IND vs PAK T20 WC 2026 Colombo Hotel and Flights Price Hike: भारत और पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी को होने वाले टी20 वर्ल्ड कप के महामुकाबले ने श्रीलंका की राजधानी कोलंबो को एक 'क्रिकेट टाउन' में तब्दील कर दिया है. मैदान पर खिलाड़ियों के बीच जंग होने से पहले ही कोलंबो के होटल और एयरलाइंस सेक्टर में 'प्राइस वॉर' शुरू हो चुकी है. इसे लेकर होटल रूम के दाम तक दोगुने हो चुके हैं.
30 हजार के पार पहुंची कीमत
कोलंबो के होटलों में इस समय तिल रखने की भी जगह नहीं है. क्रिकेट फैंस के भारी हुजूम के कारण होटलों ने अपने कमरों के दाम दोगुने से भी ज्यादा कर दिए हैं. जो कमरे सामान्य दिनों में 10,000 रुपये में उपलब्ध थे, उनकी कीमत अब 20,000 से 30,000 रुपये तक पहुंच गई है. कोलंबो के मशहूर रामाडा होटल (Ramada Hotel) की कर्मचारी सचिनी फर्नांडो ने बताया, "हमारे होटल के लगभग सभी कमरे बुक हो चुके हैं. भारत से आने वाले फैंस की संख्या सबसे अधिक है."

इसी होटल के सेल्स एंड मार्केटिंग डायरेक्टर, विवेक करकोवन ने स्थिति को स्पष्ट करते हुए कहा, "मांग इतनी अधिक है कि कोलंबो के मुख्य शहर के साथ-साथ आसपास के इलाकों के होटल भी पूरी तरह भर चुके हैं. हालांकि, मैच को लेकर पाकिस्तान के शुरुआती रुख और अनिश्चितता ने टूरिज्म इंडस्ट्री को उस स्तर का फायदा नहीं लेने दिया, जिसकी हमें उम्मीद थी."

Add image caption here
हवाई किराए में भारी उछाल
केवल होटल ही नहीं, बल्कि भारत से श्रीलंका जाने वाली फ्लाइट्स के किरायों में भी जबरदस्त बढ़ोतरी देखी जा रही है. दिल्ली, मुंबई और चेन्नई से कोलंबो की सीधी उड़ानों के टिकटों के दाम पिछले एक हफ्ते में 40% से 60% तक बढ़ गए हैं.
भारत-पाक मैच की अनिश्चितता का पड़ा असर
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) द्वारा टूर्नामेंट के बहिष्कार की शुरुआती धमकियों की वजह से मैच को लेकर अनिश्चितता ने टूरिज्म इंडस्ट्री पर भी असर डाला है. वहीं इस बात की भी चर्चा हो रही की अगर यह मैच पहले से पूरी तरह तय होता, तो श्रीलंका की अर्थव्यवस्था को इससे भी बड़ा मुनाफा हो सकता था.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं