विज्ञापन

दीप्ति के पंजे से पाकिस्तान पस्त, भारत ने 64 रनों से रौंदा, जीत से किया वर्ल्ड कप का आगाज

स्मृति मंधाना के अर्धशतक के बाद दीप्ति शर्मा के फाइव विकेट हॉल के दम पर भारत ने पाकिस्तान को 64 रनों से हराकर जीत के साथ वर्ल्ड कप का आगाज किया था.

दीप्ति के पंजे से पाकिस्तान पस्त, भारत ने 64 रनों से रौंदा, जीत से किया वर्ल्ड कप का आगाज
India beat Pakistan by 64 Runs, India beat Pakistan, India, Pakistan, Womens T20 World Cup 2026, India vs Pakistan Womens T20 World Cup, IND beat PAK, T20 World Cup 2026, Deepti Sharma, Smriti Mandhana, Deepti Sharma 5 Wicket Haul

सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना के अर्धशतक के बाद अनुभवी दीप्ति शर्मा के पांच विकेट से भारत ने आईसीसी टी20 महिला विश्व कप के ग्रुप एक मैच में रविवार को पाकिस्तान को 64 रन से हराकर अपने अभियान की शुरुआत जीत के साथ की. भारत के 171 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की टीम ऑफ स्पिनर दीप्ति के करियर की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी के सामने 17 ओवर में 106 रन पर सिमट गई. 

दीप्ति का करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन

दीप्ति शर्मा ने 4 ओवर में 10 रन देते हुए 5 विकेट निकाले. साथ ही उन्होंने मुनीबा को डायरेक्ट थ्रो पर आउट किया. बाएं हाथ की स्पिनर श्री चरणी (21 रन पर तीन विकेट) और शेफाली वर्मा (22 रन पर एक विकेट) ने भी दीप्ति का अच्छा साथ निभाया. सलामी बल्लेबाज मुनीबा अली (41) पाकिस्तान की ओर से शीर्ष स्कोरर रहीं. उनके अलावा कोई अन्य बल्लेबाज 20 रन के आंकड़े को भी नहीं छू पाई.

पाकिस्तान के खिलाफ एक्शन में दीप्ति शर्मा (फोटो क्रेडिट: X@BCCIWomen

मंधाना ने जड़ा पचासा

स्मृति ने इससे पहले दो जीवनदान का फायदा उठाते हुए 44 गेंद में नौ चौकों और दो छक्कों से 68 रन की पारी खेलने के अलावा कप्तान हरमनप्रीत कौर (36 रन, 35 गेंद, चार चौके) के साथ तीसरे विकेट के लिए 91 रन की साझेदारी भी की जिससे भारत ने छह विकेट पर 170 रन बनाए जो टी20 विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ उसका सर्वोच्च स्कोर है. 

ऋचा घोष ने अंत में 17 गेंद में पांच चौकों और एक छक्के से 34 रन की पारी खेली और दीप्ति शर्मा (नाबाद 12) के साथ छठे विकेट के लिए सिर्फ 21 गेंद में 45 रन की तेजतर्रार साझेदारी भी की.

पाकिस्तान के खिलाफ स्मृति मंधाना ने अर्द्धशतक लगाया. (फोटो क्रेडिट: X@BCCIWomen)

पाकिस्तान की ओर से कप्तान फातिमा सना ने 33 जबकि बाएं हाथ की स्पिनर सादिया इकबाल ने 41 रन देकर दो-दो विकेट चटकाए. रमीन शमीन (30 रन पर एक विकेट) और तस्मिया रुबाब (41 रन पर एक विकेट) ने एक-एक विकेट हासिल किया.

पावरप्ले में हुई थी पाकिस्तान की अच्छी शुरुआत

लक्ष्य का पीछा करने उतरे पाकिस्तान ने पावर प्ले में एक विकेट पर 52 रन बनाकर अच्छी शुरुआत की. मुनीबा ने अरुंधति की पारी की पहली ही गेंद पर चौका जड़ा. वह हालांकि अगले ओवर में श्रेयंका पाटिल की गेंद पर भाग्यशाली रहीं जब विकेटकीपर ऋचा ने उनका कैच टपका दिया.

मुनीबा ने क्रांति गौड़ का स्वागत दो चौकों के साथ किया. वह अगले ओवर में फिर भाग्यशाली रहीं. इस बार श्रेयंका की गेंद पर अरुंधति ने उनका कैच टपकाया. अनुभवी दीप्ति ने गुल फिरोजा (12) को भारती फुलमाली के हाथों कैच कराके भारत को पहली सफलता दिलाई.

आयशा जाफर (12) ने अरुंधति पर लगातार दो चौकों के साथ शुरुआत की लेकिन दीप्ति की गेंद पर शॉर्ट फाइन लेग पर स्मृति को कैच दे बैठीं. सायरा जबीन (02) ने इसके बाद श्री चरणी की गेंद पर शॉर्ट कवर में हरनमप्रीत को कैच थमाया जिससे पाकिस्तान का स्कोर तीन विकेट पर 58 रन हो गया.

लड़खड़ाई पाकिस्तान की बल्लेबाजी

मुनीबा ने श्री चरणी पर चौके के साथ 24 गेंद के बाउंड्री के सूखे को खत्म किया. पाकिस्तान को इसके बाद बड़ा झटका लगा जब दीप्ति के सटीक थ्रो पर मुनीबा रन आउट हो गईं. उन्होंने 35 गेंद का सामना करते हुए पांच चौके जड़े.

https://ndtv.in/cricket/india-beat-pakistan-by-64-runs-in-womens-t20-world-cup-2026-smriti-mandhana-deepti-sharma-hindi-11636163

फातिमा भी खाता खोले बिना शैफाली वर्मा की गेंद पर स्मृति को कैच दे बैठीं जबकि नतालिया परवेज (07) ने श्री चरणी की गेंद पर हरमनप्रीत को कैच थमाया जिससे पाकिस्तान का स्कोर छह विकेट पर 79 रन हो गया. श्रेयंका ने इसके बाद श्री चरणी की गेंद पर रमीन शमीम (04) का शानदार कैच लपका.

पाकिस्तान को अंतिम पांच ओवर में जीत के लिए 79 रन की दरकार थी. दीप्ति ने आलिया रियाज (18), तस्मिया रुबाब (00) और नाशरा संधू (04) को आउट करके पाकिस्तान की पारी का अंत किया. 

खराब शुरुआत के बाद मंधाना-हरमन ने संभाला

इससे पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरे भारत की शुरुआत खराब रही और टीम ने चौथे ओवर में 18 रन तक ही सलामी बल्लेबाज शैफाली वर्मा (06) और जेमिमा रोड्रिग्स (01) के विकेट गंवा दिए. शेफाली ने सादिया की मैच की पहली गेंद पर लॉन्ग ऑफ पर छक्का जड़ा लेकिन इसी ओवर में विकेटकीपर मुनीबा को कैच दे बैठीं.

जेमिमा भी इसके बाद रुबाब की गेंद पर नतालिया परवेज को कैच दे बैठीं. स्मृति अच्छी लय में नजर आईं. उन्होंने सादिया पर दो चौके मारे और फिर रमीन पर भी लगातार दो चौके जड़े. भारत ने पावर प्ले में दो विकेट पर 38 रन बनाए.

मंधाना को मिले दो जीवनदान

स्मृति 27 रन के स्कोर पर भाग्यशाली रहीं जब रुबाब की गेंद पर मिड ऑफ पर आलिया रियाज उनका कैच लपकने में नाकाम रहीं.  हरमनप्रीत ने धीमी शुरुआत के बाद नौवें ओवर में नाशरा संधू पर दो चौकों के साथ टीम के रनों का अर्धशतक पूरा किया. स्मृति ने भी रुबाब की गेंद को दर्शकों के बीच पहुंचाया और फिर संधू पर भी चौका मारा. उन्होंने रमीन पर लगातार दो चौके के साथ 34 गेंद में अर्धशतक पूरा किया. 

पारी के 13वें ओवर में स्मृति को दूसरा जीवनदान मिला जब उन्होंने सादिया की गेंद पर डीप मिडविकेट की ओर बड़ा शॉट खेला लेकिन सायरा जबीन कैच लपकने में नाकाम रहीं और गेंद छक्के के लिए चली गई. हरमनप्रीत ने इसी ओवर में लगातार दो चौकों के साथ टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया. 

रिचा घोष का तूफानी अंदाज

स्मृति हालांकि अगले ओवर में रमीन की गेंद पर मिड ऑन पर फातिमा सना को कैच दे बैठीं. भारती फुलमाली भी एक रन बनाने के बाद सादिया की गेंद पर मुनीबा के हाथों स्टंप हो गईं. हरमनप्रीत ने भी बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में फातिमा की गेंद को डीप स्क्वायर लेग बाउंड्री पर नतालिया के हाथों में खेल दिया. ऋचा ने 19वें ओवर में रुबाब की लगातार गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के के साथ 23 रन बटोरे और टीम का स्कोर 150 रन के पार पहुंचाया.

यह भी पढ़ें: IND vs PAK LIVE Score: दीप्ति के पंजे से परास्त हुआ पाकिस्तान, भारत ने जीत से किया वर्ल्ड कप का आगाज

यह भी पढ़ें: इन 5 बड़ी वजहों से टीम हरमनप्रीत ने पाकिस्तान को दी मात, आखिर में बदल गई नंबर-1 वजह

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India Women, Pakistan Women, Cricket, Deepti Sharma, Smriti Mandhana
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com