Viral Video: इंग्लैंड की राजधानी लंदन में 9 दिसंबर 2026 को एक नीलामी होने जा रही है, जिसमें ताजमहल के तहखाने से मिला खूबसूरत नक्काशी वाला संगमरमर का टुकड़ा भी पेश किया जाएगा. ल्योन एंड टर्नबुल नाम के ऑक्शन हाउस ने 19 नवंबर को अपनी इंस्टाग्राम पोस्ट में इसकी झलक दिखाते हुए कहा था कि ये पिछले 200 साल से एक ही ब्रिटिश परिवार के पास सुरक्षित रखा था.
कब और किसे मिला था यह टुकड़ा?
वीडियो में बताया गया कि यह संगमरमर का टुकड़ा ईस्ट इंडिया कंपनी के कर्नल पॉनॉल फिप्स को मिला था. वह 19वीं सदी की शुरुआत में आगरा में ताजमहल और दूसरे ऐतिहासिक भवनों की देखरेख के लिए तैनात थे. ऑक्शन हाउस के मुताबिक, यह टुकड़ा ताजमहल के नीचे बने एक भूमिगत कमरे से मिला था और फिप्स को इसे अपने पास रखने की अनुमति दी गई थी.
यहां देखें पूरा वीडियो:-
'ताजमहल को नुकसान पहुंचाने वालों को रोकते थे फिप्स'
पोस्ट में यह भी बताया गया कि फिप्स स्मारकों के संरक्षण को लेकर काफी सख्त थे. उनके बेटे ने एक घटना का जिक्र करते हुए लिखा था कि एक बार एक अंग्रेज महिला ताजमहल के संगमरमर में जड़े पत्थरों को स्टील के कांटे से निकालने की कोशिश कर रही थी. तब फिप्स को मौके पर बुलाया गया था.
1816 में फिप्स को भारत के गवर्नर जनरल ने लोअर प्रोविंसेज का सुपरिंटेंडेंट ऑफ बिल्डिंग्स नियुक्त किया था, जिसके बाद उन्हें आगरा छोड़कर कोलकाता जाना पड़ा. अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने भारतीय ड्राफ्ट्समैन और कलाकारों की एक टीम की मदद से कई ऐतिहासिक इमारतों के विस्तृत चित्र भी तैयार करवाए थे. इनमें से कई चित्र बाद में लंदन के विक्टोरिया एंड अल्बर्ट म्यूजियम के संग्रह का हिस्सा बने.
यह भी पढ़ें | यमुना में प्लास्टिक फेंकने से रोका तो मारने के लिए दौड़ा...Video देख लोग दिल्ली पुलिस से कर रहे एक्शन की मांग
यह भी पढ़ें | ऑस्ट्रेलिया में टेस्ला कार की डिलीवरी लेने गए भारतीय कपल ने बताया एक्सपीरियंस, बोले- 'सपने चूर-चूर हो गए'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं