Prithvi Shaw's Emotional Delhi Capitals Homecoming: भारतीय ओपनर पृथ्वी शॉ ने फैंस के लिए एक भावुक मैसेज लिखा है. शॉ इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 19वें सीजन के लिए अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स के कैंप में शामिल होने जा रहे हैं. दाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज को ऑक्शन में दिल्ली ने 75 लाख रुपये में खरीदा है. आईपीएल 2026 का आगाज 28 मार्च से होने जा रहा है. पृथ्वी शॉ का दिल्ली के साथ लंबा जुड़ाव सात सीजन के बाद खत्म हो गया था. आईपीएल 2025 के ऑक्शन से पहले दिल्ली ने 26 वर्षीय बल्लेबाज को रिलीज कर दिया था. इसके बाद आईपीएल 2025 के ऑक्शन में शॉ को खरीदने के लिए किसी भी टीम ने दिलचस्पी नहीं दिखाई थी. यही वजह रही थी कि पिछले सीजन पृथ्वी शॉ इस लीग में खेलते हुए नजर नहीं आए थे.
आईपीएल 2026 ऑक्शन की शुरुआत में भी टीमें पृथ्वी शॉ पर दांव लगाने से बचती नजर आई थीं. हालांकि, शॉ की किस्मत ने एक्सीलरेटेड फेज (तेज गति से होने वाला ऑक्शन) में साथ दिया था. इस आखिरी राउंड में चुने गए 11 खिलाड़ियों में से एक शॉ भी थे और उन्हें दिल्ली कैपिटल्स ने 75 लाख की बोली लगाते हुए अपनी टीम में शामिल किया.
Our boy is back home 💙🥹 pic.twitter.com/dKpFmCwOIV
— Delhi Capitals (@DelhiCapitals) March 22, 2026
दिल्ली कैपिटल्स ने रविवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' पर शॉ की वापसी का एक वीडियो शेयर किया, जिसके कैप्शन में लिखा,"हमारा लड़का घर लौट आया है." दिल्ली द्वारा जारी एक वीडियो में शॉ ने कहा,"कोटला जैसी जगह को आप कभी नहीं भूलते. न वहां के शोर को, न वहां की खामोशी को, और न ही इस बात को कि इस जगह ने आपको क्या बनाया. कुछ कहानियां खत्म नहीं होतीं. वे वापस आती हैं. दिल्ली, तुम्हारा लड़का घर लौट आया है."
2018 में भारत के अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने के बाद हुए ऑक्शन में दिल्ली की टीम ने शॉ को 1.2 करोड़ रुपये में खरीदा था. उस वर्ल्ड कप में शॉ ने कप्तान के तौर पर टीम की अगुवाई की थी. शॉ ने दिल्ली कैपिटल्स के साथ सात सीजन बिताए, जिसमें उन्होंने कुल 79 मुकाबलों में 1892 रन बनाए. इस दौरान उनका औसत 23.95 और स्ट्राइक रेट 147 का रहा. दिल्ली की तरफ से खेलते हुए शॉ ने 14 अर्धशतक लगाए हैं.
पिछले सीजन दिल्ली कैपिटल्स प्लेऑफ में जगह बनाने से चूक गई थी. अक्षर पटेल की कप्तानी में दिल्ली ने 14 में से 7 मैच जीते थे और पांचवें स्थान पर रहते हुए टूर्नामेंट का अंत किया था. दिल्ली की टीम अब तक एक बार फिर आईपीएल के खिताब को अपने नाम नहीं कर सकी है. ऐसे में इस सीजन टीम खिताब के सूखे को खत्म करना चाहेगी. दिल्ली आईपीएल 2026 में अपने अभियान का आगाज 1 अप्रैल को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ करेगी.
यह भी पढ़ें: IPL 2026: ऋषभ पंत करेंगे बड़ा बदलाव, 'करो या मरो' सीजन में नए रोल में आएंगे नजर- रिपोर्ट
यह भी पढ़ें: IPL 2026: आकाश दीप को रिप्लेस करेगा पूर्व MI स्टार! KKR की नजर इन दो खिलाड़ियों पर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं