Stock Market Opening Today: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल का असर भारतीय शेयर बाजार पर लगातार तीसरे दिन भी देखने को मिला. मंगलवार 12 मई को बाजार की शुरुआत कमजोरी के साथ हुई. निवेशकों की चिंता इस बात को लेकर बढ़ गई है कि अमेरिका-ईरान तनाव लंबा खिंच सकता है, जिससे तेल सप्लाई और महंगाई दोनों पर दबाव बढ़ेगा. इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फ्यूल बचाने और सोने की खरीद टालने की अपील ने भी बाजार सेंटीमेंट पर असर डाला है. सुबह 9:15 बजे बीएसई सेंसेक्स 290 अंक टूटकर 75,725.28 पर खुलकर कारोबार करता दिखा. वहीं एनएसई निफ्टी 70.65 अंक फिसलकर 23,745.20 पर था. GIFT Nifty भी कमजोर संकेत दे रहा था, जिससे पहले ही बाजार में गिरावट की आशंका बन गई थी.
Share Market Today: सेंसेक्स 75,300 से नीचे लुढ़का, निफ्टी में भी 180 अंकों की गिरावट
हालांकि, शुरुआती कोरोबार में बाजार धड़ाम से गिरा.सुबह 9:34 बजे तक बीएसई (BSE) सेंसेक्स 728.53 अंक (0.96%) की बड़ी गिरावट के साथ 75,286.75 के स्तर पर कारोबार करता दिखा. शुरुआती कुछ मिनटों में ही निवेशकों के करोड़ों रुपये स्वाहा हो गए.
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी भी गिरावट से अछूता नहीं रहा. सुबह 9:34 बजे तक निफ्टी 186.25 अंक (0.78%) टूटकर 23,629.60 के स्तर पर आ गया. 23,700 का अहम सपोर्ट लेवल टूटने से ट्रेडर्स के बीच घबराहट बढ़ गई है.
Share Market Fall: IT और फाइनेंशियल शेयरों में सबसे ज्यादा दबाव
सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो IT, केमिकल, रियल्टी, सीमेंट और फाइनेंशियल शेयरों में सबसे ज्यादा बिकवाली देखने को मिली. ये सभी इंडेक्स 2 फीसदी से ज्यादा टूट गए.हालांकि, Nifty Metal, Nifty Oil & Gas और Nifty PSU Bank इंडेक्स हरे निशान में कारोबार करते दिखे.
ये हैं आज के टॉप लूजर्स
Infosys, Tech Mahindra, TCS, HCL Tech, Wipro, SBI Life, HDFC Life, Maruti Suzuki, ICICI Bank, Asian Paints, Dr Reddy's Laboratories और Bajaj Finance जैसे दिग्गज शेयर बाजार में सबसे ज्यादा नुकसान वाले शेयरों में शामिल रहे.
बीते दिन भी बाजार में भारी गिरावट
इससे पहले सोमवार को भी बाजार में बड़ी गिरावट दर्ज की गई थी. बीएसई सेंसेक्स 1,312.91 अंक टूटकर 76,015.28 पर बंद हुआ था, जबकि एनएसई निफ्टी 360.30 अंक गिरकर 23,815.85 पर आ गया था. कारोबार के दौरान सेंसेक्स 1,370 अंक तक लुढ़क गया था.
विदेशी निवेशकों ने की भारी बिकवाली
एनएसई के प्रोविजनल आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPI) ने सोमवार को 84.38 अरब रुपये के शेयर बेच दिए. यह 24 अप्रैल के बाद सबसे बड़ी बिकवाली मानी जा रही है. हालांकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने 59.4 अरब रुपये की खरीदारी कर बाजार को कुछ सहारा दिया.
Crude Oil Price Today: ब्रेंट क्रूड 105 डॉलर के पार
अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड 1.09 फीसदी बढ़कर 105.35 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया. वहीं अमेरिकी WTI क्रूड 1.23 फीसदी चढ़कर 99.28 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार करता दिखा.कच्चे तेल की कीमतों में यह तेजी अमेरिका-ईरान तनाव और सप्लाई को लेकर बढ़ती चिंता के बीच आई है.
एशियाई बाजारों में मिला-जुला कारोबार
एशियाई बाजारों में मंगलवार को मिला-जुला रुख देखने को मिला. जापान का Nikkei 0.48 फीसदी मजबूत हुआ, जबकि हांगकांग का Hang Seng 0.31 फीसदी चढ़ा. दूसरी ओर दक्षिण कोरिया का KOSPI 2 फीसदी से ज्यादा टूट गया.अमेरिकी बाजारों में सोमवार को S&P 500 इंडेक्स 0.19 फीसदी और Nasdaq 0.10 फीसदी बढ़त के साथ बंद हुए थे.
Inflation Data Today: महंगाई के आंकड़ों पर बाजार की नजर
निवेशकों की नजर अब भारत के अप्रैल महीने के रिटेल महंगाई आंकड़ों पर टिकी हुई है. एक के सर्वे के मुताबिक, अप्रैल में खुदरा महंगाई मार्च के 3.4 प्रतिशत से बढ़कर RBI के 4 प्रतिशत लक्ष्य के करीब पहुंच सकती है. इसकी बड़ी वजह ईंधन की बढ़ती कीमतें मानी जा रही हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं