- देहरादून के राधा कृष्ण मंदिर से शुक्रवार दोपहर शिवलिंग पर लगे चांदी का छत्र चोरी हो गया
- चोरी की घटना व्यस्त दिलाराम बाजार में हुई जहां चोर को भीड़ और सीसीटीवी का कोई डर नहीं था
- चोर ने मंदिर में प्रवेश कर पहले हाथ जोड़कर आसपास देखा और फिर छत्र को कपड़ों में छिपा लिया
अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले के बीच उत्तराखंड के एक मंदिर से भी चोरी का मामला सामने आया है. घटना देहरादून के राधा कृष्ण मंदिर की है. एक शख्स भरी दोपहर मंदिर में घुसा और शिवलिंग पर लगा चांदी का छत्र चुरा ले गया. उसकी ये हरकत वहां लगे सीसीटीवी में कैद हो गई. हैरानी की बात यह है कि ये मंदिर शहर के व्यस्त इलाका दिलाराम बाजार में है. आसपास भीड़भाड़ के बाद भी चोर को जरा भी डर नहीं लगा.
चोर ने शिवलिंग से चुराया छत्र
मंदिर में चोरी की ये घटना शुक्रवार दोपहर करीब पौने पांच बजे के आसपास घटी. हैरानी की बात यह है कि इस समय बाजार में लोगों की आवाजाही रहती है लेकिन चोर को जरा भी संकोच नहीं हुआ. न उसे लोगों का खौफ था और न ही भगवान का. मंदिर प्रबंधन समिति को जैसे ही घटना की जानकारी मिली उन्होंने तुरंत सीसीटीवी चैक किया. जिसमें एक चोर मंदिर में शिवलिंग पर लगे छत्र को उतारकर अपने कपड़ो में छुपाते हुए दिखाई दे रहा है. छत्र चुराते ही वह मंदिर से चला गया.
देहरादून के मंदिर में दिनदहाड़े चोरी, शिवलिंग का चांदी का छत्र ले उड़ा चोर
— NDTV India (@ndtvindia) June 27, 2026
उत्तराखंड के देहरादून स्थित राधा कृष्ण मंदिर में दिनदहाड़े चोरी का मामला सामने आया है. एक शख्स मंदिर में घुसकर शिवलिंग पर लगा चांदी का छत्र चुराकर फरार हो गया. पूरी घटना मंदिर में लगे CCTV कैमरे में कैद… pic.twitter.com/fuuRyJrYAD
छत्र कपड़ों में छिपाकर ले गया चोर
मंदिर प्रबंधन की चोरी की शिकायत पर डालनवाला पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. आरोपी की तलाश की जा रही है. हैरान करने वाली बात यह है कि चोर जैसे ही मंदिर में पहुंचा सबसे पहले उसने शिवलिंग के सामने हाथ जोड़कर इधर-उधर देखा. तस्वीरें देखकर ऐसा लग रहा है कि जैसे वह सीसीटीवी की तरफ ही देख रहा था. जब उसे लगा कि आसपास कोई नहीं है तो उसने शिवलिंग पर लगा छत्र उठाया और चुपके से अपने कपड़ों में छिपा लिया. फिर कपड़े ठीक कर वहां से फरार हो गया.
ये भी पढ़ें-बैंक में जुटते थे राम मंदिर के चढ़ावा चोर, वहीं होता था रकम का बंटवारा, हेराफेरी में बैंक कर्मी भी शामिल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं