MP News: मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले से एक दुखद और सनसनीखेज खबर सामने आई है. खंडवा‑बुरहानपुर संसदीय क्षेत्र से बीजेपी सांसद ज्ञानेश्वर पाटील के छोटे भाई विश्वनाथ उर्फ बाडू पाटील की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. उनका शव उनके ही खेत में स्थित कुंए से बरामद किया गया. घटना की खबर फैलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग शोक जताने सांसद के निवास पर पहुंचने लगे. फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और मौत के कारणों का पता लगाया जा रहा है. बुरहानपुर से NDTV के लिए शारिक अख्तर दुररानी की रिपोर्ट.

BJP MP Gyaneshwar Patil Brother Death: विश्वनाथ पाटिल की मौत
खेत के कुंए से मिला शव, इलाके में सनसनी
यह मामला बुरहानपुर जिले का है, जहां बीजेपी सांसद ज्ञानेश्वर पाटील के छोटे भाई विश्वनाथ उर्फ बाडू पाटील की संदिग्ध हालात में मौत हो गई. बताया जा रहा है कि विश्वनाथ पाटील अचानक लापता हो गए थे. जब काफी देर तक उनका कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी थी.
खंडवा लोकसभा क्षेत्र से सांसद श्री @GyaneshwarBJP जी के छोटे भाई श्री विश्वनाथ पाटिल जी के आकस्मिक निधन का समाचार अत्यंत दुःखद हैं। शोकमय परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं।
— Hemant Khandelwal (@Hkhandelwal1964) April 22, 2026
ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में विश्रांति व परिवार को यह आघात सहन करने…
तलाश के दौरान कुंए में दिखा शव
पुलिस और परिजन जब खोजबीन कर रहे थे, उसी दौरान मृतक की चप्पल उनके खेत के पास पड़ी मिली. इससे अनहोनी की आशंका गहराने लगी. पुलिस ने तत्काल गौताखोरों की मदद से खेत में बने कुंए में सर्च ऑपरेशन शुरू कराया. करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद कुंए से एक शव बाहर निकाला गया. शव बाहर निकलते ही परिजनों ने उसकी पहचान विश्वनाथ उर्फ बाडू पाटील के रूप में की.

BJP MP Gyaneshwar Patil Brother Death: विश्वनाथ पाटिल की मौत
सूचना मिलते ही गांव में मचा हड़कंप
शव की पहचान होते ही गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक और हड़कंप का माहौल बन गया. बड़ी संख्या में ग्रामीण, परिचित और स्थानीय नेता सांसद ज्ञानेश्वर पाटील के घर पहुंचकर शोक संवेदना जताने लगे. बताया जा रहा है कि सांसद ज्ञानेश्वर पाटील उस समय दिल्ली में थे. भाई की मौत की खबर मिलने के बाद वे तुरंत बुरहानपुर के लिए रवाना हो गए हैं. उनके बुधवार शाम तक बुरहानपुर पहुंचने की संभावना है, जिसके बाद गुरुवार को अंतिम संस्कार किया जाएगा.
खंडवा लोकसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के सांसद श्री @GyaneshwarBJP जी के अनुज श्री विश्वनाथ पाटिल जी के असमय निधन के समाचार से मन द्रवित है।
— Kailash Vijayvargiya (@KailashOnline) April 22, 2026
इस घड़ी में शोकाकुल परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि वे दिवगंत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में…
पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच
इस पूरे मामले को लेकर बुरहानपुर के पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पहले परिजनों द्वारा गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी. तलाश के दौरान कुंए से शव बरामद हुआ है. फिलहाल मर्ग कायम कर लिया गया है और मौत के कारणों की गहन जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी कि यह हादसा था या इसके पीछे कोई अन्य वजह है.
नगर निगम का बजट सम्मेलन स्थगित
इस दुखद घटना का असर प्रशासनिक कार्यक्रमों पर भी पड़ा है. बुरहानपुर नगर निगम में आयोजित होने वाला बजट सम्मेलन, जिसे आज पटल पर रखा जाना था, सांसद ज्ञानेश्वर पाटील के छोटे भाई के निधन को देखते हुए स्थगित कर दिया गया है. अब यह सम्मेलन 20 मई तक के लिए स्थगित रहेगा.
शोक की लहर, सवालों के घेरे में मौत
फिलहाल विश्वनाथ पाटील की मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं. पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है. पूरे जिले की नजरें अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पर टिकी हुई हैं, जिससे इस रहस्यमयी मौत से पर्दा उठ सके.
यह भी पढ़ें : बीड़ी जलाना पड़ा महंगा : बुजुर्ग के कपड़ों में लगी आग, ग्वालियर में दर्दनाक हादसा; इलाज के दौरान मौत
यह भी पढ़ें : नासिक SIT जांच में ड्रामा; अशोक खरात की तबीयत बिगड़ी, ED ने रसूखदार भक्तों की लिस्ट बनाई
यह भी पढ़ें : Cabinet Decisions: किसानों को चार गुना मुआवजा; मोहन कैबिनेट से सिंचाई, साइकिल, CM केयर और शेल्टर होम को मंजूरी
यह भी पढ़ें : BJP विधायक प्रीतम लोधी के बयान से आलाकमान नाराज; CM से बात करेगी IPS एसोसिएशन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं