भारत और बांग्लादेश की महिला टीमें गुरुवार को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में विमेंस एशिया कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में आमने-सामने होंगी. भारतीय टीम रिकॉर्ड आठवें एशिया कप खिताब की ओर एक और कदम बढ़ाना चाहेगी, जबकि बांग्लादेश उलटफेर कर फाइनल का टिकट हासिल करने के इरादे से उतरेगा.
दुबई की पिच रिपोर्ट
दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम की पिच इस टूर्नामेंट में स्पिन गेंदबाजों के लिए मददगार रही है. भारतीय स्पिन आक्रमण ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए 21 विकेट झटके हैं. बाएं हाथ की स्पिनर श्री चरणी बेहतरीन फॉर्म में हैं और पिछले आठ टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 21 विकेट ले चुकी हैं. यहां खेले गए 12 मुकाबलों में से 8 बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीत दर्ज की है, ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले बल्लेबाजी का फैसला कर सकती है.
भारत बनाम बांग्लादेश हेड-टू-हेड रिकॉर्ड
भारत और बांग्लादेश की महिला टीमों के बीच अब तक 24 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले गए हैं. इनमें भारतीय टीम का पूरी तरह दबदबा रहा है. टीम इंडिया ने 21 मैच अपने नाम किए हैं, जबकि बांग्लादेश सिर्फ 3 मुकाबले जीत सका है. आंकड़े भारत के पक्ष में जरूर हैं, लेकिन नॉकआउट मुकाबले में बांग्लादेश की टीम किसी भी तरह की ढिलाई का फायदा उठाने की कोशिश करेगी.
भारत की ताकत और चिंता
ग्रुप चरण में भारत ने अपने तीनों मैच जीते, लेकिन बल्लेबाजी क्रम ने कुछ मौकों पर निराश भी किया. थाईलैंड के खिलाफ भारतीय टीम 108 रन पर तीसरा विकेट गंवाने के बाद 137 रन तक नौ विकेट खो बैठी थी. ऐसे में कप्तान हरमनप्रीत कौर को अपने बल्लेबाजों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी. जेमिमा रोड्रिग्स की गैरमौजूदगी में तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी कर रही प्रतीका रावल पर भी नजरें रहेंगी. उन्होंने तीन पारियों में 36 रन बनाए हैं और बड़े मैच में उनसे अहम योगदान की उम्मीद होगी.
बांग्लादेश की नजर उलटफेर पर
बांग्लादेश की बल्लेबाजी भी लगातार संघर्ष करती रही है, लेकिन तेज गेंदबाज मारूफा अख्तर टीम के लिए बड़ी उम्मीद हैं. उन्होंने टूर्नामेंट के हर मैच में नई गेंद से प्रभाव छोड़ा है और उनका इकॉनमी रेट 3.27 रहा है. शुरुआती ओवरों में गेंद को स्विंग कराने की उनकी क्षमता भारतीय टॉप ऑर्डर के लिए चुनौती बन सकती है.
फाइनल की टिकट पर नजर
इस मुकाबले की विजेता टीम 13 सितंबर को खेले जाने वाले एशिया कप 2026 के फाइनल में जगह बनाएगी. भारतीय टीम जहां अपने रिकॉर्ड को और मजबूत करना चाहेगी, वहीं बांग्लादेश इतिहास रचने के इरादे से मैदान पर उतरेगा.
संभावित प्लेइंग XI
भारत:
स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, प्रतीका रावल, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), भारती फुलमाली, राधा यादव, श्री चरणी, रेणुका सिंह ठाकुर, अरुंधति रेड्डी.
बांग्लादेश:
दिलारा अख्तर, फरजाना इस्मिन, निगार सुल्ताना (कप्तान और विकेटकीपर), शर्मिन अख्तर सुप्ता, रितु मोनी, शोर्ना अख्तर, फाहिमा खातून, राबिया खान, मारूफा अख्तर, नाहिदा अख्तर, सुल्ताना खातून.
भारतीय टीम स्क्वाड : हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उप-कप्तान), शेफाली वर्मा, भारती फुलमाली, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), जी. कमलिनी (विकेटकीपर), अरुंधति रेड्डी, प्रेमा रावत, राधा यादव, श्री चरणी, रेणुका सिंह ठाकुर, नंदनी शर्मा, क्रांति गौड़ और प्रतीका रावल
बांग्लादेशी टीम स्क्वाड : निगार सुल्ताना (कप्तान), नाहिदा अख्तर (उप-कप्तान), दिलारा अख्तर, फरजाना इस्मिन, जुएरिया फिरदौस, शर्मिन अख्तर सुप्ता, सरमिन सुल्ताना, शोभना मोस्तरी, शोर्ना अख्तर, रितु मोनी, फाहिमा खातून, राबिया खान, मारूफा अख्तर, सुल्ताना खातून और संजीदा अख्तर मेघला
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं