IPL के 19वें सीजन के शुरू होने से पहले दुनिया की सबसे अमीर क्रिकेट लीग के बाजार में बड़ा धमाका हुआ. आईपीएल की पहली चैंपियन टीम राजस्थान रॉयल्स की टीम को नया मालिक मिल गया. अमेरिकी बिजनेसमैन काल सोमानी, वॉलमार्ट और हैम्प फैमिली (फोर्ड से जुड़ा परिवार) को राजस्थन टीम की कमान मिल गई. लेकिन ये कीमत इतनी ज्यादा है कि इसे सुनकर टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष सौरव गांगुली भी दंग रह गए.
सबसे महंगी टीम!
राजस्थान की कीमत 1.63 बिलियन डॉलर या तकरीबन 15,290 करोड़ रुपये लगाई गई है. ये कीमत तकरीबन उसकी पहली कीमत से 24 गुना ज्यादा है. अमेरिका के काल सोमानी कंसोर्शियम ने इसकी 100 फीसदी हिस्सेदारी अपने नाम कर ली है. सोमानी इंट्राएज, एकैडेमिया और त्रुयो.AI के संस्थापक भी हैं. ये अबतक की सबसे महंगी बिकने वाली टीम बन गई है.
यह भी पढ़ेंः रिंकू सिंह यूपी में बनेंगे रीजनल स्पोर्ट्स ऑफिसर, इन 6 खिलाड़ियों को भी मिलेगी सरकारी नौकरी
‘2008 के पूरे IPL से ज्यादा कीमत'
2008 के मुकाबले राजस्थान की कीमत इस बार 24 गुना ज्यादा आंकी गई. 2008 में राजस्थान की कीमत 67 मिलियन अमेरिकी डॉलर यानी 320 करोड़ रुपये थी.
सौरव गांगुली को ये खबर तब मिली जब वो ‘जैक्सन ग्रुप' के ब्रैंड एंबेसेडर घोषित किए जा रहे थे. प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ही उन्होंने NDTV के सवाल पर पूछा कि राजस्थान टीम को किसने और कितने में खरीदा है. जब उन्हें बताया गया कि राजस्थान टीम की कीमत तकरीबन 15,290 करोड़ रुपये या 1.63 बिलियन डॉलर है तो वो दंग रह गए.
सौरव गांगुली ने कहा, “आप देखिए आईपीएल कितना आगे बढ़ गया है और ये बढ़ता ही जाएगा.” सौरव ने ये भी कहा कि तब पूरे आईपीएल की कीमत 1.1 बिलियन डॉलर (करीब 4400 करोड़ रुपये थी) जितनी थी और आज उससे ज्यादा एक टीम की कीमत हो गई है. सौरव का मानना था कि आईपीएल को लेकर जितना टैलेंट देखने को मिला है और जितना लोकप्रिय टी-20 हो गया है उस हालत में आईपीएल का रुतबा और भी बढ़ता ही जाएगा.
यह भी पढ़ेंः 'उन्हें हर बात पर RUDE होने की जरूरत नहीं', सौरव गांगुली ने गौतम गंभीर की इमेज पर कही ये बात
‘याद आ गई पहली गेंद!'
राजस्थान की कीमत ने दादा को 2008 में खेली गई आईपीएल की पहली गेंद भी याद दिला दी. 2008 में बेंगलुरु में खेले गए आईपीएल के पहले मैच की पहली गेंद का सामना सौरव गांगुली ने किया था. पहली गेंद बैंगलोर टीम के लिए प्रवीण कुमार ने डाली थी. दादा ने याद किया कि कैसे उनकी टीम ने बैंगलोर को उस पहले मैच में 140 रनों से हरा दिया था. उस मैच में ब्रेंडन मैक्कलम ने 73 गेंदों पर 10 चौके और 13 छक्कों के सहारे 158 रन बनाये थे.
राजस्थान टीम में बदलाव
इस बीच राजस्थान ने चोटिल सैम करन की जगह दासुन शनाका को टीम में शामिल करने का ऐलान किया है. सैम करन और रविंद्र जडेजा पिछले साल चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा थे और फिर राजस्थान में शामिल कर लिए गए थे. चेन्नई टीम ने इनकी जगह संजू सैमसन को ट्रेड का हिस्सा बनाया था.
यह भी पढ़ेंः IPL 2026 में कितनी है Vaibhav Suryavanshi की सैलरी? जानिए कुल नेटवर्थ
राजस्थान का पहला मैच चेन्नई से
राजस्थान की टीम इस सीजन अपने पहले मैच में चेन्नई से टक्कर लेगी. पहले आईपीएल की चैंपियन राजस्थान और पांच बार की चैंपियन चेन्नई के बीच पहला मैच 30 मार्च को गुवाहाटी में खेला जाएगा. पिछला सीजन दोनों ही टीमों के लिए बेकार रहा था. राजस्थान की टीम 2025 में 9वें और चेन्नई टीम 10वें नंबर पर रही थी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं