विज्ञापन

पापा विधायक हैं हमारे... BJP MLA की बेटी ने लेडी SI को मारा थप्पड़, महिला आयोग ने SP से कहा- तुरंत एक्शन लो

मंदिर में दर्शन के लिए पहुंची भाजपा विधायक की बेटी को VIP ट्रीटमेंट नहीं मिलने पर वह वहां तैनात लेडी दारोगा से उलझ गई. बहस के बीच विधायक की बेटी ने महिला दारोगा को थप्पड़ मार दिया.

पापा विधायक हैं हमारे... BJP MLA की बेटी ने लेडी SI को मारा थप्पड़, महिला आयोग ने SP से कहा- तुरंत एक्शन लो
भाजपा विधायक और उनकी बेटी जिनपर लेडी दारोगा को थप्पड़ मारने का आरोप लगा है.
  • कर्नाटक के तुमकुरु ग्रामीण क्षेत्र से BJP विधायक सुरेश गौड़ा की बेटी पर लेडी SI को थप्पड़ मारने का आरोप लगा है
  • मामले में महिला SI ने विधायक की बेटी पर FIR दर्ज करवाई है. इधर विधायक ने भी माफी मांगी है.
  • लेकिन अब राज्य महिला आयोग ने एसपी को पत्र लिखकर मामले में तुरंत कार्रवाई करने को कहा है.
बेंगलुरु:

BJP MLA Daughter Slaps Lady SI: पापा विधायक हैं हमारे... भक्तों से खचाखच भरी मंदिर की लाइन में खड़ी एक लड़की ने महिला दारोगा से कहा. दारोगा ने नियम पालन के बारे में कहा. दोनों में बहस हुई, फिर तैश में आकर विधायक की बेटी ने ड्यूटी पर तैनात महिला दारोगा को थप्पड़ मार दिया. अब यह मामला बड़ा हो गया है क्योंकि आरोप बीजेपी विधायक की बेटी पर लगा है. मामले में FIR दर्ज हो चुकी है. विवाद बढ़ने पर विधायक ने माफी भी मांगी. लेकिन अब महिला आयोग ने एसपी को पत्र लिखकर कहा है कि इस मामले में तुरंत कार्रवाई कीजिए. 

यह पूरा मामला कर्नाटक के मांड्या जिले का है. जहां श्रीरंगपट्टन तालुक स्थित अराठी उक्कडा मंदिर में विशेष सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात एक महिला सब-इंस्पेक्टर के साथ विधायक की बेटी ने कथित तौर पर मारपीट की. 

12 अगस्त को भीमा अमावस्या के दिन की घटना

घटना 12 अगस्त को रात करीब 8:15 बजे की है. उस दिन भीमा अमावस्या समारोह के दौरान मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ थी. महिला दारोगा अपनी ड्यूटी कर रही थी. तभी तुमकुरु ग्रामीण क्षेत्र से भाजपा विधायक बी. सुरेश गौड़ा की बेटी ऐश्वर्या मंदिर में दर्शन करने पहुंची. 

पीड़ित पुलिस अधिकारी सविता पाटिल मांड्या महिला पुलिस स्टेशन में सब-इंस्पेक्टर के पद पर तैनात हैं. शिकायत के अनुसार, विधायक की बेटी ऐश्वर्या ने कथित तौर पर पुलिस अधिकारी के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया, उन्हें थप्पड़ मारा और ड्यूटी निभाने से रोका.

महिला एसआई ने दर्ज कराई FIR 

घटना के बाद सविता पाटिल ने ऐश्वर्या के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. क्याथनहल्ली पुलिस स्टेशन में मामले में विधायक की बेटी पर एफआईआर. दर्ज की गई है. हालांकि मामले में गैर-जमानती धाराएं शामिल होने के बावजूद ऐश्वर्या को अब तक न तो हिरासत में लिया गया है और न ही उन्हें कोई नोटिस जारी किया गया है.

विधायक ने माफी तो मांगी लेकिन SI पर अभद्र व्यवहार का लगाया आरोप

इधर विधायक सुरेश गौड़ा का दावा है कि पुलिस अधिकारी ने उनकी बेटी के साथ अभद्र व्यवहार किया था. उन्होंने कहा, “मेरी बेटी मंदिर गई थी. उसने मंदिर के गर्भगृह में जाने का अनुरोध किया था. पुलिस ने उसे अंदर जाने की अनुमति नहीं दी, जबकि एक सर्किल इंस्पेक्टर को अंदर जाने दिया गया. 

विधायक ने आगे कहा कि मेरी बेटी ने दोबारा अनुरोध किया. तभी उस पुलिस अधिकारी ने मेरी बेटी को अपशब्द कहे, ऐसा मुझे बताया गया है. इसके बाद विवाद शुरू हुआ. मैंने अपनी बेटी द्वारा पुलिस अधिकारी को थप्पड़ मारने वाला वीडियो नहीं देखा है. यदि ऐसा हुआ है तो मैं इसके लिए माफी मांगता हूं. मुझे खेद है.”

महिला आयोग ने मांड्या के एसपी को लिखा पत्र

इधर आज कर्नाटक राज्य महिला आयोग ने विधायक सुरेश गौड़ा की बेटी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए मांड्या के पुलिस अधीक्षक (SP) को पत्र लिखा है. कर्नाटक राज्य महिला आयोग ने उस मामले में तुरंत कार्रवाई की मांग की है, जिसमें विधायक सुरेश गौड़ा की बेटी पर ड्यूटी के दौरान एक महिला पुलिस अधिकारी के साथ कथित रूप से मारपीट करने का आरोप है.

आयोग ने यह भी पूछा है कि क्या इस मामले में FIR दर्ज की गई है. साथ ही पुलिस से यह जानकारी मांगी है कि आरोपी के खिलाफ किन धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. आयोग ने पीड़ित महिला अधिकारी को प्रदान की गई सुरक्षा व्यवस्था का भी ब्योरा मांगा है.

महिला आयोग ने मांड्या के एसपी को निर्देश दिया है कि वे मामले से जुड़ी सभी जानकारी उपलब्ध कराएं और तीन दिनों के भीतर कर्नाटक राज्य महिला आयोग को विस्तृत रिपोर्ट सौंपें.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Karnataka BJP MLA, Suresh Gowda, Mandya, Women Commission, Lady SI
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com