दिल्ली में सितारे जमीं पर उतर आये हैं. दिल्ली गॉल्फ़ क्लब के 18वें होल के लाउंज में सचिन तेंदुलकर की एक झलक ने इस टूर्नामेंट को दुनिया भर में देख रहे फ़ैन्स के बीच सुगबुगाहट तेज़ कर दी है. फ़ैन्स एक साथ गॉल्फ़, क्रिकेट और फ़ुटबॉल की बात करते दिख रहे हैं. दिल्ली गॉल्फ़ क्लब और डीपी वर्ल्ड टूअर में गुरुवार को बारिश ने 4 मिलियन डॉलर या क़रीब 35 करोड़ की इनामी रकम वाले डीपी वर्ल्ड टूअर टूर्नामेंट में खलल डालने की कोशिश की. डीपी वर्ल्ड टूर टूर्नामेंट में दुनिया के टॉप 100 गॉल्फ़र्स में से 14 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं. इसलिए दुनिया भर के गॉल्फ़ प्रेमियों की इसपर पैनी निगाहें हैं.
सचिन के आने की ख़बर जंगल में आग की तरह फ़ैली!
शुक्रवार को खिली धूप और त्यौहार के मौसम के साथ सितारों के बीच दुनिया के दूसरे खेल सितारों के साथ सचिन तेंदुलकर के आने की ख़बर दिल्ली में आग की तरह फ़ैली गई.
An icon of Indian cricket @sachin_rt has arrived at Delhi Golf Club 🇮🇳 #DPWIC https://t.co/TXNWDrBi39
— DP World Tour (@DPWorldTour) October 16, 2026
बुधवार को दो बार के फ़ुटबॉल वर्ल्ड चैंपियन ब्राज़ीली सुपरस्टार रोनाल्डो के दिल्ली गॉल्फ़ क्लब आने की ख़बर ने पहले ही पूरे शहर के फ़ुटबॉल फ़ैन्स को उत्साहित कर दिया था.
सचिन तेंदुलकर को लेकर अलग बेताबी
दोपहर करीब दो बजे गॉगल्स लगाये सचिन तेंदुलकर 18वें होल और पूरे गॉल्फ़ कोर्स का लुत्फ़ उठाते नज़र आये. सचिन तेंदुलकर की गॉल्फ़ में गहरी दिलचस्पी है. सचिन डीपी वर्ल्ड के ग्लोबल अंबैसडर हैं और पिछले साल भी दिल्ली गॉल्फ़ क्लब आए थे.

Photo Credit: NDTV
सचिन तेंदुलकर, कपिल देव और युवराज सिंह जैसे कई सितारों के गॉल्फ़ में लगातार आने की वजह से अब टीम इंडिया के क्रिकेट कप्तान शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा समेत कई सितारे गॉल्फ़ के सहारे अपने क्रिकेट के स्विंग जैसे कई हुनर को मांज रहे हैं.

फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप विजेता रोनाल्डो हुए हैरान!
दो बार के वर्ल्ड चैंपियन, गोल मशीन और जर्सी नंबर 9 वाले ब्राज़ीली सुपरस्टार रोनाल्डो ने दिल्ली गॉल्फ़ क्लब में गॉल्फ़ स्टिक के साथ दो-दो हाथ भी किया. फिर भारतीय खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे से मिलकर उन्हें अपनी 9 नंबर की जर्सी भी भेंट की. यही नहीं, उन्होंने अपने फ़ुटबॉल बूट भी एक गॉल्फ़ क्लब को भेंट कर दिये.
A memorable interaction with Ronaldo Nazário, the legendary Brazilian striker known as R9 & O Fenômeno (The Phenomenon). A two-time FIFA World Cup winner and one of football's all-time greats, his extraordinary journey continues to inspire generations. Interactions like these reinforce the importance of building a strong sporting ecosystem that empowers young Indian talent to dream big and compete at the highest level. @Ronaldo
— Raksha Khadse (@khadseraksha) October 15, 2026
ब्राज़ीली फ़ुटबॉलर रोनाल्डो ने दिल्ली के गॉल्फ़ कोर्स के फ़ेयरवेज़ के साथ इसके रफ़ को लेकर भी टिप्पणी की. रोनाल्डो ने कहा, 'इस गॉल्फ़ कोर्स का रफ़ कमाल का है. ये बहुत बड़ा है. ये मुश्किल रफ़ भी है.' उन्होंने गॉल्फ़ कोर्स पर हाथ आज़माते हुए कहा, 'मैं यहां अपने हिट्स से खुश हूं. थोड़े शॉट्स इधर-उधर भी गये.'

कपिल देव- भारतीय युवा भी बन सकते हैं वर्ल्ड चैंपियन
विश्व विजेता कप्तान कपिल देव क्रिकेट की तरह ही गॉल्फ़ की दुनिया में बड़ा नाम बना चुके हैं. कपिल देव ने डीपी वर्ल्ड टूअर टूर्नामेंट के दौरान कहा, 'हमारी ज़िम्मेदारी है कि हम युवा खिलाड़ियों के एक्सपोज़र के लिए उन्हें प्लेटफॉर्म दें. उनके पास अभी दुनिया के दूसरे देशों जैसे बेस्ट साधन उपलब्ध नहीं हैं. अगर हम उन्हें मौक़ा देते हैं, तो कौन जाने इनमें से कुछ खिलाड़ी कल के टॉमी फ़्लीटवुड (वर्ल्ड नंबर 6 गॉल्फ़र) या रोरि मैकिलरॉय (वर्ल्ड नंबर 2) जैसे खिलाड़ी बन जाएं जो दिल्ली गॉल्फ़ क्लब में DP World टूर में हिस्सा ले रहे हैं.'

युवराज सिंह- तो मेरे 3000 रन और होते
विश्व विजेता ऑलराउंडर क्रिकेटर युवराज सिंह पहले ही बयान दे चुके हैं कि उन्होंने गॉल्फ़ जैसे खेल में हाथ आज़माने में देरी की. वो कहते रहे हैं, 'अगर मैं पहले गॉल्फ़ खेल रहा होता तो शायद मेरे क्रिकेट करियर में मेंने 3000 और रन बनाये होते.'

युवी, क्रिकेट कप्तान शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा जैसे दूसरे क्रिकेट सितारों को गॉल्फ़ के मैदान पर आने को प्रेरित करते रहते हैं. युवी का मानना है कि गॉल्फ़ अच्छा खेलने से क्रिकेटर का बैट स्विंग बेहतर हो सकता है.
केविन पीटरसन और ब्रेट ली ने बढ़ाई रौनक
दिल्ली गॉल्फ़ कोर्स पर इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर केविन पीटरसन और पूर्व ऑस्ट्रेलियाई पेसर गेंदबाज़ ब्रेट ली की मौजूदगी भी क्रिकेट और गॉल्फ़ के फ़ैन्स में हलचल तेज़ करती रही.
फ़ैन्स सेल्फ़ी और फ़ोटोग्राफ़ के लिए इन सितारों के गिर्द तांता लगाते दिखे. इन सितारों का जमघट इस बात का इशारा हैं कि क्रिकेट के देश में गॉल्फ़ की पहुंच भी तेज़ी से बढ़ रही है.
यह भी पढ़ें- VIDEO: पाकिस्तान पहुंचते ही इंग्लिश खिलाड़ियों का खास स्वागत, सिर पर सजाई पश्तून टोपी, तस्वीरों ने खींचा ध्यान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं