TVS Family Dispute: चेन्नई स्थित दिग्गज कारोबारी ग्रुप टीवीएस एक बार फिर चर्चा में है. टीवीएस फैमिली विवाद में एक नया मोड़ आया है. ग्रुप के दिग्गज कारोबारी वेणु श्रीनिवासन की बेटी लक्ष्मी वेणु ने मद्रास हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है. उन्होंने परिवार की संयुक्त संपत्ति और शेयरहोल्डिंग में एक-तिहाई हिस्से की मांग की है.लक्ष्मी ने अपने पिता से परिवार की संपत्ति का कानूनी तरीके से बंटवारा करने की मांग की है. इसमें TVS Motor Company, TVS Holdings और VS Trust के जरिए रखी गई संपत्तियां और शेयर शामिल हैं.
याचिका में कहा गया है कि परिवार की शेयरहोल्डिंग को 2020 में हुए एक पारिवारिक समझौते के तहत एक साथ रखा गया था. लक्ष्मी के वकील ने बुधवार को मद्रास हाईकोर्ट में इस मामले का जिक्र किया. आज अदालत में इस मामले पर सुनवाई होने की उम्मीद है. उनकी कानूनी टीम कोर्ट से मुकदमा दायर करने की अनुमति मांगेगी.
पिता को पहले भेजा था संपत्ति बंटवारे का नोटिस
कोर्ट जाने से करीब एक हफ्ते पहले लक्ष्मी वेणु ने अपने पिता वेणु श्रीनिवासन को कानूनी नोटिस भेजा था. इसमें उन्होंने परिवार की संयुक्त संपत्ति के बंटवारे की मांग की थी. उन्होंने अपने पिता से परिवार के मुखिया के तौर पर अपनी जिम्मेदारी निभाने और संपत्ति का निष्पक्ष और कानूनी तरीके से बंटवारा सुनिश्चित करने को कहा था. लक्ष्मी का कहना है कि उनके पिता की ओर से भेजे गए जवाब में उनके कानूनी अधिकारों को उचित मान्यता नहीं दी गई. परिवार के भीतर बातचीत से विवाद सुलझाने की कई कोशिशें भी सफल नहीं हुईं. उन्होंने परिवार की संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज उपलब्ध कराने की मांग भी की है. उनका आरोप है कि लंबे समय से उन्हें ये दस्तावेज नहीं दिए गए.
भाई के बराबर हिस्सा चाहती हैं लक्ष्मी, मां ने किया समर्थन
इस विवाद में लक्ष्मी की मां और वेणु श्रीनिवासन की पत्नी मल्लिका श्रीनिवासन ने भी बेटी का समर्थन किया है. उन्होंने बयान जारी कर कहा कि परिवार की संपत्ति में बेटी और बेटे के अधिकार बराबर होने चाहिए. मल्लिका के मुताबिक, उनकी बेटी लक्ष्मी का संपत्ति में हिस्सा बेटे सुदर्शन से कम नहीं होना चाहिए. उन्होंने कहा कि परिवार के स्तर पर आपसी सहमति से विवाद सुलझाने की कोशिशें नाकाम रहने के बाद लक्ष्मी को अदालत जाना पड़ा. मल्लिका ने कहा, "एक मां के तौर पर मेरे लिए बेटा और बेटी हर मामले में बराबर हैं. मेरा मानना है कि लक्ष्मी का परिवार की संपत्ति में वैध हिस्सा है, जो सुदर्शन के हिस्से से कम नहीं होना चाहिए."
कंपनियों के कामकाज में दखल नहीं, सिर्फ संपत्ति का बंटवारा चाहती हैं
लक्ष्मी वेणु ने साफ किया है कि उनका विवाद टीवीएस कंपनियों के प्रबंधन या रोजमर्रा के कारोबार को लेकर नहीं है. उनकी मांग परिवार की संयुक्त संपत्तियों के मालिकाना हक और बंटवारे से जुड़ी है. उनका कहना है कि परिवार की संपत्तियों का बंटवारा व्यवस्थित तरीके से किया जा सकता है और इससे टीवीएस कंपनियों के कारोबार पर कोई असर पड़ने की जरूरत नहीं है. उन्होंने अपने कानूनी नोटिस में हिंदू सक्सेशन एक्ट, 1956 के तहत अपने अधिकारों का हवाला दिया है.
TVS फैमिली के 4 अहम मेंबर्स
- वीनू श्रीनिवासन: वह TVS मोटर कंपनी के चेयरमैन एमेरिटस हैं. वह सुदर्शन और लक्ष्मी के पिता हैं.
- मल्लिका श्रीनिवासन: वह वीनू श्रीनिवासन की पत्नी हैं और ट्रैक्टर्स एंड फार्म इक्विपमेंट लिमिटेड (TAFE) की चेयरपर्सन और मैनेजिंग डायरेक्टर हैं.
- सुदर्शन वीनू: वह वीनू और मल्लिका के बेटे हैं. वह TVS मोटर कंपनी के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर और TVS होल्डिंग्स के मैनेजिंग डायरेक्टर हैं.
- लक्ष्मी वीनू: वह परिवार की बेटी हैं. वह सुंदरम-क्लेटन की मैनेजिंग डायरेक्टर और TAFE की वाइस चेयरपर्सन हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं