- शरद पवार की एनसीपी ने परिसीमन बिल का समर्थन किया, जिससे इंडिया गठबंधन में मतभेद उभरकर सामने आए हैं.
- महाराष्ट्र कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने शरद पवार पर बीजेपी के साथ मिलकर काम करने का गंभीर आरोप लगाया है.
- वडेट्टीवार ने कहा कि एनसीपी ने सत्ता और पैसे को विचारधारा से ऊपर रखा और लोकतंत्र को खतरा पहुंचाया है.
परिसीमन बिल को लेकर इंडिया गठबंधन के दलों में दरार दिख रही. शरद पवार की पार्टी एनसीपी (SP) ने इस बिल को लेकर सरकार के पक्ष में जाने का फैसला किया है. जिसके बाद कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने शरद पवार पर निशाना साधा है. जिससे महाराष्ट्र में बने महाविकास आघाड़ी में भी फूट दिख रही है. दिल्ली में आज हुई इंडिया गठबंधन की बैठक में भी सुप्रिया सुले शामिल नहीं हुई हैं. हालांकि बताया जा रहा है कि कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने फोन करके सुप्रिया सुले से मीटिंग में नहीं आने की वजह पूछी है. बताया जा रहा है कि शरद पवार की पार्टी के नेता विजय वडेट्टीवार के बयान से नाराज हैं.
सूत्रों के मुताबिक इस टकराव को संभालने के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने सुप्रिया सुले को फोन किया और उन्हें INDIA ब्लॉक की मीटिंग में शामिल होने के लिए बुलाया गया. कांग्रेस आखिरी पल तक चाहती है कि सुप्रिया सुले खुद आकर पार्टी का रुख साफ करें, क्योंकि अब तक वही कांग्रेस से बात करती रही हैं.
विजय वडेट्टीवार का शरद पवार पर निशाना
दरअसल, लोकसभा में शरद पवार की पार्टी ने बिल का समर्थन करने का ऐलान किया है. जितेंद्र आव्हाड ने शरद पवार से मुलाकात के बाद ऐलान किया था कि पार्टी परिसीमन को संवैधानिक प्रक्रिया मानती है और इसका समर्थन करेगी. इसके बाद शनिवार को महाराष्ट्र कांग्रेस के नेता विजय वडेट्टीवार ने दिल्ली में मोर्चा खोल दिया. उन्होंने कहा 'हमने इसलिए समर्थन नहीं दिया था कि हमारी पीठ में इस तरह खंजर घोंपा जाए. उन्होंने कहा कि शरद पवार का इतिहास ही पीठ में छुरा घोंपने का है, यही इनके दिमाग में है. उन्होंने कहा कि बीजेपी को साथ देने का फैसला बाप-बेटी ने घर में बैठकर लिया है. उन्होंने आरोप लगाया कि एनसीपी (एसपी) ने विचारधारा से ज्यादा सत्ता और पैसे को तरजीह दी है. पवार खुद को शिवाजी महाराज, फुले और अंबेडकर की विचारधारा पर चलने वाला बताते हैं, इसलिए कांग्रेस को भरोसा था कि वे ऐसा रुख नहीं अपनाएंगे. वडेट्टीवार ने कहा कि जब लोकतंत्र को नष्ट करने वालों की सूची बनेगी, तो उसमें शरद पवार का नाम भी होगा. परिसीमन के बाद देश में चुनाव ही नहीं होंगे, तानाशाही आ जाएगी.
ये वीडियो भी देखिए
राज्यसभा सीट का जिक्र भी किया
महाराष्ट्र कांग्रेस ने एक्स पर पोस्ट कर भी पवार को राज्यसभा चुनाव की याद दिलाई. कांग्रेस ने कहा कि मार्च 2026 में महाराष्ट्र की 7 राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव था. जीत के लिए 36 वोट चाहिए थे, जबकि एनसीपी (एसपी) के पास सिर्फ 10 विधायक थे. कांग्रेस के 16 और शिवसेना (यूबीटी) के 20 विधायक थे. कांग्रेस ने अपना दावा छोड़कर 85 साल के पवार को राज्यसभा भेजने में मदद की थी. सुप्रिया सुले ने खुद राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे से समर्थन मांगा था. अब वही पार्टी बीजेपी के परिसीमन बिल का समर्थन कर रही है.
सुप्रिया सुले इंडिया गठबंधन की बैठक में शामिल नहीं हुई
सुप्रिया सुले को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए इंडिया ब्लॉक की मीटिंग में शामिल होना था, लेकिन वडेट्टीवार के बयान की वजह से एनसीपी (एसपी) के सभी सांसदों ने उनसे मीटिंग में शामिल न होने की रिक्वेस्ट की है. सूत्रों के मुताबिक सुप्रिया सुले और शरद पवार दोनों ही वडेट्टीवार के बयान से नाराज हैं. सभी सांसदों की मांग है कि कांग्रेस पहले वडेट्टीवार के बारे में अपना रुख साफ करें
ये भी पढ़ेंः सत्ता लेकर मरना चाहते हैं, पीठ में छुरा घोंपने का इतिहास... पाला बदलने की खबर से शरद पवार पर भड़की कांग्रेस
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं