्यादा कॉफी पीने वाला देश है. यहां एक व्यक्ति सालभर में औसतन 12 किलोग्राम कॉफी पी जाता है. एक सामान्य वयस्क रोजाना लगभग 3.77 कप कॉफी पीता है, और कामकाजी दिनों में तो यह आंकड़ा 4 से 9 कप तक पहुंच जाता है.

इसके बाद नॉर्वे, आइसलैंड, डेनमार्क और नीदरलैंड जैसे यूरोपीय देश आते हैं. हालांकि अगर आबादी के हिसाब से कुल खपत (Total Consumption) की बात करें, तो यूनाइटेड स्टेट्स ऑफ अमेरिका (USA) पूरी दुनिया में सबसे आगे है.
 

Latest and Breaking News on NDTV

भारत में रोज पी जाती है 263 टन कॉफी

भारत को सदियों से चाय प्रेमियों का देश माना जाता रहा है, लेकिन अब यहां की युवा पीढ़ी कॉफी की दीवानी हो चुकी है. कॉफी बोर्ड ऑफ इंडिया और क्रिसिल (CRISIL) की रिपोर्ट के अनुसार, साल 2024 में भारत की घरेलू कॉफी खपत 96,000 टन रहने का अनुमान है. इसका मतलब यह हुआ कि हमारे देश में रोजाना लगभग 263 टन कॉफी पी ली जाती है. एक खास बात ये भी है कि भारतीय कॉफी का स्वाद पूरी दुनिया में अपनी अलग पहचान रखता है. यही वजह है कि भारत अपनी कुल कॉफी पैदावार का करीब 70 प्रतिशत से ज्यादा हिस्सा विदेशों में निर्यात कर देता है.

स्टारबक्स और नेस्ले का दबदबा, अरबों डॉलर का साम्राज्य

कॉफी के इस विशाल वैश्विक बाजार पर कुछ चुनिंदा कंपनियों का एकछत्र राज है. स्टारबक्स (Starbucks) की वित्तीय वर्ष 2024 की सालाना रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी ने 36.53 बिलियन अमेरिकी डॉलर यानी लगभग 3 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का भारी-भरकम राजस्व हासिल किया है. दुनिया के 80 से अधिक देशों में स्टारबक्स के 38,000 से ज्यादा स्टोर चल रहे हैं. वहीं खाद्य और पेय क्षेत्र की दिग्गज कंपनी नेस्ले (Nestlé) का ब्रांड नेस्कैफे (Nescafé) दुनिया भर के 188 से ज्यादा देशों में सबसे बड़ा मार्केट शेयर अपने नाम किए बैठा है. इसके अलावा जेडी पीट'स (JDE Peet's) दुनिया की सबसे बड़ी 'प्योर-प्ले' कॉफी और चाय कंपनी के तौर पर 100 से अधिक देशों में अपना कारोबार फैला चुकी है.इन कंपनियों के संबंध में कोई भी निगेटिव खबर कई देशों के शेयर बाजार को हिला कर रख देती है...जाहिर अगली बार जब आप कॉफी की चुस्की लें तो ध्यान रखें इस एक कप कॉफी की 'कीमत' क्या है? 
ये भी पढ़ें: भारतीय हीरो कैप्टन स्मित की मुरीद हो गई दुनिया, राष्ट्र प्रमुखों से लेकर आम आदमी तक ऐसे दे रहा है दुआएं

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Coffee A Day, Coffee Addition, Coffee Board Of India, International Coffee Day
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com