Gujarat Titans Achieves 2 Super Feats After Win vs RCB, IPL 2026: आईपीएल 2026 के 42वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस (GT) ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को 4 विकेट से धूल चटाकर अपनी बादशाहत एक बार फिर साबित कर दी है. नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आरसीबी को 155 रनों पर समेटने के बाद गुजरात ने महज 15.5 ओवरों में लक्ष्य हासिल कर लिया. कप्तान शुभमन गिल (43 रन) और राहुल तेवतिया (नाबाद 27 रन) की पारियों के दम पर मिली इस जीत ने गुजरात के उन दो अविश्वसनीय आंकड़ों को फिर से चर्चा में ला दिया है, जो 2022 में उनके डेब्यू के बाद से उन्हें सबसे खतरनाक टीम बनाते हैं. गुजरात की टीम अब 9 में से 5 मैच जीतकर पांचवें स्थान पर मजबूती से कायम है.
गुजरात टाइटंस के 'सुपर कमाल' प्रदर्शन की पहली बड़ी बात लक्ष्य का पीछा करने में उनकी महारत है. साल 2022 से अब तक गुजरात ने 39 बार लक्ष्य का पीछा किया है, जिसमें से टीम ने 26 मैचों में जीत दर्ज की है और केवल 13 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है. दूसरा और सबसे हैरान करने वाला आंकड़ा टीम का जीत-हार का अनुपात है. गुजरात का जीत प्रतिशत 66.67 है और उनका जीत-हार का अनुपात 2 का है, जिसका सीधा मतलब है कि यह टीम हर एक हार के बदले दो जीत दर्ज करती है. 2022 से अब तक आईपीएल की सभी टीमों में यह अनुपात सबसे ज्यादा है, जो यह दर्शाता है कि गुजरात की 'जीत की धार' आने वाले मैचों में भी विरोधियों के लिए काल बनी रहेगी.
आरसीबी की टीम को जैकब बेथेल और विराट कोहली की सलामी जोड़ी ने संभली हुई शुरुआत दिलाई. दोनों खिलाड़ियों ने 2.4 ओवरों में 34 रन जोड़े. जैकब बेथेल 5 रन बनाकर आउट हुए. अगले ही ओवर में विराट कोहली भी पवेलियन लौट गए, जिन्होंने 13 गेंदों में 1 छक्के और 5 चौकों के साथ 28 रन की पारी खेली. आरसीबी ने 3.2 ओवरों में 35 के स्कोर तक दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए थे. यहां से देवदत्त पड्डिकल ने कप्तान रजत पाटीदार (19) के साथ तीसरे विकेट के लिए 26 गेंदों में 44 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन इस जोड़ी के टूटते ही विकेटों का पतझड़ लग गया.
इस बीच पड्डिकल ने रोमारियो शेफर्ड के साथ सातवें विकेट के लिए 30 रन जुटाए. पड्डिकल 24 गेंदों में 2 छक्कों और 5 चौकों के साथ 40 रन बनाकर आउट हुए, जबकि शेफर्ड ने 17 रन का योगदान टीम के खाते में दिया. इसके बाद वेंकटेश अय्यर (12) ने भुवनेश्वर कुमार (नाबाद 15) के साथ 9वें विकेट के लिए 29 रन जुटाकर टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया. विपक्षी खेमे से अरशद खान ने 3.2 ओवरों में 22 रन देकर सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए, जबकि जेसन होल्डर और राशिद खान ने 2-2 विकेट निकाले. मोहम्मद सिराज और कगिसो रबाडा को 1-1 सफलता मिली.
इसके जवाब में गुजरात टाइटंस ने 15.5 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया. साईं सुदर्शन ने कप्तान शुभमन गिल के साथ 3 ओवरों में 42 रन की साझेदारी की. सुदर्शन 6 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जबकि गिल ने 18 गेंदों में 43 रन बनाए. उनकी इस पारी में 3 छक्के और 4 चौके शामिल रहे. इस टीम ने 5 ओवरों में 57 के स्कोर तक सलामी जोड़ी को गंवा दिया था, जिसके बाद जोस बटलर (39) ने वॉशिंगटन सुंदर (12) के साथ तीसरे विकेट के लिए 15 गेंदों में 35 रन जुटाकर टीम को मजबूत स्थिति में ला दिया था, लेकिन इस जोड़ी के टूटने के बाद टीम बिखरती नजर आई. आलम ये रहा कि जीटी ने 111 के स्कोर तक 5 विकेट गंवा दिए थे.
इसके बाद राहुल तेवतिया ने जेसन होल्डर के साथ छठे विकेट के लिए 20 गेंदों में 36 रन की साझेदारी करते हुए टीम को जीत की दहलीज पर ला दिया. तेवतिया 17 गेंदों में 4 चौकों के साथ 27 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि होल्डर ने 12 रन का योगदान टीम के खाते में दिया. आरसीबी की तरफ से भुवनेश्वर कुमार ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए, जबकि रोमारियो शेफर्ड ने 2 विकेट निकाले. सुयश शर्मा के नाम पर 1 विकेट रहा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं