इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) के 19वें संस्करण का आगाज होने से पहले ही मंगलवार का दिन टूर्नामेंट के लिए बहुत ही ऐतिहासिक रहा. जहां पहले राजस्थान रॉयल्स बिकने वाली इतिहास की पहली टीम बनी, तो इसके कुछ घंटे बाद ही विराट कोहली की रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बिकने की भी खबर आ गई. आदित्य बिड़ला समूह (ABG), द टाइम्स ऑफ इंडिया समूह (ToI), बोल्ट वेंचर्स (Bolt) और ब्लैकस्टोन की परपेचुअल प्राइवेट इक्विटी रणनीति (BXPE, ब्लैकस्टोन) ने संयुक्त रूप से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को खरीद लिया है. इस लेनदेन का मूल्य 1.78 अरब अमेरिकी डॉलर है, जो भारतीय मुद्रा में लगभग 16,706 करोड़ रुपये बैठता है. एक अग्रणी बेवसाइट के अनुसार उपरोक्त चारों समूहों के एक कंसोर्टियम ने यूके की डियाजियो पीएलसी की सहायक कंपनी यूनाइटेड स्पिरिट्स लिमिटेड (USL) के साथ आरसीबी में 100 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल करने के लिए एक निर्णायक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं. इस अधिग्रहण में आईपीएल और डब्ल्यूपीएल की पुरुष और महिला दोनों टीमें शामिल हैं.
नई मालिकाना व्यवस्था के तहत आदित्य बिड़ला समूह के निदेशक आर्यमन विक्रम बिड़ला अध्यक्ष के रूप में कार्य करेंगे, जबकि टाइम्स ऑफ इंडिया समूह के सत्यन गजवानी उपाध्यक्ष की भूमिका निभाएंगे. कंसोर्टियम में बोल्ट वेंचर्स के संस्थापक डेविड ब्लिट्ज़र और BXPE के सीईओ वायरल पटेल भी शामिल हैं. आरसीबी टीम की बिक्री कुछ परंपरागत समापन शर्तों के अधीन हुई है. इसमें भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के साथ-साथ प्रतिस्पर्धा आयोग (CCI) और अन्य लागू नियामक प्राधिकरणों की मंजूरी शामिल है.
आदित्य बिड़ला समूह के अध्यक्ष कुमार मंगलम बिड़ला ने एक बयान में कहा,'पिछले दो दशकों में आईपीएल एक वैश्विक खेल महाशक्ति के रूप में विकसित हुआ है, जिसने भारतीय क्रिकेट का चेहरा बदल दिया है और इसने भारत के लिए जबरदस्त मूल्य सृजित किया है. आधुनिक खेल जगत की सबसे प्रभावशाली फ्रेंचाइज़ियों में से एक आरसीबी, आदित्य बिड़ला समूह को वैश्विक खेल के क्षेत्र में संस्थान-निर्माण की अपनी विरासत को आगे बढ़ाने का एक विशिष्ट मंच प्रदान करती है. हम इस संपत्ति के संरक्षक बनने पर प्रसन्न हैं और इस असाधारण विरासत को और आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं.'
वहीं, टाइम्स इंटरनेट लिमिटेड के चेयरमैन सत्यन गजवानी ने कहा, 'आरसीबी मौजूदा चैंपियन है और आईपीएल में सबसे लोकप्रिय ब्रांड है. द टाइम्स ऑफ इंडिया समूह, अपने साझेदारों के साथ मिलकर, आरसीबी को एक वैश्विक खेल संस्थान के रूप में विकसित करेगा. साथ ही बेंगलुरु, कर्नाटक और उसके अद्भुत प्रशंसक आधार से जुड़े रहेंगे. हम उन लोगों के प्रति प्रतिबद्ध हैं जिन्होंने इस चैंपियनशिप जीतने वाली संस्कृति को बनाया है. ये लोग खिलाड़ी, कोच, नेतृत्व टीम और प्रशंसक है. हम शनिवार को खिताब की रक्षा के लिए मैदान में उतरने वाली टीम का समर्थन करने को लेकर उत्साहित हैं.'
राजस्थान रॉयल्स की कीमत 15000 करोड़ रुपये से ज़्यादा
मंगलवार दोपहर ख़बर आई कि IPL के 19वें सीज़न से पहले अमेरिकी बिज़नेसैन काल सोमानी, वॉलमार्ट और हैम्प फैमिली (फोर्ड से जुड़ा परिवार) कंसोर्टियम ने राजस्थान रॉयल्स की 100 फ़ीसदी हिस्सेदारी अपने नाम कर ली है. राजस्थान की कीमत 1.63 बिलियन डॉलर या तकरीबन 15,290 करोड़ रुपये लगाई गई है. ये कीमत तकरीबन उसकी पहली कीमत से 24 गुना ज़्यादा बताई गई. सोमानी इंट्राएज, एकैडेमिया और त्रुयो.AI के संस्थापक भी हैं जिन्होंने खरीदे जाने तक सबसे महंगी टीम के तौर पर राजस्थान के मालिकाना हक़ पर अपने नाम की महर लगा दी.
यह भी पढ़ें: 15,292 करोड़ में बिकी राजस्थान रॉयल्स, 24 गुना ज्यादा कीमत में बिकी टीम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं