AI के बढ़ते इस्तेमाल के बीच राइड-हेलिंग कंपनी Uber ने अपनी कस्टमर सर्विस टीम के करीब 10% कर्मचारियों की छंटनी कर दी है. कंपनी का कहना है कि वह AI की मदद से काम को ज्यादा आसान और तेज बनाना चाहती है. इसी वजह से यह बदलाव किया जा रहा है.
कस्टमर सपोर्ट टीम पर पड़ा सबसे ज्यादा असर
कई रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह छंटनी Uber के कम्युनिटी ऑपरेशंस डिवीजन में हुई है. यही टीम कस्टमर्स को सपोर्ट देने का काम करती है. रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि इस डिवीजन में रिमोट काम कर रहे कर्मचारियों को अब कंपनी के तय किए गए हब ऑफिस में शिफ्ट होने के लिए कहा गया है. यह Uber की रिटर्न-टू-ऑफिस प्लान का हिस्सा है.
AI की वजह से बदल रही है कंपनी
Uber अपने अंदरूनी काम को ज्यादा आसान और तेज बनाना चाहती है. इसके लिए कंपनी अपने अलग-अलग प्रोसेस में AI का इस्तेमाल बढ़ा रही है. रिपोर्ट्स में कंपनी के एक इंटरनल मैसेज का हवाला देते हुए कहा गया है कि मौजूदा ऑर्गेनाइजेशन स्ट्रक्चर काफी बिखरा हुआ था. इसकी वजह से नई AI टेक्नोलॉजी का पूरा फायदा नहीं मिल पा रहा था. यह पहली बार है जब Uber ने साफ तौर पर कर्मचारियों की छंटनी को अपनी AI स्ट्रैटेजी से जोड़ा है.
जून में भी हुई थी कर्मचारियों की छंटनी
इससे पहले जून में भी Uber ने अपने पीपल डिवीजन में करीब 23% पद खत्म किए थे. इसका असर कंपनी के करीब 34,000 ग्लोबल कर्मचारियों में से 1% से भी कम लोगों पर पड़ा था. कंपनी पहले ही कह चुकी थी कि AI का इस्तेमाल बढ़ने के बाद नई भर्तियों की रफ्तार धीमी होगी. हालांकि, Uber अभी भी 500 से ज्यादा पदों पर भर्ती कर रही है. इनमें ऑटोनॉमस मोबिलिटी और रोबोटैक्सी प्रोग्राम से जुड़े इंजीनियरिंग पद भी शामिल हैं.
पूरी टेक इंडस्ट्री में जारी है जॉब कट
Uber की यह छंटनी ऐसे समय में हुई है जब पूरी दुनिया की टेक इंडस्ट्री में लगातार नौकरियां जा रही हैं. हाल की एक रिपोर्ट के मुताबिक, 2026 के पहले पांच महीनों में दुनिया भर में 1 लाख से ज्यादा टेक जॉब्स खत्म हो चुकी हैं. इनमें सिर्फ मई महीने में ही करीब 28,900 कर्मचारियों की छंटनी हुई.
Layoffs.fyi के आंकड़ों के अनुसार, दुनिया भर में अब तक 1,16,739 टेक कर्मचारियों की नौकरी जा चुकी है. रिपोर्ट में कहा गया है कि Uber के अलावा Meta, Cloudflare, Intuit, PayPal, Cisco, Quora और Coinbase जैसी बड़ी टेक कंपनियां भी कॉस्ट ऑप्टिमाइजेशन, रीस्ट्रक्चरिंग और AI के बढ़ते इस्तेमाल पर फोकस करते हुए कर्मचारियों की संख्या कम कर रही हैं.
ये भी पढ़ें: Elon Musk Net Worth: मस्क को लगा बड़ा झटका, एक ही दिन में $44.4 अरब डूबे, जानें अब कितनी बची संपत्ति
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं