विज्ञापन

Bank Strike: आज 12 फरवरी को देशभर में बैंक हड़ताल, घर से निकलने से पहले जानें आपके शहर में बैंक खुले हैं या बंद

Bank Strike Today on February 12: देश के बड़े बैंकों जैसे बैंक ऑफ बड़ौदा, केनरा बैंक और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) ने पहले ही अपने ग्राहकों को अलर्ट कर दिया है. इन बैंकों के ग्राहकों को आज काम निपटाने में दिक्कत आ सकती है.

Bank Strike: आज 12 फरवरी को देशभर में बैंक हड़ताल, घर से निकलने से पहले जानें आपके शहर में बैंक खुले हैं या बंद
Bank Unions Strike Today on February 12, 2026: भले ही बैंक की ब्रांच में काम करने वाले कर्मचारी हड़ताल पर हों, लेकिन राहत की बात यह है कि डिजिटल बैंकिंग सेवाएं जारी रहेंगी.
नई दिल्ली:

Nationwide Bank Strike on February 12, 2026: अगर आप आज यानी 12 फरवरी को बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम निपटाने की सोच रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बहुत जरूरी है. देशभर के कई बैंक कर्मचारी संगठनों ने आज हड़ताल पर जाने का फैसला किया है. इस हड़ताल का असर सरकारी और कुछ प्राइवेट बैंकों के कामकाज पर पड़ सकता है. हालांकि, भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने आज कोई आधिकारिक छुट्टी घोषित नहीं की है, लेकिन कर्मचारी यूनियनों के प्रदर्शन की वजह से चेक क्लियरिंग, कैश जमा और निकासी जैसे कामों में देरी हो सकती है. 

अगर आप बैंक जाने वाले हैं, तो पहले यह जान लें कि आपके बैंक ने इस बारे में क्या जानकारी दी है.

इन बड़े बैंकों में कामकाज हो सकता है ठप

देश के बड़े बैंकों जैसे बैंक ऑफ बड़ौदा, केनरा बैंक और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) ने पहले ही अपने ग्राहकों को सावधान कर दिया है. बैंक ऑफ बड़ौदा और केनरा बैंक ने स्टॉक एक्सचेंज को बताया है कि प्रमुख कर्मचारी यूनियनों जैसे AIBEA, AIBOA और BEFI ने हड़ताल का नोटिस दिया है. बैंकों का कहना है कि वे कोशिश कर रहे हैं कि काम सामान्य रूप से चलता रहे, लेकिन कर्मचारियों के शामिल होने की वजह से ब्रांच और ऑफिस के काम पर असर पड़ सकता है. आईडीबीआई बैंक (IDBI Bank) को भी हड़ताल का औपचारिक नोटिस मिला है, जिससे वहां भी कामकाज प्रभावित होने की आशंका है.इसका मतलब है कि इन बैंकों के ग्राहकों को आज काम निपटाने में दिक्कत आ सकती है.

आखिर बैंक कर्मचारी  क्यों कर रहे हैं हड़ताल?

बैंक कर्मचारियों की इस नाराजगी की कई बड़ी वजहें हैं. उनकी सबसे बड़ी और पुरानी मांग है कि बैंकों में भी हफ्ते में केवल 5 दिन ही काम हो और सभी शनिवार को छुट्टी दी जाए. अभी बैंक केवल दूसरे और चौथे शनिवार को ही बंद रहते हैं. यूनियनों का कहना है कि इस पर सहमति बनी थी, लेकिन सरकार ने अभी तक इसकी मंजूरी नहीं दी है. इसके अलावा, कर्मचारी केंद्र सरकार द्वारा लाए गए चार नए लेबर कोड  का भी विरोध कर रहे हैं. उनका मानना है कि नए नियम मजदूरों और कर्मचारियों के हक में नहीं हैं और इससे नौकरी की सुरक्षा कम हो सकती है.

भारत बंद का भी बैंक सेवाओं पर पड़ेगा असर 

आज सिर्फ बैंक कर्मचारी ही नहीं, बल्कि कई केंद्रीय ट्रेड यूनियन और किसान संगठन भी भारत बंद का समर्थन कर रहे हैं. इस बंद की वजह से भी बैंक कर्मचारियों ने अपने मुद्दों को जोर-शोर से उठाने का फैसला किया है.  इससे पहले 27 जनवरी को भी बैंक हड़ताल हुई थी, जिससे पंजाब नेशनल बैंक और एसबीआई जैसे बड़े बैंकों के काम में रुकावट आई थी. आज का यह प्रदर्शन उसी विरोध की अगली कड़ी माना जा रहा है.

हड़ताल के बीच कैसे निपटाएं बैंक से जुड़ा काम 

भले ही बैंक की ब्रांच में काम करने वाले कर्मचारी हड़ताल पर हों, लेकिन राहत की बात यह है कि डिजिटल बैंकिंग सेवाएं जैसे नेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग और यूपीआई (UPI) आम तौर पर काम करती रहेंगी. एटीएम (ATM) में भी कैश की सप्लाई बनी रहे.हालांकि, अगर आपको फिजिकली बैंक जाकर कोई काम करना है, तो दोपहर के समय या भीड़ कम होने पर ही जाएं. यह ध्यान रखें कि हड़ताल के दौरान छोटे शहरों की कुछ ब्रांच पूरी तरह बंद भी रह सकती हैं, इसलिए घर से निकलने से पहले अपनी पास की ब्रांच में फोन करके जरूर पता कर लें.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com