विज्ञापन

Share Market Today: सेंसेक्स 300 अंक उछला, निफ्टी 23,700 के पार, जानिए शेयर बाजार में तेजी की बड़ी वजह

Stock Market Today: आज बाजार की शुरुआत तेजी के साथ हुई और शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों हरे निशान में कारोबार करते दिखे. कच्चे तेल की कीमतों में नरमी आने से निवेशकों का सेंटीमेंट भी मजबूत हुआ.

Share Market Today: सेंसेक्स 300 अंक उछला, निफ्टी 23,700 के पार, जानिए शेयर बाजार में तेजी की बड़ी वजह
Stock Market News Today: कल यानी सोमवार को मचे हाहाकार के बाद आज सुबह भारतीय शेयर बाजार में रौनक लौट आई है.

Share Market Today: अमेरिका और ईरान के बीच संभावित टकराव टलने का असर मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार पर देखने को मिला. पिछले लगातार पांच सत्रों की भारी गिरावट और सोमवार को मचे चौतरफा हाहाकार के बाद आज मंगलवार (19 मई) को भारतीय शेयर बाजार के लिए सुबह राहत भरी रही. ग्लोबल मार्केट से मिले पॉजिटिव संकेतों और कच्चे तेल (Crude Oil) की कीमतों में आई नरमी के दम पर आज बाजार हरे निशान में खुला. शुरुआती कारोबार में ही BSE Sensex 222.07 अंक (0.29%) की बढ़त के साथ 75,537.11 के स्तर पर पहुंच गया, जबकि Nifty 50 भी 53.45 अंक (0.23%) की मजबूती दर्ज करते हुए 23,703.40 के पार निकल गया.

सुबह 9:18 बजे सेंसेक्स 347 अंक यानी 0.46 प्रतिशत की तेजी के साथ 75,664 पर कारोबार कर रहा था, जबकि निफ्टी 86 अंक यानी 0.36 प्रतिशत मजबूत होकर 23,736 के स्तर पर पहुंच गया.

आईटी शेयरों में सबसे ज्यादा खरीदारी

बाजार में चौतरफा खरीदारी देखने को मिली. शुरुआती कारोबार में तेजी का नेतृत्व आईटी शेयरों ने किया. निफ्टी आईटी इंडेक्स करीब 3 प्रतिशत की बढ़त के साथ टॉप गेनर रहा. इसके अलावा निफ्टी एफएमसीजी, सर्विसेज, पीएसयू बैंक, ऑयल एंड गैस, मीडिया, इंडिया डिफेंस, हेल्थकेयर, फार्मा, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, इन्फ्रा, एनर्जी और इंडिया मैन्युफैक्चरिंग इंडेक्स भी हरे निशान में कारोबार कर रहे थे.

हालांकि, निफ्टी मेटल, प्राइवेट बैंक और फाइनेंशियल सर्विसेज इंडेक्स में हल्की कमजोरी देखने को मिली.

मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी तेजी

लार्जकैप शेयरों के साथ-साथ मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स में भी मजबूती देखने को मिली.निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 360 अंक यानी 0.60 प्रतिशत चढ़कर 60,833 पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 91 अंक यानी 0.52 प्रतिशत की तेजी के साथ 17,747 पर कारोबार करता दिखा.

इन शेयरों में रही सबसे ज्यादा तेजी

सेंसेक्स पैक में इन्फोसिस, एचसीएल टेक, टेक महिंद्रा, टीसीएस, ट्रेंट, एचयूएल, एशियन पेंट्स, इंडिगो, बजाज फाइनेंस, आईटीसी, एमएंडएम, अदाणी पोर्ट्स, एलएंडटी, मारुति सुजुकी, बीईएल, एसबीआई, सन फार्मा, एक्सिस बैंक, एनटीपीसी, टाटा स्टील और भारती एयरटेल के शेयर तेजी के साथ कारोबार कर रहे थे.

वहीं टाइटन, कोटक महिंद्रा बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, एचडीएफसी बैंक और आईसीआईसीआई बैंक के शेयरों में कमजोरी देखी गई.

बाजार में तेजी की सबसे बड़ी वजह (Why Market is Rising Today?)

ट्रंप के बयान से भारतीय बाजार को मिला सपोर्ट

बाजार में तेजी की बड़ी वजह अमेरिका की ओर से ईरान पर संभावित हमले को टालना माना जा रहा है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि कतर, सऊदी अरब और यूएई के सुझाव के बाद अमेरिका ने ईरान पर होने वाले हमले को फिलहाल टाल दिया है. साथ ही उन्होंने यह भी संकेत दिए कि ईरान के साथ शांति वार्ता जारी है.इस खबर के बाद वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में भी नरमी देखने को मिली, जिससे भारतीय बाजार को सपोर्ट मिला.

कच्चे तेल में गिरावट का असर

शेयर बाजार में बीते कई दिनों से गिरावट देखी जा रही थी. आज के कारोबार में आई इस रिकवरी की एक बड़ी वजह अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों गिरावट है. दरअसल, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ताजा बयानों के बाद ग्लोबल मार्केट को थोड़ी राहत मिली है. इसके चलते ब्रेंट क्रूड (Brent Crude) 2% से ज्यादा टूटकर $109.41 प्रति बैरल पर आ गया है, वहीं अमेरिकी क्रूड (WTI) भी 1.3% की गिरावट के साथ $107.25 प्रति बैरल पर ट्रेड कर रहा है.

चूंकि भारत अपनी जरूरत का 80% से ज्यादा तेल आयात करता है, इसलिए कच्चे तेल का सस्ता होना भारतीय अर्थव्यवस्था और शेयर बाजार के लिए पॉजिटिव माना जाता है.

ग्लोबल मार्केट के मिले-जुले संकेत

एशियाई बाजारों में मिलाजुला कारोबार देखने को मिला. टोक्यो, बैंकॉक, सोल और जकार्ता के बाजार लाल निशान में रहे, जबकि शंघाई बाजार में तेजी दर्ज की गई. वहीं अमेरिकी बाजार सोमवार को मिलेजुले बंद हुए थे. डाओ जोन्स हरे निशान में बंद हुआ, जबकि नैस्डैक में कमजोरी देखने को मिली.

ये भी पढ़ें-  Petrol Diesel Price Hike: पेट्रोल-डीजल आज फिर महंगा! दिल्ली-मुंबई से लेकर पटना तक, जानें 19 मई को आपके शहर में क्या हैं नए रेट

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com