विज्ञापन

बिहार में आज शाम इन 6 जिलों में बत्तियां हो जाएंगी बंद, छा जाएगा घुप्प अंधेरा, सरकार ने की अपील- घबराएं नहीं

आज शाम पटना के अलावा छह जिलों - किशनगंज, बेगूसराय, पूर्णिया, अररिया तथा कटिहार में इस मॉकड्रिल का आयोजन किया जाएगा.

बिहार में आज शाम इन 6 जिलों में बत्तियां हो जाएंगी बंद, छा जाएगा घुप्प अंधेरा, सरकार ने की अपील- घबराएं नहीं
पटना का गांधी मैदान (File)
ANI

बिहार में आज शाम 7 बजे पटना समेत छह जिलों में सायरन बजेगा और इसके साथ ही अंधेरा छा जाएगा. साथ ही सड़कों पर यातायात ठहर जाएगा और सारे वाहन रुक जाएंगे. यह  सब एक मॉकड्रिल का हिस्सा है जो किसी आपदा की तैयारी के अभ्यास के तौर पर किया जा रहा है. आज शाम पटना के अलावा छह जिलों - किशनगंज, बेगूसराय, पूर्णिया, अररिया तथा कटिहार में इस मॉकड्रिल का आयोजन किया जाएगा. भारत सरकार का गृह मंत्रालय इस महीने देश के अलग-अलग हिस्सों में किसी आपातकालीन परिस्थिति के समय तैयारी के लिए इस तरह के मॉकड्रिल का आयोजन करवा रहा है. पिछले साल भी मई महीने में ऑपरेशन सिंदूर से ठीक पहले इस तरह के मॉकड्रिल करवाए गए थे.

बिहार में राज्य स्तर पर इस मॉकड्रिल का आयोजन नागरिक सुरक्षा निदेशालय करवा रहा है. मॉकड्रिल के सफल आयोजन को लेकर सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. बुधवार को आपदा प्रबंधन विभाग में विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल तथा महानिदेशक, नागरिक सुरक्षा निदेशालय डॉ. परेश सक्सेना की अध्यक्षता में संबंधित जिलों के आपदा पदाधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से टेबल टॉप एक्सरसाइज का आयोजन किया गया.

जेनरेटर, मोबाइल स्क्रीन, टॉर्च नहीं जलाने की अपील

प्रधान सचिव मल्ल ने आम लोगों से मॉकड्रिल को लेकर सहयोग करने की अपील की. संतोष कुमार मल्ल ने कहा,"शाम 7 बजे से 7.15 के बीच होने वाले ब्लैकआउट के दौरान घबराएं नहीं, ब्लैकआउट के दौरान अपार्टमेंट्स में जनरेटर न चलाकर, मोबाइल स्क्रीन, टॉर्च, या अन्य किसी प्रकाश स्रोत का इस्तेमाल न कर पूर्ण ब्लैकआउट में सहयोग करें."

वहीं पटना जिला प्रशासन ने ब्लैकआउट मॉकड्रिल के दौरान सायरन बजने पर घर, दुकान व वाहन की लाइट बंद करने की अपील की है. प्रशासन ने साथ ही कहा कि आवश्यक सेवाएं मॉकड्रिल के बाद भी जारी रहेंगी.

प्रशासन ने आश्वस्त किया कि  यह  हवाई हमले से बचाव के लिए एक सिविल डिफेंस अभ्यास है और आम लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है. किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की लोगों से अपील की गई है.

मॉकड्रिल के दौरान कंट्रोल रूम सक्रिय रहेगा. मॉक अभ्यास के लिए पटना जिले में सिमुलेशन स्थलों का चयन किया गया है, जिसमें पटना समाहरणालय, बिस्कोमान भवन, बांकीपुर बस स्टैंड एवं आईजीआईएमएस शामिल हैं. मॉकड्रिल के दौरान सिमुलेशन साइट पर विशिष्ट आपदा परिदृश्य का निर्धारण एवं कार्ययोजना के अनुसार गतिविधियों का संचालन किया जाएगा.

ये भी पढ़ें-: बिहार: पुलिस बोली थी- 'बड़ी घटना होगी तब आना', आज बेटों ने मां की गला रेतकर कर दी हत्या

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com