विज्ञापन

Swiggy Layoffs: स्विगी इंस्टामार्ट ने 340 कर्मचारियों को काम से निकाला, नई CEO के आने के बाद पहली छंटनी, क्‍या घाटा है कारण?

Instamart Layoffs: एक के बाद एक टेक कंपनियों में लगातार छंटनी की खबरों के बाद ताजा खबर आई है, क्विक कॉमर्स कंपनी Swiggy से. इसने इंस्‍टामार्ट में छंटनी की है. कर्मचारियों को काम से निकालने की क्‍या वजह है और क्‍यों ये कदम उठाया गया... डिटेल में खबर अंदर पढ़ें.

Swiggy Layoffs: स्विगी इंस्टामार्ट ने 340 कर्मचारियों को काम से निकाला, नई CEO के आने के बाद पहली छंटनी, क्‍या घाटा है कारण?
स्विगी इंस्‍टामार्ट में छंटनी.
Source: NDTV Graphics/Canva

Swiggy Instamart Layoffs: ऑनलाइन फूड डिलीवरी और क्विक कॉमर्स कंपनी स्विगी के इंस्टामार्ट कारोबार से करीब 340 कर्मचारियों की नौकरी चली गई है. कंपनी ने री-स्ट्रक्चरिंग यानी कारोबारी स्‍ट्रक्‍चर में बदलाव के तहत ये छंटनी की है. इससे मुख्य रूप से कॉरपोरेट और सपोर्ट फंक्शन से जुड़े कर्मचारियों पर असर पड़ा है. 

NDTV प्रॉफिट ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि कंपनी ऑपरेशनल एफिशिएंसी बढ़ाने की कोशिश कर रही है. यह कदम ऐसे समय उठाया गया है, जब कारोबार में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल बढ़ रहा है, घाटे का दबाव बना हुआ है और क्विक कॉमर्स बाजार में कंपटीशन तेज हो गया है.  

हालांकि, कंपनी ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि किन पदों या टीमों में कितने कर्मचारियों की छंटनी हुई है.  NDTV प्रॉफिट ने इस मामले में स्विगी से जवाब मांगा, लेकिन खबर लिखे जाने तक कंपनी की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है.

किन विभागों में गई कर्मचारियों की नौकरी?

सूत्रों के मुताबिक, छंटनी का असर मुख्य रूप से कॉरपोरेट और सपोर्ट फंक्शन में काम करने वाले कर्मचारियों पर पड़ा है. हालांकि, प्रभावित विभागों और पदों की डिटेल जानकारी सामने नहीं आई है. यह फैसला इंस्टामार्ट की नई CEO नंदिता सिन्हा के कार्यभार संभालने के कुछ महीने बाद आया है. उन्होंने 3 अगस्त को कंपनी की जिम्मेदारी संभाली थी. इससे पहले वह फैशन ई-कॉमर्स कंपनी मिंत्रा की प्रमुख थीं. उन्होंने अमितेश झा की जगह ली है.

कंपनी में बढ़ते AI इस्तेमाल और कामकाज को ज्यादा कुशल बनाने की कोशिशों के बीच इस छंटनी को कारोबारी ढांचे में बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है. हालांकि, कंपनी ने यह नहीं कहा है कि AI की वजह से ही कर्मचारियों की संख्या घटाई गई है.

इंस्टामार्ट का घाटा बढ़कर 895 करोड़ रुपये हुआ

इंस्टामार्ट के वित्तीय नतीजे भी कारोबार पर दबाव की तस्वीर दिखाते हैं. सितंबर तिमाही में कंपनी का एडजस्टेड EBITDA घाटा बढ़कर 895 करोड़ रुपये हो गया. जून तिमाही में यह 778 करोड़ रुपये था.

हालांकि, घाटे के अनुपात में मामूली सुधार हुआ. एडजस्टेड EBITDA मार्जिन सितंबर तिमाही में -9.7% रहा, जबकि जून तिमाही में यह -9.8% था.

दूसरी ओर, कंपनी के नेट ऑर्डर वैल्यू (NOV) में बढ़ोतरी हुई. सितंबर तिमाही में ये पिछली तिमाही के मुकाबले 13.4% बढ़कर 6,594 करोड़ रुपये हो गई. कंपनी ने इस दौरान 69 नए डार्क स्टोर भी जोड़े. इसके साथ इंस्टामार्ट के कुल डार्क स्टोर की संख्या बढ़कर 1,240 हो गई.

Blinkit और Zepto से मिल रही कड़ी टक्कर

क्विक कॉमर्स बाजार में इंस्टामार्ट को कई कंपनियों से मुकाबला करना पड़ रहा है. इसमें इटर्नल के स्वामित्व वाला ब्लिंकिट, जेप्टो, फ्लिपकार्ट मिनट्स और अमेजन नाउ शामिल हैं.

इन कंपनियों के बीच तेजी से डिलीवरी, ज्यादा प्रोडक्ट विकल्प और बेहतर कीमतों को लेकर मुकाबला बढ़ रहा है. ऐसे में कंपनियां अपने ऑपरेशन को ज्यादा कुशल बनाने और लागत पर नियंत्रण रखने की कोशिश कर रही हैं.

इंस्टामार्ट की रणनीति में भी बदलाव देखने को मिल रहा है. कंपनी अब प्राइवेट लेबल यानी अपने ब्रांड के उत्पादों पर ज्यादा ध्यान दे रही है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसने स्नैक्स और बेवरेज के लिए 'नोइस' और ताजे फल-सब्जियों के लिए 'नेक्टर' ब्रांड पेश किए हैं. स्विगी अपने कारोबार में प्रोडक्ट की संख्या बढ़ाने के बजाय ग्राहकों की जरूरत के हिसाब से बेहतर विकल्प देने पर जोर दे रही है. 

वीडियो देखें: जब 10 मिनट डिलीवरी एप्‍स के खिलाफ फूटा था डिलीवरी बॉयज का गुस्‍सा 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Layoffs India, Swiggy Instamart CEO, SWiggy Layoffs, Swiggy Instamart App, Instamart News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com