Share Bazar Update: भारतीय शेयर बाजार के दोनों प्रमुख सूचकांकों निफ्टी 50 और बीएसई सेंसेक्स में मंगलवार यानी 4 अगस्त को अलग-अलग रुझान देखने को मिल रहा है. NIFTY 50 में मुनाफावसूली और गिरावट का दबाव हावी है, जिसके चलते यह 0.68% यानी 167.95 अंक गिरकर 24,606.35 पर कारोबार कर रहा है. कारोबार के दौरान निफ्टी 24,703.90 के उच्च स्तर पर खुला और खबर लिखे जाने तक यही इसका उच्चतम स्तर भी रहा, जबकि बिकवाली के दबाव के कारण यह 24,589.85 के निचले स्तर तक चला गया.
दूसरी तरफ, BSE SENSEX मामूली बढ़त दर्ज करने में सफल रहा और 0.16% यानी 127.12 अंक चढ़कर 78,766.15 पर कारोबार कर रहा है. सेंसेक्स की शुरुआत 79,132.97 पर काफी मजबूती के साथ हुई थी और इसने 79,143.15 का खबर लिखे जाने तक का उच्च स्तर छुआ. हालांकि, ऊपरी स्तरों पर बिकवाली के चलते यह अपने दिन के निचले स्तर 78,744.34 के करीब आ गया, लेकिन फिर भी अपनी बढ़त को हरे निशान में बनाए रखने में कामयाब रहा.
किस सेस्टर में हो रही है खरीदारी और कहां है बिकवाली का रुझान
सेक्टरवाइज प्रदर्शन की बात करें तो रियल एस्टेट, सीमेंट, आईटी, एफएमसीजी, ऑटो और बैंकिंग सेक्टर के शेयरों पर दबाव बना हुआ है. निफ्टी रियल्टी, निफ्टी सीमेंट, निफ्टी आईटी, निफ्टी एफएमसीजी, निफ्टी ऑटो और निफ्टी प्राइवेट बैंक इंडेक्स में 1.5 फीसदी तक की गिरावट दर्ज की गई है. इसके ठीक उलट, निफ्टी मेटल अकेला ऐसा सेक्टर रहा जो शुरुआती सत्र में मजबूती के साथ हरे निशान में कारोबार कर रहा था.
निफ्टी के लिए अहम सपोर्ट और रेजिस्टेंस
तकनीकी नजरिए से बाजार विश्लेषकों का मानना है कि निफ्टी के लिए 24,45024,500 का दायरा एक मजबूत और तत्काल सपोर्ट के रूप में काम करेगा. वहीं, ऊपर की तरफ 24,75024,800 का जोन एक प्रमुख रेजिस्टेंस बैंड बना हुआ है. ऐसे में अगर निफ्टी 24,800 के रेजिस्टेंस जोन को पार करके ऊपर टिकता है, तो बाजार में जारी तेजी और आगे बढ़ सकती है. वहीं, किसी भी गिरावट की स्थिति में निफ्टी अपने सपोर्ट लेवल 24,45024,500 के करीब पहुंचकर फिर से खरीदारों को आकर्षित कर सकता है, जिससे बाजार का ओवरऑल ट्रेंड पॉजिटिव बना रहेगा. एनालिस्ट्स का कहना है कि मजबूत संस्थागत भागीदारी अनुकूल वैश्विक संकेतों और सुधरते टेक्निकल मोमेंटम के दम पर बाजार का ओवरऑल सेटअप अब भी सकारात्मक और रचनात्मक बना हुआ है.
एक दिन पहले आई थी जबरदस्त तेजी
भारतीय शेयर बाजार में सोमवार को शानदार तेजी देखने को मिली. प्रमुख सूचकांक NIFTY 50 1.60% यानी 390.70 अंकों के उछाल के साथ 24,774.30 के स्तर पर बंद हुआ. कारोबारी सत्र की शुरुआत में यह 24,572.70 पर खुला था, जिसके बाद इसने दिन का न्यूनतम स्तर 24,515.15 और उच्चतम स्तर 24,774.30 छुआ. दिन भर के कारोबार में लिवाली के जोर से निफ्टी अपने उच्चतम स्तर के करीब जाकर बंद होने में सफल रहा.
सेंसेक्स भी 544.39 अंक चढ़कर 78,639.03 पर हुआ था बंद
दूसरी ओर, BSE के SENSEX में भी बढ़त का रुख बना रहा और यह 0.70% यानी 544.39 अंक चढ़कर 78,639.03 पर बंद हुआ. सेंसेक्स ने कारोबार की शुरुआत 78,883.34 पर की थी और सत्र के दौरान 78,895.10 का उच्च स्तर और 78,497.34 का निचला स्तर दर्ज किया था. हालांकि सेंसेक्स अपने दिन के उच्चतम स्तर से थोड़ा नीचे आकर बंद हुआ, फिर भी दोनों मुख्य सूचकांकों की यह मजबूती बाजार में निवेशकों के सकारात्मक रुझान को दर्शाती है.
वॉल स्ट्रीट में तेजी, एशियाई बाजारों में मिलाजुला रुख
अमेरिका में फेडरल रिजर्व के ब्याज दरों पर आए पिछले हफ्ते के फैसले और अमेरिकी कंपनियों की तिमाही आय के नतीजों का असर ग्लोबल मार्केट पर देखा जा रहा है. अमेरिकी शेयर बाजार में रातभर अच्छी खरीदारी देखी गई. S&P 500 इंडेक्स 1.48% चढ़ा, जबकि टेक शेयरों वाले Nasdaq में 2% से अधिक की शानदार बढ़त दर्ज की गई. वहीं, एशियाई बाजारों में मिलाजुला रुख है. जापान का Nikkei 0.6% और दक्षिण कोरिया का Kospi 1% से अधिक टूट गया. हॉन्ग कॉन्ग के हैंग सेंग में हल्की गिरावट रही, जबकि चीन का Shanghai Composite और इंडोनेशिया का Jakarta Composite हरे निशान में कारोबार करते दिखे.
यह भी पढ़ें- कच्चे तेल में फिर आई तेजी, क्या पेट्रोल-डीजल के भी बढ़े दाम? फटाफट यहां चेक करें अपने शहर की कीमत
अंतरराष्ट्रीय कमोडिटी बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में एक बार फिर तेजी लौट आई है. अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 1% से अधिक उछलकर 85 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच गया है. वहीं, अमेरिकी वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट क्रूड 1.17% की बढ़त के साथ 81.28 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा है. बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि जब तक कोई बड़ा वैश्विक नकारात्मक ट्रिगर सामने नहीं आता, तब तक भारतीय शेयर बाजार में स्टॉक स्पेसिफिक खरीदारी का रुझान हावी रहेगा.
यह भी पढ़ें- 1,000 से बढ़ कर 7,500 रुपये होगा न्यूनतम पेंशन? जानें पेंशनधारकों की मांग से किसे मिलेगा कितना लाभ
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं