विज्ञापन

IPL 2026: दिल्ली कैपिटल्स की बढ़ी टेंशन, मिचेल स्टार्क मिस करेंगे ओपनर? कप्तान अक्षर पटेल ने कही ये बात

Delhi Capitals Waiting for Mitchell Starc: दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के हेड कोच हेमांग बदानी ने बताया है कि फ्रेंचाइजी ऑस्ट्रेलिया के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क के आने का इंतजार कर रही है.

IPL 2026: दिल्ली कैपिटल्स की बढ़ी टेंशन, मिचेल स्टार्क मिस करेंगे ओपनर? कप्तान अक्षर पटेल ने कही ये बात
Delhi Capitals Pre Season Press Confrence

Delhi Capitals Pre Season Press Confrence: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होगी. दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के हेड कोच हेमांग बदानी ने बताया है कि फ्रेंचाइजी ऑस्ट्रेलिया के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क के आने का इंतजार कर रही है. इसके साथ ही डीसी को क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) से नो-ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (एनओसी) मिलने का भी इंतजार है. 36 वर्षीय स्टार्क को दिल्ली कैपिटल्स की तेज गेदबाजी का मुख्य हथियार माना जा रहा था, लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक वह आईपीएल 2026 का कम से कम शुरुआती दौर मिस करेंगे, क्योंकि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया एक व्यस्त इंटरनेशनल सीजन से पहले उनके वर्कलोड पर नजर रखे हुए है. उनकी गैरमौजूदगी का मतलब होगा कि डीसी को अपनी गेंदबाजी योजनाओं में बदलाव करना होगा.

स्टार्क पिछले सीजन में फ्रेंचाइजी के लिए दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज थे, जिन्होंने 11 मुकाबलों में 14 विकेट निकाले. डीसी ने 2025 के एडिशन से पहले नीलामी में उन्हें 11.75 करोड़ रुपए में खरीदकर टीम में बनाए रखा था. दिल्ली कैपिटल्स 1 अप्रैल को इकाना क्रिकेट स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मुकाबले के साथ अपने अभियान की शुरुआत करेगी.

सोमवार को प्री-सीजन प्रेस कॉन्फ्रेंस में बदानी ने कहा,"मिचेल स्टार्क के मामले में, हम क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से जवाब मिलने का इंतजार कर रहे हैं. हम उनके क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से एनओसी मिलने का इंतजार कर रहे हैं. एक बार जब उन्हें वह मिल जाएगा, तो हमें पता चल जाएगा कि क्या हो रहा है और वह टीम के साथ कब जुड़ेंगे. हम लगातार उनके संपर्क में हैं. हमारे पास अपडेट हैं- जैसे कि वह बॉलिंग कर रहे हैं, उन्होंने दो दिन पहले बॉलिंग की थी. लेकिन जब तक क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया उन्हें खेलने के लिए फिट होने का सर्टिफिकेट नहीं दे देता, तब तक फ्रेंचाइजी बहुत ज्यादा कुछ नहीं कर सकती."

डीसी के क्रिकेट डायरेक्टर वेणुगोपाल राव ने कहा है कि जैसे ही आईपीएल 2026 के लिए स्टार्क का आना पक्का हो जाएगा, टीम इस बारे में अपडेट देगी. उन्होंने कहा,"नहीं, वह आ रहे हैं. वह वर्कलोड और फिटनेस दोनों मामलों में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से मंजूरी मिलने का इंतजार कर रहे हैं. हम पूरी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं. जैसे ही कोई अपडेट आएगा, हम आपको बता देंगे."

डीसी के कप्तान अक्षर पटेल ने उम्मीद भरा लहजा अपनाते हुए कहा कि स्टार्क को 1 अप्रैल से पहले कभी भी एनओसी मिल सकती है. उन्होंने यह भी कहा कि भारत के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज टी. नटराजन को स्टार्क की जगह टीम में शामिल करना, कहने में जितना आसान लगता है, करने में उतना आसान नहीं है.

कप्तान ने कहा, "अभी उन्हें (स्टार्क) एनओसी नहीं मिली है, लेकिन हमें बताया गया है कि उन्हें एनओसी मिल जाएगी. इसलिए हम बस उस अपडेट का इंतजार कर रहे हैं, और अगर वह नहीं आते हैं, तो मुझे नहीं लगता कि ऐसा कोई दबाव है कि प्लेइंग इलेवन में सिर्फ बाएं हाथ के गेंदबाज की जगह बाएं हाथ का गेंदबाज ही आएगा. हम टीम के कॉम्बिनेशन, चार विदेशी खिलाड़ियों और भारतीय खिलाड़ियों के संतुलन के बारे में सोच-समझकर ही मैदान पर उतरेंगे." 

यह भी पढ़ें: विराट कोहली ने IPL 2026 के दौरान लंदन जानें की अफ़वाहों को लेकर तोड़ी चुप्पी

यह भी पढ़ें: IPL 2026: चार धुरंधर जिन्होंने आईपीएल के एक सीजन में ठोके 800 से ज्यादा रन, लिस्ट में ये दो भारतीय

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com