विज्ञापन

'बोलकर गया था 13 छक्के लगाउंगा' संगाकार ने वैभव सूर्यवंशी को लेकर किया बड़ा खुलासा

वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में धमाकेदार प्रदर्शन किया था. वैभव ना सिर्फ टूर्नामेंट में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे, बल्कि उन्होंने सबसे अधिक स्ट्राइक रेट से भी रन बनाए.

'बोलकर गया था 13 छक्के लगाउंगा' संगाकार ने वैभव सूर्यवंशी को लेकर किया बड़ा खुलासा
Kumar Sangakkara on Vaibhav Sooryavanshi

वैभव सूर्यवंशी अभी सिर्फ 15 साल के हैं, लेकिन इस खिलाड़ी ने जो परिपक्वता दिखाई है, वह उनकी उम्र से कहीं ज्यादा है. उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी ने उन्हें 'बॉस बेबी' टैग हासिल करने में मदद की है. इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में, इस युवा बल्लेबाज ने राजस्थान रॉयल्स का प्रतिनिधित्व किया और 776 रनों के साथ ऑरेंज कैप जीती. उन्होंने सीज़न में रिकॉर्ड 72 छक्के भी लगाए, और 2012 सीज़न के टॉपर क्रिस गेल के 59 छक्कों का रिकॉर्ड आसानी से तोड़ दिया. वहीं अब राजस्थान रॉयल्स के मुख्य कोच कुमार संगकारा ने वैभव के माइंडसेट को लेकर एक खुलासा किया है, जब इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने बैटिंग से पहले कहा था कि वो 13 छक्के लगाएंगे और वो 10 छक्के लगाने में सफल हुए थे. 

कुमार संगाकारा ने स्काई स्पोर्ट्स से बात करते हुए वैभव सूर्यवंशी को लेकर कहा,"इस साल, हम लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ खेल रहे थे. हमें गेम जीतने और कॉम्पिटिशन में बने रहने के लिए 220 (221) का टारगेट चेज़ करना था. हमने पहले फील्डिंग की. वैभव बाहर जा रहा था, उसने मुझे आंख मारी और कहा, 'कोच, चिंता मत करो. हो गया.' वह ड्रेसिंग रूम में गया और डोनोवन फरेरा और लुआन-ड्रे प्रीटोरियस से कहा, 'सुनो, तुम दोनों. मैं अब 13 छक्के मारने वाला हूं. और एक बार जब मैं ऐसा कर लूंगा, तो तुम बाकी काम कर लेना."

संगाकारा ने आगे कहा,"उसने 10 छक्के मारे. और जब वह पांच छक्के लगा चुका था, तो डोनोवन और प्रीटोरियस ने सोचा, 'वह किस बारे में बात कर रहा है?' फिर वे अचानक बैठ गए और कहा, 'हमें इसे काउंटडाउन करना शुरू कर देना चाहिए क्योंकि यह लड़का असल में ऐसा करने वाला है.' तो, उसका कॉन्फिडेंस इसी लेवल का है."

बता दें, संगाकारा जिस मैच का जिक्र कर रहे हैं वो 19 मई को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में हुआ था. राजस्थान के कार्यवाहक कप्तान  यशस्वी जयसवाल ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला लिया था. लखनऊ ने इसके बाद 5 विकेट खोकर 220 रन बनाए थे. 

इसके बाद सूर्यवंशी ने सिर्फ 48 गेंदों में 93 रन बनाए और राजस्थान रॉयल्स ने सात विकेट शेष रहते रन चेज पूरा किया. ध्रुव जुरेल ने 38 गेंदों पर नाबाद 53 रन बनाये, जिससे उनकी टीम को मदद मिली. वैभव की धमाकेदार बल्लेबाजी के दम पर राजस्थान ने आईपीएल 2026 में अच्छा प्रदर्शन किया और वे क्वालीफायर 2 में पहुंचे थे, जहां उन्हें गुजरात टाइटंस से हार का सामना करना पड़ा था.

यह भी पढ़ें: पाकिस्तान के खिलाफ भारत की लगातार 17वीं जीत के बाद हॉकी इंडिया का रिएक्शन हुआ वायरल

यह भी पढ़ें: 'स्क्वाड में मेरी पंसद नहीं होंगे' रोहित शर्मा के 2027 वनडे वर्ल्ड कप खेलने पर संजय मांजरेकर का बड़ा बयान

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Vaibhav Sooryavanshi, Cricket, Kumar Sangakkara
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com