पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान जल्द ही पाकिस्तान स्थित श्री करतारपुर साहिब गुरुद्वारा के दर्शन के लिए जा सकते हैं. इस संबंध में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भारत सरकार के विदेश मंत्रालय से अनुमति मांगी है. आम आदमी पार्टी की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री मान ने पाकिस्तान के नारोवाल जिले में स्थित श्री करतारपुर साहिब गुरुद्वारा जाने के लिए आधिकारिक अनुमति का अनुरोध किया है.
विदेश मंत्रालय से मांगी अनुमति
बताया जा रहा है कि अनुमति मिलने के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान करतारपुर कॉरिडोर के माध्यम से गुरुद्वारा श्री दरबार साहिब करतारपुर में माथा टेकने जाएंगे. फिलहाल विदेश मंत्रालय की ओर से इस संबंध में अनुमति को लेकर कोई आधिकारिक फैसला सामने नहीं आया है. श्री करतारपुर साहिब सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव जी से जुड़ा अत्यंत पवित्र स्थल है. भारत और पाकिस्तान के बीच बनाए गए करतारपुर कॉरिडोर के जरिए भारतीय श्रद्धालु बिना वीजा के वहां दर्शन के लिए जा सकते हैं.
पंजाब के सीएम भगवंत मान ने बुधवार को फिर दोहराया कि सभी प्रमुख कल्याणकारी गारंटी तब तक जारी रहेंगी, जब तक आम आदमी पार्टी की सरकार है. जालंधर के डोनेवाल में 'लोक मिलनी' कार्यक्रम के दौरान लोगों से बातचीत करते हुए उन्होंने पंजाब में भाजपा, कांग्रेस और अकाली दल के कामकाज के रिकॉर्ड पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि जिन पार्टियों ने दशकों तक राज्य पर शासन किया और जिनके दौर में नशा फैला, वे अब बदलाव के वादे कर रही हैं.
मुख्यमंत्री ने सरकारी भर्तियों में पारदर्शिता, कल्याणकारी योजनाओं और चल रहे विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि पंजाब अब तरक्की की राह पर आगे बढ़ गया है. उन्होंने लोगों से इस सफर को मिलकर और तेज करने की अपील की। साथ ही उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने सालों तक राज्य का शोषण किया है, उन्हें आने वाले चुनावों में जनता से जवाब मिलेगा.
एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री मान ने कहा कि इन पार्टियों ने अपने शासनकाल में राज्य और इसके संसाधनों का अंग्रेजों से भी कहीं ज्यादा बेरहमी से शोषण किया है. ये अपने कुकर्मों के लिए किसी भी तरह की नरमी के हकदार नहीं हैं, क्योंकि इन्होंने राज्य और यहां के लोगों की पीठ में छुरा घोंपा है—जो कि एक अक्षम्य अपराध है. अकालियों ने गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी की है, और दुर्भाग्य से, एसजीपीसी उनके हाथों की कठपुतली बनकर रह गई है. मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष के नेता आपस में मिले हुए हैं और सत्ता में रहते हुए एक-दूसरे के हितों को साधने के लिए 'म्यूजिकल चेयर' खेलते हैं.
यह भी पढ़ें | श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर केंद्र सरकार को श्री करतारपुर साहिब गलियारा खोलना चाहिए: CM भगवंत सिंह
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं