भारतीय क्रिकेट इतिहास में एक से बढ़कर एक बल्लेबाज हुए हैं. सिलसिला साल 1926/27 में भारत दौरे पर आई MCC के खिलाफ सी.के. नायडू की 153 रनों की पारी (जिसमें 11 छक्के शामिल थे, जो उस समय एक फर्स्ट-क्लास रिकॉर्ड था) से शुरू होता है. इस वजह से ही बीसीसीआई का गठन हुआ था. लेकिन इस कहानी को किसी और दिन के लिए छोड़ देते हैं. उन्हें टेस्ट क्रिकेट खेलने का मौका काफी देर से मिला. वहीं, विजय मर्चेंट का टेस्ट क्रिकेट में औसत 47.72 रहा और 150 फर्स्ट-क्लास मैचों में उनका औसत शानदार 71.64 रहा, लेकिन अपने 18 साल के करियर में उन्होंने केवल 10 टेस्ट मैच खेले. भारत को टेस्ट जीत दिलाने वाले पहले कप्तान विजय हजारे के करियर के कुछ बेहतरीन साल दूसरे विश्व युद्ध की भेंट चढ़ गए. ICC की पूर्व रैंकिंग के अनुसार 1952 के अंत में टेस्ट रैंकिंग में लेन हटन के बाद विजय हजारे दूसरे स्थान पर थे.
उस दौर के कई प्रत्यक्षदर्शियों का मानना है कि गुंडप्पा विश्वनाथ उनके द्वारा देखे गए सबसे आकर्षक बल्लेबाज थे. हालांकि, अगर 1970 के दशक के आखिर में पैकर सीरीज के कारण कमजोर हुई ऑस्ट्रेलियाई और वेस्टइंडीज टीमों के खिलाफ खेले गए 17 टेस्ट मैचों को हटा दिया जाए, तो उनका औसत गिरकर 37.64 रह जाता है. वहीं, साल 1983 में मोहिंदर अमरनाथ एक कैलेंडर वर्ष में मई के अंत तक 1000 टेस्ट रन बनाने वाले पहले क्रिकेटर बने. उन्होंने ये रन पाकिस्तान और वेस्टइंडीज में खेली गई उन दो सीरीज में बनाए, जहां भारतीय टीम का प्रदर्शन बहुत खराब रहा था. हालांकि, उस सीजन के अलावा, उन्हें टेस्ट क्रिकेट में कोई खास निरंतर सफलता नहीं मिली.
जब 1987 में पहली बार कूपर एंड लाइब्रैंड रेटिंग (जो आज की रैंकिंग का शुरुआती रूप है) शुरू की गई, तो दिलीप वेंगसरकर शीर्ष स्थान पर पहुंचने वाले पहले खिलाड़ी बने. वे 21 महीनों तक दुनिया के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज रहे. हालांकि, भारत और इंग्लैंड के बाहर वे कभी टेस्ट क्रिकेट में शतक नहीं लगा पाए. मोहम्मद अजहरुद्दीन ने अपनी आधी से ज्यादा टेस्ट फिफ्टी को शतक में बदला और कुछ ऐसी शानदार पारियां खेलीं, जिनकी बराबरी करना बहुत मुश्किल है. हालांकि, ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज में उनके आंकड़े साधारण ही रहे.
साल 2018/19 में ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर, चेतेश्वर पुजारा ने शायद किसी भारतीय बल्लेबाज द्वारा विदेश में खेली गई अब तक की सबसे बेहतरीन टेस्ट सीरीज का प्रदर्शन किया. कभी-कभी क्रीज पर डटे रहने वाले पुजारा का औसत अंत आते-आते गिर गया. एक समय था जब अजिंक्य रहाणे का विदेशी मैदानों पर टेस्ट औसत भारतीय खिलाड़ियों में सबसे बेहतरीन हुआ करता था. दुर्भाग्य से, उनका टेस्ट औसत खासा गर गिया. ऋषभ पंत आगे चलकर एंडी फ्लावर और एडम गिलक्रिस्ट को चुनौती दे सकते हैं और टेस्ट क्रिकेट के अब तक के सबसे महान विकेटकीपर-बल्लेबाज बन सकते हैं. वहीं, यशस्वी जायसवाल की शानदार शुरुआत का जिक्र करना भी जरूरी है. चलिए ICC रैंकिंग में प्रदर्शन के आधार पर शीर्ष 6 बल्लेबाजों के बारे में जान लीजिए:

Photo Credit: @BCCI: X
6. वीरेंद्र सहवाग – 49.34 के औसत से 8,856 रन, सर्वाधिक स्कोर: 319, 23 शतक
टेस्ट क्रिकेट में सहवाग का स्ट्राइक रेट 82 रहा और उनका औसत 49.34 था. एक ओपनर के तौर पर, ये आंकड़े 83 (स्ट्राइक रेट) और 50.04 (औसत) हो जाते हैं. टेस्ट क्रिकेट में ओपनर के तौर पर 5,000 रन बनाने वाले खिलाड़ियों में केवल चार का औसत उनसे बेहतर है (जिनमें से दो का औसत 51 से कम है), और किसी का भी स्ट्राइक रेट 71 तक नहीं पहुंच पाया है. 5,000 रन के इसी बेंचमार्क को देखें, तो सहवाग टेस्ट क्रिकेट में सभी बल्लेबाजी क्रमों में सबसे तेजी से रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं. एक समय ऐसा था जब भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में तीन सबसे बड़े व्यक्तिगत स्कोर उनके नाम थे (आज भी टॉप 4 में से तीन स्कोर उन्हीं के नाम हैं).
यह सच है कि इनमें से ज्यादातर रन 2000 के दशक में बने, जो बल्लेबाजी के लिए बहुत अनुकूल दौर था. साल 1950 के दशक के बाद से 2000 के दशक में वैश्विक बल्लेबाजी औसत (32.02) सबसे अधिक रहा है. लेकिन उस दौर में अच्छे नतीजे लाने के लिए सहवाग जैसी बल्लेबाजी शैली की जरूरत थी, ताकि उस टीम को, जो चार गेंदबाजों के साथ मैदान पर उतरती थी, पर्याप्त समय मिल सके. सवाल यह है कि इतने पर भी वह टॉप 5 में क्यों नहीं हैं? वजह यह है कि विदेशी मैदानों पर उनके आंकड़े उतने प्रभावशाली नहीं हैं. न्यूज़ीलैंड में 20, इंग्लैंड में 27.80 और दक्षिण अफ़्रीका में 25.46 का औसत, ऑस्ट्रेलिया में लगाए गए दो शानदार शतकों (हालांकि 2003/04 में बनाए गए 195 रन एक कमज़ोर गेंदबाज़ी आक्रमण के ख़िलाफ़ थे) या एशिया में उनके बेहतरीन रिकॉर्ड की भरपाई नहीं कर सकता.

(source: @@BCCI: X)
5. वीवीएस लक्ष्मण – 45.97 के औसत से 8,781 रन, सर्वाधिक स्कोर: 281, 17 शतक
लक्ष्मण के नाम हमेशा वह 281 रनों की पारी रहेगी, जो उस समय न केवल एक राष्ट्रीय रिकॉर्ड थी, बल्कि 'फ़ॉलो-ऑन' मिलने के बाद दुनिया के सबसे बेहतरीन गेंदबाज़ी आक्रमणों में से एक के ख़िलाफ़ खेली गई एक शानदार पारी थी. क्या यह किसी भारतीय द्वारा खेली गई सबसे बेहतरीन टेस्ट पारी है? लगभग निश्चित रूप से.
लेकिन लक्ष्मण के करियर में सिर्फ वह एक पारी ही नहीं थी. साल 2010 में कोलंबो और मोहाली में लगातार दो टेस्ट मैचों में उनकी पारियों ने भारत के लिए यादगार जीत पक्की की थी।. या फिर वे दो बेहतरीन पारियां, जिनकी बदौलत भारत को दक्षिण अफ़्रीका में अपनी पहली दो जीत मिलीं. या सिडनी में लगातार तीन पारियों में लगाए गए तीन शतक।. ऐसी कई और मिसालें दी जा सकती हैं. उनके करियर रिकॉर्ड में ओपनर के तौर पर खेली गई 25 पारियां भी शामिल हैं, जिनमें उनका औसत 28.54 रहा. एक ऐसा स्थान जहां वे कभी सहज नहीं रहे. अगर इन पारियों को हटा दिया जाए, तो उनका औसत 48.47 हो जाता है.
लक्ष्मण टॉप चार में क्यों नहीं हैं? एक कारण यह है कि उनके आंकड़ों पर उस दौर का असर है जो बल्लेबाज़ों के लिए बहुत अनुकूल था (जैसा कि सहवाग के मामले में भी है), और दूसरा कारण यह है कि टॉप चार में शामिल खिलाड़ी उनसे बेहतर थे. किसी और की सूची में, वे चौथे स्थान पर हो सकते थे. यह एक बहुत ही करीबी मामला है।
4. विराट कोहली – 46.85 के औसत से 9,230 रन, सर्वाधिक स्कोर: 254*, 30 शतक
अगर 2020 के बाद उनके प्रदर्शन में गिरावट न आती, तो शायद कोहली टॉप तीन या उससे भी ऊपर पहुंच सकते थे. असल में साल 2019 के अंत तक उनके नाम 54.97 के औसत से 7,202 रन थे. इसके बाद गिरावट आई. इस दौरान उन्होंने केवल तीन और शतक लगाए और उनका औसत गिरकर 30.72 रह गया. इस दौर के आखिर में कोहली ने वनडे में तो वापसी कर ली, लेकिन टेस्ट क्रिकेट में उनका पुराना फॉर्म वापस नहीं आया. ऑस्ट्रेलिया में लगाए गए सात शतक काफी अहमियत रखते हैं. ठीक वैसे ही जैसे 2018 में इंग्लैंड के खिलाफ खेली गई सीरीज रही. लेकिन शायद इससे भी ज्यादा प्रभावशाली दक्षिण अफ्रीका में उनका रिकॉर्ड रहा (18 पारियों में 49.50 का औसत), जो कि बहुत कम स्कोर वाली सीरीज के दौरान बना था.

(Source: @rajasthanroyals: X)
3. राहुल द्रविड़ – 52.31 की औसत से 13,288 रन, सर्वाधिक स्कोर: 270, 36 शतक
द्रविड़ ने अपने देश में 5,000 से ज्यादा और विदेशों में 7,000 से ज़्यादा रन बनाए और दोनों ही जगह उनका औसत 50 से ऊपर रहा. सिर्फ इसी वजह से टॉप 3 में उनकी जगह पक्की हो जानी चाहिए. बेशक, उनकी कुछ कमज़ोरियां भी थीं. उदाहरण के लिए दक्षिण अफ़्रीका और श्रीलंका में उनके ख़राब आंकड़े। या फिर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ़ उनके आंकड़े (उस 180 रन की पारी को छोड़कर), जब ग्लेन मैक्ग्रा और शेन वॉर्न खेल रहे थे. लेकिन दूसरी तरफ, इंग्लैंड में उनका औसत 68.80, न्यूज़ीलैंड में 63.83, पाकिस्तान में 78.57 और वेस्टइंडीज़ में 65.69 रहा. जबकि उस समय वेस्टइंडीज़ एक बहुत मज़बूत टीम हुआ करती थी. अगर उस दौर के हिसाब से भी देखें, तो ये आंकड़े अविश्वसनीय हैं.
2. सुनील गावस्कर – 51.14 की औसत से 10,122 रन, सर्वाधिक स्कोर: 236*, 34 शतक
जब गावस्कर ने अपने करियर की शुरुआत की, तब टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज़्यादा रन (3,631) और शतक (12) बनाने का भारतीय रिकॉर्ड पॉली उमरीगर के नाम था. जब गावस्कर रिटायर हुए तब वे टेस्ट क्रिकेट में किसी भी अन्य खिलाड़ी से 2,000 रन और 5 शतक आगे थे. ऐसे शानदार करियर पर कोई सवाल नहीं उठाया जा सकता.
बेशक, कुछ कमियां भी थीं. वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ उनके 13 शतक किसी किंवदंती से कम नहीं हैं, लेकिन उनमें से कई शतक कमज़ोर या कम अनुभवी गेंदबाज़ी आक्रमण के ख़िलाफ़ आए थे. ऑस्ट्रेलिया में उनके 5 शतकों में से 3 'पैकर एरा' के दौरान आए थे और बाकी 2 एक नए और अनुभवहीन गेंदबाज़ी आक्रमण के ख़िलाफ़ थे. लेकिन इसके बावजूद उन्होंने पाकिस्तान के तेज़ गेंदबाज़ों का डटकर सामना किया. तब भी जब भारतीय टीम रिवर्स-स्विंग के आगे हैरान-परेशान थी; उन्होंने ख़राब पिचों पर स्पिन गेंदबाज़ी का बखूबी सामना किया (यहां तक कि घरेलू क्रिकेट में भारतीय स्पिनरों के ख़िलाफ़ भी). और उन्होंने यह सब तब किया जब वे 18 अलग-अलग साथियों के साथ ओपनिंग कर रहे थे. सबसे बड़ी बात यह है कि उन्होंने भारतीय बल्लेबाज़ी को विश्व क्रिकेट के नक्शे पर स्थापित किया.

Photo Credit: AFP
1. सचिन तेंदुलकर – 53.78 की औसत से 15,921 रन, सर्वाधिक स्कोर: 248*, 51 शतक
ब्रायन लारा से कड़ी टक्कर मिलने के बावजूद, 1990 के दशक के दूसरे भाग (और उसके आसपास के कुछ समय) में तेंदुलकर ICC बैटिंग रैंकिंग में शीर्ष स्थान के करीब बने रहे. लेकिन सबसे हैरानी की बात यह रही कि अपने करियर के अंतिम पड़ाव पर 2010 में उन्होंने फिर से शीर्ष स्थान हासिल कर लिया.
भारत के पास ऐसे बल्लेबाज भी रहे हैं जिन्होंने तेंदुलकर से कहीं ऊंचे मुकाम हासिल किए हैं या जिनका फॉर्म उनसे कहीं ज्यादा शानदार रहा है. आखिरकार, तेंदुलकर ने कभी किसी सीरीज में 500 रन या किसी एक पारी में 250 रन नहीं बनाए. जो बात उन्हें सबसे अलग बनाती है, वह है उनके 24 साल के करियर में लगातार बना रहा उनका बेहतरीन प्रदर्शन. उन्होंने दस देशों में अपने 200 टेस्ट मैच खेले और हर देश में उनका औसत 40 से ऊपर रहा.
तेंदुलकर ने अपनी किशोरावस्था में ही इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका में शतक जड़ दिए थे. वहीं 30 के दशक के आखिर में भी वे दक्षिण अफ्रीका में डेल स्टेन जैसे गेंदबाजों का डटकर सामना कर रहे थे. अपने 24 साल के लंबे करियर में, कई बार फॉर्म खराब होने के बावजूद उन्होंने वापसी की और फिर से शीर्ष स्थान हासिल किया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं