Stock Market Today: सरकारी बॉन्ड्स पर विदेशी निवेशकों को टैक्स माफी के फैसले और वैश्विक आर्थिक चुनौतियों के बावजूद RBI की ओर से रेपो रेट नहीं बढ़ाए जाने की उम्मीद के बीच हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन शेयर मार्केट की अच्छी शुरुआत हुई. शुक्रवार को शेयर बाजार मजबूती के साथ खुले. BSE सेंसेक्स बाजार खुलते ही करीब 270 अंक चढ़ गया, जबकि NSE निफ्टी 50 में भी बहुत हल्का उछाल देखा गया. सुबह करीब 9:16 बजे सेंसेक्स 0.36% या 269.93 अंक के उछाल के साथ 74,629 के लेवल पर कारोबार करता दिखा. दूसरी ओर NSE निफ्टी 50 में 0.17% या 40.85 अंकों के उछाल के साथ 23,457.40 के लेवल पर ट्रेड करता दिखा.
सेक्टोरल इंडेक्स में निफ्टी मीडिया और निफ्टी रियल्टी के शेयरों ने अच्छी शुरुआत हासिल की. साथ ही, निफ्टी पीएसयू बैंक, निफ्टी हेल्थकेयर, निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज और निफ्टी ऑटो में भी तेजी देखने को मिली. हालांकि निफ्टी मेटल और ऑयल एंड गैस, निफ्टी आईटी और निफ्टी एफएमसीजी के शेयरों में बिकवाली का माहौल रहा.
मॉनेटरी पॉलिसी पर टिकी नजरें
आज निवेशकों की नजरें आरबीआई पर टिकी हैं, जो रेपो रेट के साथ मॉनेटरी पॉलिसी के बारे में ऐलान करेगा. मार्केट एक्सपर्ट के अनुसार रिजर्व बैंक इस बार रेपो रेट को 5.25 प्रतिशत पर स्टेबल रख सकता है. साथ ही आने वाले महीनों में महंगाई बढ़ने की आशंका है और इसी वजह से साल के आखिर में रेट में बढ़ोतरी की जरूरत पड़ सकती है.
ब्याज दरें बढ़ी तो इन सेक्टर्स को मिलेगा झटका
हालांकि, ब्याज दरों में बढ़ोतरी का असर सभी सेक्टरों पर नहीं देखने को मिलेगा. ऑटोमोबाइल और रियल एस्टेट के लिए ब्याज दरें बढ़ना नेगेटिव माहौल बना सकती हैं. दरअसल ऊंची ब्याज दरों से गाड़ियां और घर खरीदने के लिए कर्ज महंगा हो जाता है, जिससे डिमांड कम हो जाती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं