रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) के अधिकारियों, जवानों और उनके परिवारों के हित में दो महत्वपूर्ण सुधारों की घोषणा की है. इन फैसलों का उद्देश्य एक ओर महिलाओं को तटरक्षक बल में पुरुषों के समान अवसर उपलब्ध कराना है, वहीं दूसरी ओर ड्यूटी के दौरान समुद्र में लापता होने वाले जवानों के परिवारों को राहत और आर्थिक सहायता जल्दी पहुंचाना है. नई दिल्ली के कर्तव्य भवन में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान इन सुधारों की घोषणा की गई. इस अवसर पर रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह, भारतीय तटरक्षक बल के महानिदेशक परमेश शिवमणि और कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.
महिलाओं को मिलेगा बराबरी का अवसर
नई नीति के तहत अब महिला उम्मीदवारों को शॉर्ट सर्विस अपॉइंटमेंट (एसएसए) और स्थायी नियुक्ति (पीए) दोनों श्रेणियों में आवेदन करने का अवसर मिलेगा. उन्हें पुरुष उम्मीदवारों के समान अधिकार और अवसर प्रदान किए जाएंगे. इसके साथ ही पुरुष उम्मीदवार भी शॉर्ट सर्विस अपॉइंटमेंट के लिए आवेदन कर सकेंगे.
नई व्यवस्था का सबसे बड़ा लाभ यह होगा कि महिलाओं को प्रशिक्षण, नियुक्ति, करियर विकास और पदोन्नति के मामलों में समान अवसर प्राप्त होंगे. पहले से स्थायी नियुक्ति पर कार्यरत महिला अधिकारियों को पात्रता पूरी करने के बाद उच्च पदों तक पहुंचने का अवसर मिलेगा. वहीं शॉर्ट सर्विस पर कार्यरत महिला अधिकारियों को निर्धारित शर्तें पूरी करने पर स्थायी नियुक्ति का विकल्प भी दिया जाएगा. सरकार का मानना है कि यह कदम ‘नारी शक्ति' को मजबूती देने के साथ समुद्री सुरक्षा क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी को और बढ़ाएगा.
लापता जवानों के परिवारों को जल्द मिलेगी सहायता
दूसरा सुधार उन परिवारों के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है जिनके सदस्य ड्यूटी के दौरान समुद्र में लापता हो जाते हैं. नई व्यवस्था के तहत ऐसे मामलों में भारतीय तटरक्षक बल को संबंधित कर्मी को अनुग्रह राशि देने के उद्देश्य से ‘मृत मानने' की प्रक्रिया पूरी करने का अधिकार मिलेगा. इस फैसले से अनुग्रह राशि और सेवा से जुड़े अन्य लाभों के वितरण में तेजी आएगी. परिवारों को लंबी प्रशासनिक और कानूनी प्रक्रियाओं का इंतजार नहीं करना पड़ेगा. कठिन परिस्थितियों में उन्हें समय पर आर्थिक सहायता और अन्य वैधानिक सुविधाएं मिल सकेंगी.
तटरक्षक बल को और मजबूत बनाने पर जोर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि पिछले 50 वर्षों में भारतीय तटरक्षक बल ने देश की समुद्री सुरक्षा में उल्लेखनीय योगदान दिया है. उन्होंने विश्वास जताया कि नई नीतियां जवानों का मनोबल बढ़ाएंगी और संगठन को पहले से अधिक मजबूत बनाएंगी.
राजनाथ सिंह ने कहा कि सरकार भारतीय तटरक्षक बल को आधुनिक, सक्षम और भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार समुद्री सुरक्षा बल बनाने के लिए प्रतिबद्ध है. उनका कहना था कि इन सुधारों से न केवल संगठन की कार्यक्षमता बढ़ेगी, बल्कि जवानों और उनके परिवारों का भरोसा भी मजबूत होगा.
यह भी पढ़ें- 'पीएम नरेंद्र मोदी क्लॉक्ड इट...', बांसुरी स्वराज ने Gen-Z वाली भाषा से एंटी पेपर लीक कानून की कर दी तारीफ
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं