अदाणी ग्रुप के मुंद्रा पोर्ट के लिए बड़ी खबर है. केंद्र सरकार ने देश में पहली बार 4 बंदरगाहों को 'मेगा पोर्ट्स' का दर्जा दिया है.सबसे खास बात यह है कि इन चारों मेगा पोर्ट की लिस्ट में शामिल अदाणी ग्रुप का मुंद्रा पोर्ट देश का इकलौता प्राइवेट पोर्ट है. सरकार के इस ऐतिहासिक फैसले से न सिर्फ भारत के समुद्री व्यापार को नई रफ्तार मिलेगी, बल्कि इंफ्रास्ट्रक्चर के मामले में मुंद्रा पोर्ट की बादशाहत पर भी मुहर लग गई है.
ये चार पोर्ट बने 'मेगा पोर्ट'
25 सितंबर 2026 को जारी राजपत्र नोटिफिकेशन में सरकार ने दीनदयाल पोर्ट (कांडला), जवाहरलाल नेहरू पोर्ट (न्हावा शेवा), पारादीप पोर्ट और मुंद्रा पोर्ट को 'मेगा पोर्ट' घोषित किया है.सरकार ने यह फैसला इंडियन पोर्ट्स एक्ट, 2025 की धारा 73 के तहत लिया है. नोटिफिकेशन में कहा गया है कि इन चारों पोर्ट ने मेगा पोर्ट के लिए तय किए गए मानकों को पूरा किया है.
क्या है 'मेगा पोर्ट' बनने का पैमाना
इंडियन पोर्ट्स एक्ट, 2025 की धारा 73(1) के तहत जुलाई में इस कैटेगरी के स्टैंडर्ड तय किए गए थे. किसी भी पोर्ट को यह दर्जा पाने के लिए दो में से एक शर्त पूरी करनी होती है...
- बल्क पोर्ट के मामले में सालाना कम से कम 150 मिलियन मीट्रिक टन (MMT) कार्गो हैंडलिंग.
- कंटेनर पोर्ट के मामले में सालाना 7.5 मिलियन टीईयू (TEUs) का व्यापार.
5 साल के लिए रहेगा 'मेगा पोर्ट' का स्टेटस
बीते दिन यानी 25 सितंबर 2026 को जारी नोटिफिकेशन के बाद यह नया नियम तुरंत प्रभाव से लागू हो गया है. यह स्पेशल स्टेटस अगले 5 सालों तक इन चारों बंदरगाहों मुंद्रा, कांडला, न्हावा शेवा और पारादीप के पास रहेगा.
मुंद्रा पोर्ट की क्या है खासियत?
मुंद्रा भारत का सबसे बड़ा कमर्शियल पोर्ट है, जो उत्तर भारत के व्यापारिक इलाकों को सीधे समुद्र से जोड़ता है. यहां देश का सबसे बड़ा कोयला आयात टर्मिनल है, जो जहाजों से माल उतारने की रफ्तार को बहुत तेज कर देता है. गहरे पानी और एडवांस इंफ्रास्ट्रक्चर की वजह से यहां जहाजों का टर्नअराउंड टाइम बेहद कम रहता है.
ये भी पढ़ें- इकोनॉमी में 1 ट्रिलियन डॉलर ग्रोथ के लिए पूर्वी भारत का उभरना जरूरी, बंगाल की भूमिका अहम: गौतम अदाणी
(Disclaimer: New Delhi Television is a subsidiary of AMG Media Networks Limited, an Adani Group Company.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं