Tata Group Companies' Shares Jump: कड़ी धूप, पारा 45 के पार और बारिश हुई भी तो बंद होते ही उमस! इस साल गर्मी इतनी भयंकर पड़ रही है कि घर हो या दफ्तर, बिना AC के गुजारा मुश्किल है. गर्मी ही ऐसी है कि लीडिंग एसी मेकर कंपनियों में से एक Voltas ने महज ढाई महीने में 10 लाख AC बेच डाले. टाटा ग्रुप की इस कंपनी का दावा है कि मौजूदा वित्त वर्ष के शुरुआती 3 महीनों (अप्रैल, मई, जून) में ही इसने 1 मिलियन यूनिट सेल का आंकड़ा पार कर लिया है. ये आंकड़े केवल रूम एसी (RAC) के हैं. वहीं दूसरी ओर टाटा ग्रुप की ही एक और कंपनी Tata Motors को 3,400 से ज्यादा कमर्शियल EV के ऑर्डर मिले हैं. इनमें 2,000 छोटे कमर्शियल वाहन और पिकअप, करीब 900 ट्रक और 500 के करीब इलेक्ट्रिक बसें शामिल हैं. ये दो खबरें आने के बाद सोमवार को Tata ग्रुप की दोनों कंपनियों के शेयरों में उछाल देखा जा रहा है.
कितने भाग गए Tata की इन कंपनियों के शेयर्स?
टाटा मोटर्स को ये ऑर्डर कमर्शियल वाहनों के लिए मिला है, लेकिन इसकी दोनों ही कंपनियों टाटा मोटर्स कमर्शियल व्हीकल्स और टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स के शेयरों में उछाल देखने को मिल रहा है. सुबह 10:30 बजे TMPV के शेयर 2.46% की तेजी के साथ 368.25 रुपये के भाव पर ट्रेड करते दिखे. वहीं TMCV के शेयर करीब 1 फीसदी उछाल के साथ 408 रुपये के भाव पर ट्रेड करते दिखे.
दूसरी ओर लीडिंग रूम AC मेकर कंपनी Voltas के शेयरों में 1.79 फीसदी या 24 रुपये की तेजी देखी गई. इस उछाल के साथ वोल्टास के शेयर सुबह करीब 10:35 बजे 1,366 रुपये के भाव के आसपास ट्रेड करते दिखे.
वोल्टास ने AC सेल्स में बनाया रिकॉर्ड
टाटा ग्रुप की प्रमुख रूम एयर कंडीशनर (RAC) कंपनी वोल्टास ने चालू वित्त वर्ष 2026-27 के शुरुआती तीन महीनों में ही रिकॉर्ड समय के भीतर 10 लाख (1 मिलियन) यूनिट बेचने का आंकड़ा पार कर लिया है. कंपनी ने अपनी इस कामयाबी का श्रेय नए प्रोडक्ट पोर्टफोलियो, एआई-इनेबल्ड रेंज, मजबूत डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क और रणनीतिक मार्केटिंग पहलों को दिया है. वोल्टास के मैनेजिंग डायरेक्टर मुकुंदन मेनन के अनुसार, यह उपलब्धि देश के प्रमुख एसी ब्रांड के तौर पर उनकी स्थिति और ग्राहकों के भरोसे को और मजबूत करती है. गौरतलब है कि सालाना करीब 12.5 से 14 मिलियन यूनिट के आकार वाले भारतीय Room AC बाजार में वोल्टास के अलावा एलजी जैसी प्रतिस्पर्धी कंपनियां भी इस साल की शुरुआत में ही 10 लाख यूनिट की बिक्री का आंकड़ा छू चुकी हैं, जो बाजार में मजबूत मांग को दर्शाता है.

Photo Credit: Voltas
बेमौसम बारिश के कारण साल 2025 में सुस्त रहने के बाद, इस साल भीषण गर्मी के चलते Room AC इंडस्ट्री को धुआंधार बिक्री की उम्मीद है. हालांकि, 1 जनवरी 2026 से बीईई (BEE) के नए एनर्जी लेबलिंग नियम लागू होने और कॉपर, प्लास्टिक जैसी कच्ची सामग्रियों की बढ़ती लागत के कारण एयर कंडीशनर की कीमतों में कई बार बढ़ोतरी की जा चुकी है. इसके अलावा, वेस्ट एशिया संकट की वजह से बढ़ी समुद्री माल ढुलाई लागत, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले कमजोर होते रुपये और इम्पोर्टेड महंगाई ने भी कीमतों को प्रभावित किया है. इन चुनौतियों के बावजूद, अत्यधिक प्रतिस्पर्धी भारतीय बाजार में वोल्टास ग्राहकों की कूलिंग जरूरतों को पूरा करते हुए रूम एयर-कंडीशनर कैटेगरी में ग्रोथ के अगले चरण को आगे बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित कर रही है.
टाटा मोटर्स को EVs के लिए मिले बड़े ऑर्डर्स
टाटा मोटर्स ने अलग-अलग कैटेगरी के इलेक्ट्रिक कमर्शियल वाहनों के लिए 3,400 से ज्यादा ऑर्डर मिलने की घोषणा की है, जो देश के कमर्शियल और पैसेंजर व्हीकल सेक्टर में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को तेजी से अपनाए जाने का संकेत है. इन ऑर्डर्स में लगभग 2,000 छोटे कमर्शियल वाहन व पिक-अप, 900 ट्रक और 500 बसें शामिल हैं, जिनका इस्तेमाल ई-कॉमर्स, लॉजिस्टिक्स, एफएमसीजी, शहर के अंदर आवाजाही सहित सीमेंट, स्टील, माइनिंग और टारमैक ऑपरेशन्स जैसे विभिन्न क्षेत्रों में किया जाएगा. कंपनी के अनुसार, यह बढ़ोतरी पायलट प्रोजेक्ट्स से आगे बढ़कर विभिन्न इंडस्ट्रीज में बड़े पैमाने पर इलेक्ट्रिक वाहनों के व्यावसायिक इस्तेमाल और ग्राहकों के बढ़ते भरोसे को दर्शाती है.

Photo Credit: NDTV Profit
जीरो-एमिशन मोबिलिटी की ओर भारत के इस बदलाव में टाटा मोटर्स ने पिछले एक साल में अपने पोर्टफोलियो का काफी विस्तार किया है. कंपनी छोटे कमर्शियल व्हीकल कैटेगरी में 'ऐस प्रो ईवी' और 'इंट्र ईवी' जैसे मॉडल, भारी माल ढुलाई के लिए 'प्राइमा ईवी' ट्रक व टिपर और पैसेंजर सेगमेंट में 'स्टारबर ईवी' जैसी बसें उपलब्ध करा रही है. कंपनी का एक बड़ा इलेक्ट्रिक बेड़ा देश भर में पहले से ही कार्यरत है, जिसमें 55 करोड़ किलोमीटर से अधिक की दूरी तय कर चुकीं 3,800 से ज्यादा इलेक्ट्रिक बसें और भारतीय सड़कों पर दौड़ रहे 17,000 से अधिक छोटे इलेक्ट्रिक कमर्शियल वाहन शामिल हैं.
ये भी पढ़ें: बैंकों में पड़ा आपका खजाना बस 3 कदम दूर, RBI दे रहा गारंटी- सूद समेत मिलेगा पैसा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं