गुजरात के वडोदरा स्थित जीएमईआरएस मेडिकल कॉलेज में रैगिंग का गंभीर मामला सामने आया है. आरोप है कि सेकेंड ईयर के कुछ सीनियर छात्रों ने हॉस्टल परिसर में पटाखे फोड़ने को लेकर हुए विवाद के बाद जूनियर छात्रों को देर रात बुलाकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया. इस घटना से तनाव में आए तीन छात्रों में से एक ने आत्महत्या की कोशिश की, हालांकि वहां मौजूद एक अन्य छात्र ने समय रहते उसे बचा लिया.
कमरे नंबर 814 में बुलाकर मानसिक प्रताड़ना का आरोप
आत्महत्या की कोशिश करने वाले छात्र का आरोप है कि उसे हॉस्टल की आठवीं मंजिल पर स्थित कमरा नंबर 814 में बुलाया गया था. वहां एक छोटे से कमरे में करीब आठ लोग मौजूद थे, जिन्होंने उसे मानसिक रूप से परेशान किया. छात्र ने बताया कि वह एमबीबीएस में एक साल पीछे चल रहा है और चार अवसरों में से एक प्रयास इस्तेमाल होने को लेकर उस पर दबाव बनाया गया. उसके अनुसार, पांच प्रमुख छात्रों ने उसे प्रताड़ित किया, जिनमें एक फाइनल ईयर का छात्र भी शामिल था.
"सिर्फ निलंबन काफी नहीं, कड़ी सजा हो"
पीड़ित छात्र ने कहा कि यदि आरोपियों को केवल छह महीने या एक साल के लिए निलंबित किया जाता है तो यह पर्याप्त नहीं होगा, क्योंकि वे बाद में फिर कॉलेज लौट आएंगे. उसने मामले में शामिल सभी छात्रों के खिलाफ पुलिस शिकायत दर्ज कराने और सख्त दंड देने की मांग की है.
कॉलेज प्रशासन ने शुरू की जांच
मेडिकल कॉलेज की डीन डॉ. विशाला पंड्या ने बताया कि तीन छात्रों के मानसिक उत्पीड़न की शिकायत कॉलेज प्रशासन को मिली थी, जिसके कारण उनकी मानसिक स्थिति प्रभावित हुई. उन्होंने कहा कि फिलहाल सबसे पहले प्रभावित छात्र की देखभाल पर ध्यान दिया जा रहा है, साथ ही घटना की जांच और सभी संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है. एंटी-रैगिंग कमेटी के सदस्य डॉ. हितेश राठौड़ ने बताया कि यह घटना दो दिन पहले परीक्षा और पटाखे फोड़ने को लेकर हुए विवाद के बाद हुई थी. उन्होंने कहा कि यदि जांच में रैगिंग की पुष्टि होती है तो नियमों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
5 छात्र छह महीने के लिए रस्टिकेट
एंटी-रैगिंग कमेटी की जांच बैठक पूरी होने के बाद डीन डॉ. विशाला पंड्या ने घोषणा की कि गोट्री स्थित मेडिकल कॉलेज में रैगिंग के आरोपों के चलते पांच छात्रों को छह महीने के लिए रस्टिकेट कर दिया गया है. इन छात्रों को अगले छह महीने तक हॉस्टल में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी. हालांकि वे इस अवधि के दौरान कॉलेज में अपनी पढ़ाई जारी रख सकेंगे. वहीं, प्रभावित छात्रों को कानूनी कार्रवाई करने की पूरी स्वतंत्रता दी गई है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं