Elon Musk Net Worth: दुनिया के सबसे अमीर शख्स एलन मस्क को एक बड़ा झटका लगा है. टेस्ला और स्पेसएक्स के शेयरों में तेज गिरावट के बाद उनकी नेटवर्थ एक ही दिन में 44.4 अरब डॉलर यानी करीब 4.2 लाख करोड़ रुपये घट गई. ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के मुताबिक, अब उनकी कुल संपत्ति घटकर 745 अरब डॉलर रह गई है.
बता दें कि कुछ समय पहले ही मस्क दुनिया के पहले ट्रिलियनेयर बने में थे, लेकिन अब टेस्ला के तिमाही नतीजों के बाद निवेशकों का भरोसा कमजोर पड़ता दिखा.
टेस्ला के तिमाही नतीजों के बाद लुढ़के शेयर
अप्रैल से जून 2026 तिमाही के लिए टेस्ला ने अपने नतीजे जारी किए. कंपनी का रेवेन्यू 28.24 अरब डॉलर रहा, जो बाजार के अनुमान से बेहतर था. इसके बावजूद निवेशकों को मुनाफे के आंकड़े निराश कर गए. कंपनी का शुद्ध लाभ करीब 5% घटकर 1.11 अरब डॉलर रह गया. वहीं प्रति शेयर कमाई (EPS) सिर्फ 0.33 डॉलर रही, जबकि बाजार को 0.53 डॉलर की उम्मीद थी. नतीजों के बाद आफ्टर-मार्केट ट्रेडिंग में टेस्ला का शेयर करीब 5% तक लुढ़क गया.
साल 2026 में अब तक 15% टूट चुका है टेस्ला का शेयर
तिमाही नतीजों के बाद आई गिरावट ने टेस्ला के शेयर पर और दबाव बढ़ा दिया. कंपनी का शेयर पहले से ही इस साल लगातार गिर कर रहा है. साल 2026 में अब तक टेस्ला के शेयर में करीब 15% की गिरावट आ चुकी है. यही वजह रही कि एलन मस्क की कुल संपत्ति में भी एक दिन में भारी कमी देखने को मिली.
मुनाफा क्यों घटा? कंपनी ने बताईं ये बड़ी वजहें
टेस्ला ने बताया कि इस तिमाही में गाड़ियों की बिक्री बढ़ी, लेकिन कम कीमत पर वाहन बेचने, रेगुलेटरी क्रेडिट से कम कमाई और एनर्जी वारंटी से जुड़े अतिरिक्त खर्च का असर मुनाफे पर पड़ा. कंपनी का प्रॉफिट मार्जिन घटकर 16.8% रह गया. इसके साथ ही करीब 1.1 अरब डॉलर का निगेटिव कैश फ्लो भी दर्ज किया गया, जिसने निवेशकों की चिंता और बढ़ा दी.
कैपेक्स दोगुने से ज्यादा, बड़े निवेश पर उठे सवाल
टेस्ला ने इस तिमाही में पूंजीगत खर्च (Capex) बढ़ाकर करीब 5.79 अरब डॉलर कर दिया, जो पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले दोगुने से भी ज्यादा है. कंपनी अमेरिका में बड़े स्तर पर नए प्रोजेक्ट्स पर निवेश कर रही है. एलन मस्क ने इसे दूसरे विश्व युद्ध के बाद अमेरिका का सबसे तेज औद्योगिक विस्तार बताया.
ऑस्टिन में 20 अरब डॉलर का बड़ा चिप प्रोजेक्ट
टेस्ला, स्पेसएक्स और xAI मिलकर ऑस्टिन में 20 अरब डॉलर के 'Terabab' प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं. इसे दुनिया के सबसे बड़े चिप मैन्युफैक्चरिंग प्रोजेक्ट में से एक माना जा रहा है. कंपनी के मुताबिक टेक्सास में 'Cybercab' का प्रोडक्शन शुरू हो चुका है, जबकि Tesla Semi ट्रक का प्रोडक्शन भी 2026 के लिए तय योजना के अनुसार आगे बढ़ रहा है.
FSD सब्सक्राइबर बढ़े, लेकिन खर्च को लेकर चिंता बरकरार
टेस्ला ने बताया कि उसके FSD (Full Self-Driving) ड्राइवर असिस्टेंस प्रोग्राम के सब्सक्राइबर बढ़े हैं, जिससे कंपनी की कमाई में मदद मिली. हालांकि निवेशकों की सबसे बड़ी चिंता लगातार बढ़ते खर्च को लेकर बनी हुई है.
सीएफओ वैभव तनेजा ने कहा कि रिसर्च एंड डेवलपमेंट और अन्य ऑपरेटिंग कॉस्ट2026 और उसके बाद भी बढ़ सकते हैं क्योंकि कच्चे माल की लागत और ब्याज दरों का दबाव बना हुआ है.
रोबोटैक्सी पर भरोसा, लेकिन निवेशकों के मन में सवाल
अर्निंग्स कॉल के दौरान एलन मस्क ने कहा कि उन्हें भरोसा है कि कंपनी की रोबोटैक्सी सर्विस की डिमांड फ्यूचर में अच्छी रहेगी. उन्होंने कहा कि कंपनी इस टेक्नोलॉजी को लगभग 100% भरोसेमंद बनाने की दिशा में काम कर रही है. हालांकि वॉल स्ट्रीट के कई एनालिसेच अब भी यह जानना चाहते हैं कि कंपनी के भारी निवेश से भविष्य में कितना फायदा मिलेगा.
स्पेसएक्स और टेस्ला को लेकर अटकलें भी तेज
यह टेस्ला की पहली अर्निंग रिपोर्ट है, जो जून में स्पेसएक्स के शेयर बाजार में लिस्टेड होने के बाद आई है. लिस्टिंग के बाद स्पेसएक्स की वैल्यूएशन करीब 1.5 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच गई थी, जिससे एलन मस्क की संपत्ति 1 ट्रिलियन डॉलर के पार चली गई थी. हालांकि बाद के हफ्तों में स्पेसएक्स के शेयर भी कमजोर पड़े.
इस बीच टेस्ला और स्पेसएक्स के संभावित कॉम्बिनेशन को लेकर भी बाजार में चर्चाएं तेज हैं. एलन मस्क ने दोनों कंपनियों के बीच कई सहयोग की बात स्वीकार की, लेकिन किसी संभावित मर्जर पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं