भारतीय शेयर बाजार पिछले दो दिनों की बड़ी गिरावट के बाद आज बुधवार को हरे निशान पर खुले. हालांकि सेंसेक्स और निफ्टी में ये बढ़त मामूली रही. BSE सेंसेक्स 250 अंक ऊपर खुला, वहीं NSE निफ्टी50 खुलते ही 80 अंक उछला. वैश्विक निवेशकों के मूड परअमेरिका-ईरान बातचीत को लेकर बनी अनिश्चितता का असर बना हुआ है. इस बीच, निवेशकों की नजर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच होने वाली मीटिंग पर भी है.
कच्चा तेल कमजोर और रुपया हुआ मजबूत
अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 3 पैसे मजबूत होकर 95.59 पर खुला. मंगलवार को रुपया 95.63 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था. ऑल टाइम लो से ये 16 पैसे की मजबूती है. वहीं दूसरी ओर कच्चे तेल में कमजोरी देखी जा रही है. सुबह करीब 9:45 बजे कॉमेक्स पर डब्ल्यूटीआई क्रूड 1.16 प्रतिशत की गिरावट के साथ 100.99 डॉलर प्रति बैरल और ब्रेंट क्रूड 1.15 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 106.53 डॉलर प्रति बैरल पर था.
वहीं दूसरी ओर शुरुआती कारोबार में, इंपोर्ट पर लगी पाबंदियों की वजह से US डॉलर की मांग कम होने की उम्मीद में, रुपया अपने अब तक के सबसे निचले स्तर से 16 पैसे सुधरकर अमेरिकी करेंसी के मुकाबले 95.52 पर पहुंच गया.
इंटरबैंक फॉरेन एक्सचेंज बाजार में, रुपया 95.52 पर खुला, जो इसके पिछले अब तक के सबसे निचले बंद भाव से 16 पैसे की बढ़त दिखाता है. इससे पहले मंगलवार को, रुपया 40 पैसे गिरकर US डॉलर के मुकाबले 95.68 के नए अब तक के सबसे निचले स्तर पर बंद हुआ था.
बाजार में मिला-जुला कारोबार
सुबह 9:21 पर सेंसेक्स 6 अंक की गिरावट के साथ 74,553 और निफ्टी 10 अंक की मामूली तेजी के साथ 23,390 पर था. शुरुआती कारोबार में बाजार में मिलाजुला कारोबार हो रहा था. मेटल और डिफेंस शेयरों में तेजी थी. निफ्टी मेटल और निफ्टी इंडिया डिफेंस टॉप गेनर्स थे. निफ्टी एफएफसीजी, निफ्टी ऑयल एंड गैस, निफ्टी फार्मा, निफ्टी कमोडिटीज, निफ्टी पीएसई, निफ्टी हेल्थकेयर और निफ्टी एनर्जी गेनर्स थे. वहीं, निफ्टी आईटी, निफ्टी सर्विसेज और निफ्टी पीएसयू बैंक लूजर्स थे.
सेंसेक्स पैक में एशियन पेंट्स, अदाणी पोर्ट्स, टाटा स्टील, बीईएल, कोटक महिंद्रा,एलएंडटी, आईटीसी, सन फार्मा, ट्रेंट, बजाज फिनसर्व, मारुति सुजुकी, टीसीएस, एचसीएल टेक, भारती एयरटेल और टेक महिंद्रा टॉप गेनर्स थे. पावर ग्रिड, बजाज फाइनेंस, इटरनल, एनटीपीसी, इन्फोसिस, एसबीआई, एक्सिस बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और एमएंडएम टॉप लूजर्स थे.
मिडकैप-स्मॉलकैप में तेजी
मिडकैप और स्मॉलकैप में तेजी के साथ कारोबार हो रहा थ. निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 228 अंक या 0.38 प्रतिशत की तेजी के साथ 59,932 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 76 अंक या 0.43 प्रतिशत की मजबूती के साथ 18,015 पर था.
ज्यादातर एशियाई बाजारों में तेजी देखी जा रही है. टोक्यो, हांगकांग, सोल, बैंकॉक और शंघाई हरे निशान में थे. जकार्ता लाल निशान में था. अमेरिकी शेयर बाजार मंगलवार को मिलेजुले बंद हुए थे. इस दौरान डाओ जोन्स 0.11 प्रतिशत बढ़कर और नैस्डैक 0.71 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ.
विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) शुद्ध विक्रेता बने हुए हैं. एफआईआई ने मंगलवार को इक्विटी में 1,959.39 करोड़ रुपए की बिकवाली की. वहीं, घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 7,990.32 करोड़ रुपए का निवेश किया.
कम हो सकता है देश का चालू खाता घाटा
फॉरेक्स ट्रेडर्स ने बताया कि सोने का आयात करने वाले इंपोर्टर्स अपनी मांग कम कर रहे हैं. भारत सरकार ने सोने और चांदी पर इंपोर्ट टैरिफ 6 परसेंट से बढ़ाकर 15 परसेंट कर दिया है, ताकि इन धातुओं की विदेशी खरीद पर रोक लगाई जा सके और देश के फॉरेक्स रिजर्व पर पड़ने वाले दबाव को कम किया जा सके.
ट्रेडर्स ने बताया कि भारत कीमती धातुओं का दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा उपभोक्ता है. सोने के इंपोर्ट टैरिफ में बढ़ोतरी से देश में इस पीली धातु की मांग कम हो सकती है. Finrex Treasury Advisors LLP के ट्रेजरी हेड और एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अनिल कुमार भंसाली ने कहा, 'इस कदम से CAD (चालू खाता घाटा) को कम करने में भी मदद मिलेगी और कुछ हद तक रुपये को भी सहारा मिलेगा.'
ये भी पढ़ें: रॉकेट की रफ्तार से भागे सोना-चांदी, 19 हजार बढ़कर 3 लाख के करीब पहुंचा सिल्वर, जानिए गोल्ड कितना चढ़ा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं