IND vs SL, 1st Test: जसप्रीत बुमराह की गैरमौजूदगी के बावजूद कप्तान शुभमन गिल ने टीम के तेज गेंदबाजी अटैक पर भरोसा जताया है, उन्होंने खासतौर पर प्रसिद्ध कृष्णा की तारीफ की है. भारतीय कप्तान ने कहा, "गुरनूर बरार बेहतरीन गेंदबाज हैं क्योंकि वह पुरानी गेंद से भी अच्छी रफ्तार और उछाल हासिल कर सकते हैं, लेकिन प्रसिद्ध कृष्णा हाल के दिनों में अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं, जैसा कि हमने वॉर्मअप मैच में देखा है. इसी वजह से यह फैसला करना मुश्किल है. प्रसिद्ध अपने करियर की सबसे बेहतरीन फॉर्म में नजर आए हैं."
गिल ने आगे कहा, "बुमराह टीम में नहीं हैं, लेकिन मुझे लगता है कि यह दूसरे गेंदबाजों के लिए आगे बढ़कर सीरीज में अपनी छाप छोड़ने का एक बहुत अच्छा मौका है. विकेट लेने के लिए आपको अलग-अलग चीजें आजमानी पड़ती हैं. आपको मौके बनाने होते हैं, खासकर पहले और दूसरे दिन. हो सकता है कि विकेट से ज्यादा मदद न मिले. ऐसे में आप दबाव कैसे बना सकते हैं? आप खेल को अपने हाथों से बहुत अधिक दूर जाने से कैसे रोक सकते हैं? इसके लिए अलग-अलग तरह की क्रिएटिव फील्डिंग सेट करना जरूरी है."
कप्तान शुभमन गिल ने वॉर्मअप मैच में शतकीय पारी खेलने वाले देवदत्त पडिक्कल की भी प्रशंसा की. उन्होंने कहा, "देवदत्त पहले भी इंडिया ए के साथ यहां आ चुके हैं और उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया है. देवदत्त में इस फॉर्मेट में सफल होने के लिए जरूरी सभी कौशल और क्षमता है. ऐसे खुले मैदानों पर हवा कभी-कभी अहम भूमिका निभाती है."
गिल ने आगे कहा, "एक बल्लेबाज के तौर पर टीम मीटिंग में भी हम इस बारे में बात करते हैं कि अगर हमें स्पिनर के खिलाफ आक्रामक खेलना है, तो हमें यह देखना होगा कि हवा हमारे पक्ष में है या हमारे खिलाफ. हम उस स्थिति का अपने फायदे के लिए कैसे इस्तेमाल कर सकते हैं, बजाय इसके कि हम उसके खिलाफ जाने की कोशिश करें. शायद श्रीलंका और भारत में खेलने के बीच यही एक फर्क है. भारत में ज्यादातर मैदान स्टैंड से घिरे हुए (बंद) होते हैं. खुले मैदानों में हवा बहुत बड़ी भूमिका निभाती है."
यह खिलाड़ी है मैच विनर
इसके अलावा गिल ने मानव सुथार को मैच विनर खिलाड़ी करार दिया है. उन्होंने कहा, "मानव में बल्लेबाजी की भी क्षमता है। अनुभव और आत्मविश्वास समय के साथ आता है और वह तभी मिलेगा जब वह मैदान पर खेलेंगे और रन बनाएंगे. उनकी गेंदबाजी शानदार है और उनमें भविष्य में आठवें नंबर का एक बेहतरीन बल्लेबाज बनने की भी पूरी काबिलियत है और एक मैच विनर है."
ये भी पढ़ें- IND vs SL: गॉल में जडेजा का 'डबल धमाका' तय! इतिहास रचने से सिर्फ 2 विकेट हैं दूर
ये भी पढ़ें- गॉल में भारत-श्रीलंका टेस्ट में रिजल्ट निकलेगा ही निकलेगा, जानें क्या है भरोसे की बड़ी वजह, गिल करेंगे जीत से आगाज?
ये भी पढ़ें- 'वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल' कप्तान शुभमन गिल ने सीरीज की शुरुआत से पहले दिया बड़ा बयान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं