विज्ञापन

IND vs SL: गॉल में जडेजा का 'डबल धमाका' तय! इतिहास रचने से सिर्फ 2 विकेट हैं दूर

जडेजा अगर गॉल टेस्ट में 2 विकेट चटकाने में कामयाब रहते हैं, तो वह कपिल देव के बाद क्रिकेट के सबसे लंबे फॉर्मेट में भारत की ओर से 4 हजार रन और 350 विकेट पूरे करने वाले दूसरे खिलाड़ी बन जाएंगे.

IND vs SL: गॉल में जडेजा का 'डबल धमाका' तय! इतिहास रचने से सिर्फ 2 विकेट हैं दूर
रवींद्र जडेजा

भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की सीरीज का पहला टेस्ट मुकाबला शनिवार से गॉल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है. रवींद्र जडेजा के पास इस टेस्ट मुकाबले में बड़ी उपलब्धि हासिल करने का सुनहरा मौका होगा. दरअसल, जडेजा टेस्ट क्रिकेट में 350 विकेट से सिर्फ 2 विकेट दूर हैं. उन्होंने अब तक खेले 89 टेस्ट मैचों की 167 पारियों में 348 विकेट चटकाए हैं. जडेजा अगर पहले टेस्ट में 2 विकेट निकालने में सफल रहते हैं, तो वह भारत की ओर से यह मुकाम हासिल करने वाले महज पांचवें गेंदबाज बन जाएंगे. जडेजा बल्लेबाजी में 4095 रन बना चुके हैं. जडेजा टेस्ट क्रिकेट में 4 हजार रन और 300 विकेट लेने वाले दुनिया के महज चार खिलाड़ियों में शुमार हैं.

जडेजा अगर गॉल टेस्ट में 2 विकेट चटकाने में कामयाब रहते हैं, तो वह कपिल देव के बाद क्रिकेट के सबसे लंबे फॉर्मेट में भारत की ओर से 4 हजार रन और 350 विकेट पूरे करने वाले दूसरे खिलाड़ी बन जाएंगे. भारत को पहला विश्व कप जिताने वाले कप्तान कपिल देव इस मुकाम को हासिल करने वाले अभी इकलौते भारतीय क्रिकेटर हैं. इसके साथ ही जडेजा यह खास उपलब्धि हासिल करने वाले पहले स्पिन बॉलिंग ऑलराउंडर भी बनेंगे.

वॉर्मअप मैच में जडेजा का प्रदर्शन गेंद और बल्ले दोनों से शानदार रहा था. उन्होंने पहली इनिंग में 63 रनों की अहम पारी खेली थी. वहीं, गेंदबाजी में जडेजा ने कुल मिलाकर 4 विकेट अपने नाम किए थे. श्रीलंका की स्पिनर्स के लिए मददगार रहने वाली पिचों पर जडेजा का रोल काफी अहम माना जा रहा है. जडेजा उन चुनिंदा खिलाड़ियों में से एक हैं, जो श्रीलंका का पहले भी दौरा कर चुके हैं.

भारत और श्रीलंका के बीच अब तक कुल 46 टेस्ट मुकाबले खेले गए हैं. इसमें से 22 मैचों में भारतीय टीम ने जीत दर्ज की है. वहीं, श्रीलंका को महज 7 मुकाबलों में जीत नसीब हो सकती है. 22 टेस्ट मुकाबलों का अंत ड्रॉ के रूप में हुआ है. भारत और श्रीलंका के बीच आखिरी भिड़ंत साल 2022 में हुई थी, जहां रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया ने 2-0 से सीरीज को अपने नाम किया था.

यह भी पढ़ें- IND vs SL: स्पिन, हवा और उमस का ट्रिपल अटैक! भारत की असल परीक्षा, जानें पिच से लेकर प्लेइंग 11 तक

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India, Ravindrasinh Anirudhsinh Jadeja, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com