Share Market Today: आज यानी शुक्रवार, 24 अप्रैल को भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई. सुबह 9:21 बजे तक सेंसेक्स (Sensex) करीब 321 पॉइंट गिरकर 77,342 के स्तर पर कारोबार कर रहा था. वहीं, निफ्टी 50 (Nifty 50) भी 89 अंकों की गिरावट के साथ 24,083 के स्तर पर आ गया.
बाजार में यह गिरावट मुख्य रूप से आईटी (IT), फाइनेंशियल और फार्मा शेयरों में हुई बिकवाली की वजह से आई है. सेक्टर के हिसाब से देखें तो निफ्टी आईटी इंडेक्स (Nifty IT index) में सबसे ज्यादा 1.57% की गिरावट आई. इसके अलावा निफ्टी प्राइवेट बैंक इंडेक्स 0.31% और निफ्टी फार्मा इंडेक्स 0.27% नीचे गिर गए. हालांकि, एफएमसीजी (FMCG) और केमिकल सेक्टर के शेयरों से बाजार को कुछ सहारा मिलता दिखा.
इन शेयरों में रही सबसे ज्यादा गिरावट
शुरुआती कारोबार में कई बड़े शेयरों में गिरावट दर्ज की गई. गिरने वाले प्रमुख शेयरों में सिप्ला (Cipla), इंफोसिस (Infosys), डॉ. रेड्डीज लैबोरेटरीज (Dr Reddy's Labs), सन फार्मा (Sun Pharma), टीसीएस (TCS) और आईसीआईसीआई बैंक (ICICI Bank) शामिल रहे.
दूसरी ओर,एसबीआई, एमएंडएम, बजाज फिनसर्व, एनटीपीसी, कोटक महिंद्रा बैंक, एचयूएल, इंडिगो, एलएंडटी, एमएंडएम और बजाज फाइनेंस हरे निशान में थे.
लार्जकैप की अपेक्षा मिडकैप और स्मॉलकैप में मिलाजुला कारोबार हो रहा था.निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 85.55 अंक या 0.14 प्रतिशत की तेजी के साथ 60,038.35 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 27 अंक की गिरावट के साथ 17,693 पर था.
कच्चे तेल में उछाल और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज टेंशन ने बिगड़ा मार्केट का मूड
ईरान और अमेरिका के बीच चल रहे तनाव के कारण कच्चे तेल (Crude Oil) की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है. ईरान ने 'स्ट्रेट ऑफ होर्मुज'(Strait of Hormuz) को बंद रखा है, जबकि अमेरिका ने ईरानी बंदरगाहों की नाकेबंदी (Blockade) कर रखी है. इस खींचतान की वजह से पिछले एक हफ्ते में कच्चा तेल करीब 20% तक महंगा हो चुका है.
आज यानी शुक्रवार को भी तेल की कीमतों में 1% से ज्यादा की तेजी देखी गई, जिससे ग्लोबल मार्केट का मूड बिगड़ गया है.कच्चे तेल (Crude Oil) की कीमतों में फिर से उबाल आ गया है 'ब्रेंट क्रूड 1% से ज्यादा उछलकर $106 के पार पहुंच गया है, वहीं अमेरिकी क्रूड भी $96 के स्तर को पार कर गया है. 'स्ट्रेट ऑफ होर्मुज' में जारी तनाव की वजह से तेल की सप्लाई पर संकट बना हुआ है.
मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध और अमेरिका-ईरान के बीच रुकी हुई शांति वार्ता ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है, जिसका सीधा असर शुक्रवार को एशियाई बाजारों पर भी देखने को मिला .बाजार में अनिश्चितता का माहौल है, क्योंकि लोग समझ नहीं पा रहे हैं कि युद्ध जल्द खत्म होगा या और खिंचेगा.
ये भी पढ़ें- मिडिल ईस्ट में तनाव से उछला कच्चा तेल, ब्रेंट क्रूड $106 के पार, क्या महंगा होगा पेट्रोल-डीजल? जानें ताजा भाव
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं