एक वक्त था कि भारत के जबरदस्त बल्लेबाज राहुल द्रविड़ और धुआंधार ओपनर वीरेंद्र सहवाग के नाम से पाकिस्तानी गेंदबाजी कांपती थी. उनके बल्ले से बरसने वाली आग का जिक्र तो पाकिस्तान के कई दिग्गज खिलाड़ी कर चुके हैं. अब पाकिस्तान को फिर से कुछ ऐसा ही झेलने के लिए तैयार रहना होगा. आप सोच रहा हैं कि आखिर ये क्या पहेली है, तो सीधे हम मुद्दे पर आते हैं. दरअसल, अंडर 19 टीम इंडिया में वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग और राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय द्रविड़ की एंट्री हुई है. ये दोनों बल्लेबाज भी अपने पिताओं की तरह ही पाकिस्तानी गेंदबाजों को पसीने छुड़ाते नजर आएंगे.
ओमान के मस्कट में 5 से 14 नवंबर तक होने वाले ACC मेन्स U19 एशिया कप में लक्ष्य रायचंदानी भारतीय टीम की कप्तानी करेंगे. हाल ही में नियुक्त परविंदर अवाना की अध्यक्षता वाली BCCI की जूनियर क्रिकेट कमिटी ने शुक्रवार को 15 सदस्यीय टीम की घोषणा की, जिसमें यशवर्धन सिंह चौहान को उप-कप्तान बनाया गया है.
अन्वय और आर्यवीर का बीनू मांकड़ ट्रॉफी में धमाका
अन्वय ने हाल ही में संपन्न बीनू मांकड़ ट्रॉफी में कर्नाटक के लिए पांच पारियों में 358 रन बनाए हैं, जिसमें एक अर्धशतक और दो शतक शामिल हैं. इसी टूर्नामेंट में, आर्यवीर ने दिल्ली की ओर से चंडीगढ़ के खिलाफ 143 गेंदों में शानदार 173 रन बनाए. वहीं, ईशान सूद ने आठ मैचों में 23 की औसत से 13 विकेट लिए हैं.
14 नवंबर को खेला जाएगा फाइनल
भारत को ग्रुप A में मौजूदा चैंपियन पाकिस्तान, नेपाल और UAE के साथ रखा गया है. ग्रुप B में बांग्लादेश, श्रीलंका, अफगानिस्तान और मलेशिया हैं. प्रत्येक ग्रुप की टॉप दो टीमें 12 नवंबर को होने वाले सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी, और फाइनल मुकाबला शनिवार, 14 नवंबर को खेला जाएगा.
फैंस को भारत-पाकिस्तान मुकाबले का इंतजार
भारत अपने अभियान की शुरुआत 6 नवंबर को OCC टर्फ 1 पर नेपाल के खिलाफ करेगा. इसके बाद, 8 नवंबर को उसी मैदान पर भारत का मुकाबला पाकिस्तान से होगा. फैंस को इस मुकाबले का बेसब्री से इंतजार है. इसके बाद 10 नवंबर को OCC टर्फ 2 पर UAE के खिलाफ मैच के साथ भारत का ग्रुप स्टेज समाप्त होगा.
भारत ने आठ बार जीता खिताब
भारत ने पिछले महीने राजकोट और अहमदाबाद में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ODI सीरीज (3-0) और टेस्ट सीरीज (2-0) जीती थी. अंडर-19 मेन्स एशिया कप में भारत सबसे सफल टीम रही है, जिसने आठ बार यह खिताब जीता है. पिछले साल के टूर्नामेंट में, भारत फाइनल में पाकिस्तान से 191 रनों से हारकर उपविजेता रहा था.
भारत U19 टीम: लक्ष्य रायचंदानी (कप्तान), यशबर्धन सिंह चौहान (उप-कप्तान), आर्यवीर सहवाग, वी.के. विनीत, कुशाग्र ओझा, अर्जुन राजपूत, मनल चौहान, अन्वय द्रविड़ (विकेटकीपर), रजत बघेल (विकेटकीपर), वी. यशवीर, आर्यन सवसानी, मोहित उलवा, काव्या पटेल, शाविन विनोद, इशान सूद.
यह भी पढ़ें- राशिद खान ने रच दिया इतिहास, बने T20I में ऐसा करने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज
यह भी पढ़ें- ODI में बिना छक्का लगाए बना दिए 167 रन, फिर भी नहीं टूटा 10 साल पुराना रिकॉर्ड, लिस्ट में सचिन का भी नाम
यह भी पढ़ें- मुंबई इंडियंस ने मलिंगा समेत 3 कोचों से तोड़ा नाता, IPL 2027 से पहले बदला पूरा गेमप्लान!
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं