Iran-US Ceasefire LIVE: अमेरिका ने ईरान की सलाह लिए बिना सीजफायर की मियाद बढ़ा दी है. ट्रंप ने कहा है कि जबतक ईरान की ओर से कोई एक राय बनाने वाला प्रस्ताव नहीं आ जाता है तब तक सीजफायर जारी रहेगा. ट्रंप ने यह भी कहा कि ईरान चाहता है कि होर्मुज खुले लेकिन उनके दबाव की वजह से वह ऐसा नहीं कर पा रहा है. वहीं पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने लिखा, "मैं अपनी तरफ से और फील्ड मार्शल सैयद आसिम मुनीर की तरफ से प्रेसिडेंट ट्रंप को सीज़फ़ायर बढ़ाने की हमारी रिक्वेस्ट को इतनी मेहरबानी से मानने के लिए दिल से धन्यवाद देता हूं, ताकि चल रही डिप्लोमैटिक कोशिशें अपना काम कर सकें."
Iran- US Ceasefire Extention LIVE Updates:
'पाखंडी बयानबाजी' और धमकी के बीच वार्ता नहींः ईरानी राष्ट्रपति
ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर सीधा निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि ईरान हमेशा से बातचीत और समझौते का स्वागत करता रहा है, लेकिन वादों से मुकरना, नाकेबंदी और धमकियां वार्ता की राह में सबसे बड़ी बाधाएं हैं. उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया अमेरिका की अंतहीन पाखंडी बयानबाजी, उसके दावों और हरकतों के बीच का विरोधाभास देख रही है. पेजेशकियन ने कहा कि बदनीयती से घेराबंदी की नीति अपनाकर ईमानदारी से बातचीत संभव नहीं है. अंतरराष्ट्रीय समुदाय अमेरिका की खोखली बातों और उसकी कथनी-करनी के फर्क को अच्छी तरह समझ चुका है.
अमेरिका-ईरान सीजफायर संडे तक के लिए बढ़ा, इजरायल का दावा
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने बुधवार सुबह ईरान के साथ सीजफायर को आगे बढ़ाने का ऐलान किया था, लेकिन यह नहीं बताया था कि युद्धविराम कब तक के लिए बढ़ाया गया है. अब इजरायली अधिकारियों ने बताया है कि ये सीजफायर संडे तक के लिए बढ़ाया गया है. इस बारे में अमेरिका ने इजरायल को जानकारी दी है.
ट्रंप का दावाः ईरान ने 8 महिलाओं की फांसी रोकी, कहा थैंक्यू
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बेहद सकारात्मक खबर साझा करते हुए बताया है कि ईरान में आज रात आठ महिला प्रदर्शनकारियों को दी जाने वाली मौत की सजा रोक दी गई है. राष्ट्रपति ट्रंप के अनुसार, उनके विशेष अनुरोध का सम्मान करते हुए ईरानी नेतृत्व ने इन सजाओं को रद्द करने का फैसला किया है, जिसके तहत चार महिलाओं को तुरंत रिहा किया जाएगा और शेष चार को एक महीने की जेल की सजा दी गई है. इस मानवीय पहल के लिए ईरान और उसके नेताओं का आभार व्यक्त करते हुए राष्ट्रपति ट्रंप ने इस कदम की सराहना की है.
सैटलाइट तस्वीरों में दिखीं IRGC की हमलावर बोट्स
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में भारत आ रहे एक कंटेनर समेत तीन जहाजों पर ईरानी सेना की गोलीबारी और जब्त किए जाने की सैटलाइट तस्वीरें सामने आई हैं. इन तस्वीरों में होर्मुज के पास करगान तट के पास IRGC की 33 स्पीड बोट दिख रही हैं. दावा किया जा रहा है कि ये बोट हमले के बाद लौट रही थीं.


ईरानी नेताओं में मतभेद की बात कोरी झूठ, ट्रंप को ईरान का जवाब
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संघर्षविराम बढ़ाने का ऐलान करते हुए कहा था कि ईरान की लीडरशिप विभाजित है, इसीलिए वह कोई साझा प्रस्ताव पेश नहीं कर पा रहे हैं. अब इस पर ईरान के राष्ट्रपति कार्यालय ने प्रतिक्रिया दी है. राष्ट्रपति कार्यालय के प्रवक्ता ने ईरानी नेतृत्व में मतभेद की खबरों को पूरी तरह खारिज किया है और ऐसे दावों को 'झूठ' और 'राजनीतिक प्रोपेगेंडा' करार दिया है.
अमेरिका-ईरान के बीच राउंड 2 वार्ता शुक्रवार को: रिपोर्ट
अमेरिका और ईरान के बीच दूसरे दौर की इस्लामाबाद वार्ता शुक्रवार को हो सकती है. अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप और पाकिस्तानी सूत्रों के हवाले से न्यूयॉर्क पोस्ट ने ये दावा किया है. ट्रंप ने उम्मीद जताई है कि इस वार्ता में कोई अच्छी खबर मिल सकती है. बता दें कि ईरान का कहना है कि अभी तक उसने वार्ता में जाने का फैसला नहीं किया है. वह चाहता है कि अमेरिका पहले उसके बंदरगाहों की नाकाबंदी हटाए.
ईरान छोड़ दें... एयरस्पेस खुलते ही अमेरिका ने नागरिकों को दी सलाह
अमेरिका से तनातनी के बीच ईरान ने हवाई जहाजों के लिए अपना एयरस्पेस आंशिक रूप से खोल दिया है. इसके अमेरिकी विदेश विभाग ने अपने नागरिकों को सलाह दी है कि वह हवाई जहाजों या सड़क मार्ग के जरिए ईरान से निकल जाएं. नागरिकों को ईरान के अधिकारियों द्वारा रोकने या एग्जिट फीस वसूलने की कोशिश को लेकर भी आगाह किया गया है.
कच्चा तेल और 31 नाविकों को लेकर मुंबई पहुंचा "देश गरिमा" टैंकर
कच्चे तेल का टैंकर "देश गरिमा" बुधवार शाम को मुंबई बंदरगाह पर पहुंच गया. भारतीय ध्वज वाले इस बड़े कच्चे तेल के टैंकर में 97,422 मीट्रिक टन कच्चे तेल का स्टॉक लोड है और इस पर 31 भारतीय नाविक सवार हैं. मध्य पूर्व एशिया में जारी युद्ध के दौरान स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज से निकलकर सुरक्षित भारत पहुंचने वाला ये 10वां टैंकर है.
इस्लामाबाद वार्ता में जाने पर अभी तक फैसला नहींः ईरान
ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बक़ाई ने कहा है कि तेहरान ने अभी तक तय नहीं किया है कि वह इस्लामाबाद में पाकिस्तान की मध्यस्थता में होने वाली अगले दौर की वार्ता में शामिल होगा या नहीं. तस्नीम न्यूज़ एजेंसी के अनुसार, ईरान ने अमेरिका पर बदनीयती का आरोप लगाते हुए निंदा की है.
अमेरिकी नाकाबंदी फेल? ईरान से जुड़े 34 टैंकर चकमा देकर निकले पार
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप होर्मुज में ईरानी बंदरगाहों की नाकाबंदी को बेहद सफल बता रहे हैं, वहीं कार्गो ट्रैकिंग ग्रुप Vortexa के हवाले से फाइनेंशियल टाइम्स ने दावा किया है कि अमेरिकी नाकाबंदी शुरू होने के बाद से ईरान से संबंधित कम से कम 34 टैंकर चकमा देकर होर्मुज पार कर चुके हैं. इनमें कई ऐसे जहाज ईरानी तेल लेकर जा रहे थे.
ईरान ने होर्मुज में जब्त किए 2 जहाज, दी धमकी
अमेरिका की तरफ से सीजफायर बढ़ाने के ऐलान के बावजूद, होर्मुज में उस वक्त तनाव बढ़ गया जब ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने MSC‑FRANCESCA और EPAMINODES नाम के दो जहाजों को जब्त कर लिया. तीन जहाजों पर फायरिंग की भी खबर है. IRGC ने धमकी दी है कि हॉर्मुज में उसके द्वारा तय नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
ईरानी मंत्री ने बताया आम लोगों ने कैसे चुकाई जंग की कीमत
ईरान के मंत्री ने बताया है कि जंग के बीच ईरान में लाखों लोगों की नौकरियां गईं हैं. मंत्री के मुताबिक, युद्ध की वजह से ईरान में 20 लाख से ज़्यादा लोगों की नौकरी चली गई है. इससे पहले से ही पाबंदियों और इंटरनेट ब्लैकआउट से जूझ रही कमजोर इकॉनमी और भी ज़्यादा मुश्किल में पड़ गई है.
इस युद्ध ने ईरान के जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर को बहुत नुकसान पहुंचाया है. इसमें तेल और गैस की फैसिलिटी, पेट्रोकेमिकल इंडस्ट्री, स्टील प्लांट से लेकर एल्युमीनियम फैक्ट्रियां शामिल हैं. जनवरी में हुए विरोध प्रदर्शनों के दौरान इंटरनेट में रुकावट और 28 फरवरी को युद्ध शुरू होने के बाद से ब्लैकआउट ने भी डिजिटल इकॉनमी को ठप कर दिया है.
इसके बाद बड़े पैमाने पर छंटनी हुई है, ईरान के सोशल सिक्योरिटी ऑर्गनाइज़ेशन के पूर्व इकोनॉमिस्ट हादी कहलज़ादेह का अंदाज़ा है कि 10 से 12 मिलियन नौकरियां खतरे में हैं. ये ईरान की वर्कफोर्स का आधा है.
'वॉर्निंग को नजरअंदाज किया...' IRGC की ओर से कंटेनर शिप पर गोलीबारी के बाद ईरानी मीडिया
ईरानी मीडिया ने बताया है कि ओमान के तट पर IRGC गनबोट से जिस कंटेनर शिप पर फायरिंग की गई थी. उसने ईरानी सेना की चेतावनियों को नज़रअंदाज़ किया था.
ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य में एक कंटेनर जहाज पर हमला कर दिया. इस गोलीबारी में जहाज को नुकसान हुआ है. ब्रिटेन की सेना के यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (UKMTO) ने बताया कि ईरान की पैरामिलिट्री फोर्स इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने सुबह करीब 7:55 बजे तेल व्यापार के इस महत्वपूर्ण समुद्री रूट में जहाज पर हमला किया.
ओमान में IRGC ने जहाज पर की गोलीबारी, बिना चेतावनी फायरिंग का आरोप
यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (UKMTO) ने बताया कि ओमान से 15 नॉटिकल मील उत्तर-पूर्व में इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की गनबोट से गोलीबारी के बाद एक कंटेनर शिप के पुल को भारी नुकसान हुआ. जहाज के कप्तान ने बताया कि IRGC की एक गनबोट शिप के पास आई. इसने गोलीबारी शुरू करने से पहले VHF चैलेंज नहीं दिया.
UKMTO WARNING 041-26
— UKMTO Operations Centre (@UK_MTO) April 22, 2026
Click here to view the full Warning⤵️https://t.co/oXDfRxeBwc#MaritimeSecurity #Marsec pic.twitter.com/tguqtbkWRf
'US ईरानी पोर्ट्स पर अपनी नाकाबंदी खत्म करने के लिए तैयार', ईरान के UN एम्बेसडर आमिर सईद का दावा
ईरान के UN एम्बेसडर आमिर सईद ने कहा कि तेहरान को कुछ संकेत मिले हैं कि US ईरानी पोर्ट्स पर अपनी नाकाबंदी खत्म करने के लिए तैयार है और कहा कि अगले राउंड की बातचीत तभी होगी जब ऐसा होगा.
ईरान ने बातचीत पर कोई फैसला नहीं लिया है: ईरानी विदेश मंत्रालय
ईरान के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि तेहरान ने अभी तक यह तय नहीं किया है कि वह इस हफ़्ते के आखिर में अमेरिका के साथ होने वाली शांति वार्ता के नए दौर में शामिल होगा या नहीं. प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने बीबीसी से कहा कि ईरान इस्लामाबाद वार्ता के पहले दौर में अच्छी नीयत और गंभीरता के साथ गया था. लेकिन सामने वाला पक्ष की नीयत में वो बात नहीं दिखी.
ईरान ने अपनी शर्तों पर ट्रंप को सीजफायर बढ़ाने के लिए किया मजबूर- इसके 5 सबूत हैं
ट्रंप ने शांति वार्ता को अधिक समय देने के लिए ईरान के साथ अमेरिकी सीजफायर को बढ़ा दिया है. डोनाल्ड ट्रंप का कहना है कि वह ईरान के साथ सीजफायर को तब तक बढ़ाएंगे जब तक दोनों देशों के बीच बातचीत आगे नहीं बढ़ जाती. उन्होंने साफ शब्दों में कहा है कि जबतक ईरान की तरफ से "एकीकृत प्रस्ताव" अमेरिका के सामने पेश नहीं किया जाता, सीजफायर जारी रहेगा.
ईरान-अमेरिका में शांति वार्ता को लेकर तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव
US और ईरान के बीच शांति वार्ता की स्थिति साफ नहीं होने से बुधवार को शुरुआती एशियाई ट्रेडिंग में दुनिया भर में तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव देखा गया. मंगलवार को US प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वह ईरान के साथ सीज़फ़ायर तब तक बढ़ाएंगे जब तक दोनों देशों के बीच बातचीत आगे नहीं बढ़ जाती.
तेज़ी के साथ खुलने के बाद, ब्रेंट क्रूड 0.2% गिरकर $98.32 (£72.73) प्रति बैरल पर आ गया, जबकि वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट 0.3% गिरकर $89.41 पर आ गया.
जेडी वेंस का इस्लामाबाद दौरा रद्द
US के वाइस प्रेसिडेंट जेडी वेंस ने इस्लामाबाद जाने वाले अपने डिप्लोमैटिक मिशन को अनिश्चित काल के लिए कैंसिल कर दिया है. यह फैसला प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रंप के सीज़फायर बढ़ाने के ऐलान के बाद लिया गया है.
आपकी मेहरबानी है... ट्रंप ने बढ़ाई सीजफायर तो शहबाज शरीफ करने लगे शुक्रिया अदा
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की ओर से ईरान-अमेरिका सीजफायर की मियाद को बढ़ाने के बाद पाक पीएम शहबाज शरीफ ने लिखा, "मैं अपनी तरफ से और फील्ड मार्शल सैयद आसिम मुनीर की तरफ से प्रेसिडेंट ट्रंप को सीजफायर बढ़ाने की हमारी रिक्वेस्ट को इतनी मेहरबानी से मानने के लिए दिल से धन्यवाद देता हूं, ताकि चल रही डिप्लोमैटिक कोशिशें अपना काम कर सकें.
उन्होंने लिखा, "पाकिस्तान पर जो भरोसा और विश्वास दिखाया गया है, उसके साथ वह बातचीत से झगड़े को सुलझाने की अपनी पूरी कोशिशें जारी रखेगा."
'हारने वाला पक्ष शर्तें तय नहीं कर सकता है', ट्रंप के सीजफायर बढ़ाने पर क्या बोला ईरान?
ईरान के पार्लियामेंट स्पीकर के सलाहकार ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सीजफायर बढ़ाने के ऐलान को यह कहते हुए खारिज कर दिया है कि इसका कोई मतलब नहीं है और तेहरान को मिलिट्री तरीके से जवाब देना चाहिए.
स्पीकर मोहम्मद बाघेर गालिबाफ के सीनियर सलाहकार महदी मोहम्मदी ने कहा कि "हारने वाला पक्ष शर्तें तय नहीं कर सकता" और ईरानी पोर्ट्स पर US की नाकाबंदी को घेराबंदी कहा.
मोहम्मदी ने ट्रंप पर सीजफायर बढ़ाने को सरप्राइज स्ट्राइक के लिए समय खरीदने की चाल के तौर पर पेश किया है.