शेयर बाजार के लिए अगस्त का महीना उतार-चढ़ाव से भरा रहा. पूरे महीने बाजार पर दबाव दिखा और इक्विटी 2.1% नीचे गिर गई. इस सुस्ती के बीच निवेशकों का भरोसा बड़े शेयरों की जगह छोटी कंपनियों पर ज्यादा देखने को मिला. वैलम कैपिटल (Vallum Capital) की नई रिपोर्ट के मुताबिक, जहां लार्ज-कैप शेयरों में 4.1% की बड़ी गिरावट दर्ज हुई, वहीं माइक्रो-कैप शेयर 2.6% चढ़कर हरे निशान में टिके रहे.
IPO और डिफेंस सेक्टर में रही तेजी
रिपोर्ट में शामिल 23 प्रमुख सेक्टर्स में से सिर्फ दो ही ऐसे रहे जिन्होंने निवेशकों का मुनाफा कराया. IPO थीम 2.2% चढ़ी और डिफेंस शेयरों में 1.4% से ज्यादा का उछाल आया. बाजार में जारी मंदी के बीच भी निवेशकों ने इन दो सेक्टर्स में जमकर पैसा लगाया.
ऑटो, रेलवे और IT शेयरों का बुरा हाल
अगस्त के महीने में ऑटो और रेलवे सेक्टर्स सबसे ज्यादा लुढ़के. ऑटो में 6.5% और रेलवे से जुड़ी कंपनियों में 6.4% की बड़ी गिरावट दर्ज की गई. टेक्नोलॉजी सेक्टर भी 6.1% टूटा. इस दौरान सबसे ज्याजा गिरावट आईटी में दिखा.इंटरनेट एंड डिजिटल शेयर 3.2% मजबूत हुए, लेकिन IT इंडेक्स में 9.1% की भारी गिरावट आई.
कमोडिटी और मनी मार्केट में निवेश का रुख
शेयर बाजार के बिकवाली को देखते हुए निवेशकों ने अपने पैसों को सुरक्षित विकल्पों में लगाया. अगस्त में मनी मार्केट एसेट्स ने 0.5% का पॉजिटिव रिटर्न दिया. कमोडिटी मार्केट हालांकि महीने में 0.5% हल्का हुआ, लेकिन इस साल (YTD) अब तक इसने 12% से ज्यादा का बेहतरीन रिटर्न दिया है.
यही वजह है कि कमोडिटीज में कुल निवेश ₹4,081 करोड़ से बढ़कर ₹4,800 करोड़ पर पहुंच गया.
रिपोर्ट से साफ है कि पूरे बाजार का हाल एक जैसी नहीं है. छोटे शेयरों में चुनिंदा खरीदारी का मौका बना हुआ है, जबकि बड़े शेयर अभी भी संघर्ष कर रहे हैं. ऐसे दौर में निवेशकों के लिए सही और मजबूत कंपनियों का चुनाव ही सबसे ज्यादा मायने रखता है.
ये भी पढ़ें- अदाणी ग्रुप के मुंद्रा पोर्ट का बजा डंका: सरकार से मिला 'मेगा पोर्ट' का दर्जा, लिस्ट में ये नाम शामिल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं