विज्ञापन

अमेरिकी शेयर बाजार में 'ब्लैक फ्राइडे', समझिए क्यों स्वाहा हो गए 2.7 ट्रिलियन डॉलर

US Stock Market Crash: AI पर बढ़ते खर्च और Intel-Amazon के कमजोर नतीजों से अमेरिकी टेक शेयरों में बड़ी गिरावट आई. Nasdaq 2.86% टूटा, जानिए क्यों निवेशकों के डूबे लाखों करोड़ रुपये.

अमेरिकी शेयर बाजार में 'ब्लैक फ्राइडे', समझिए क्यों स्वाहा हो गए 2.7 ट्रिलियन डॉलर
अमेरिकी बाजार में तबाही...AI पर खर्च और नतीजों ने बिगाड़ा बाजार का मूड,Nvidia, Amazon और Intel के शेयरों में भारी गिरावट.
NDTV इंडिया

अमेरिकी शेयर बाजार में शुक्रवार को बड़ी गिरावट देखने को मिली. AI पर लगातार बढ़ते खर्च और Intel-अमेजन के नतीजों से निवेशकों की चिंता बढ़ गई है. इसका सबसे ज्यादा असर टेक शेयरों पर पड़ा. Nasdaq में जून की शुरुआत के बाद एक दिन की सबसे बड़ी गिरावट दर्ज की गई. अक्टूबर में टेक कंपनियों के शेयरों में लगातार बिकवाली से बाजार की वैल्यू में करीब 2.7 ट्रिलियन डॉलर तक की गिरावट का अनुमान है.

अमेरिकी बाजार में कितनी आई गिरावट?

रॉयटर्स के मुताबिक, शुक्रवार को Dow Jones 1.09% गिरकर 51,770.31 पर बंद हुआ. S&P 500 में 1.82% की गिरावट आई और यह 7,580.07 पर पहुंच गया. वहीं Nasdaq Composite 2.86% टूटकर 25,437 पर बंद हुआ. Nasdaq अब 6 अक्टूबर के अपने रिकॉर्ड स्तर से 7.8% नीचे आ चुका है.

Intel और Amazon के नतीजों से बढ़ी चिंता

गुरुवार को बाजार बंद होने के बाद Intel और Amazon ने अपने नतीजे जारी किए थे. Intel के शेयरों में 28.6% की भारी गिरावट आई. कंपनी ने कैश खर्च बढ़ने की जानकारी दी, जिससे निवेशकों की चिंता बढ़ गई.वहीं, Amazon की AI पर बड़े पैमाने पर खर्च करने की योजना ने भी बाजार का मूड बिगाड़ दिया. निवेशकों को चिंता है कि AI इंफ्रास्ट्रक्चर पर इतना पैसा लगाने के बाद कंपनियों को इसका फायदा कब तक मिलेगा.

Nvidia और AMD समेत चिप कंपनियों के शेयर टूटे

AI खर्च को लेकर बढ़ी चिंता का सबसे ज्यादा असर चिप कंपनियों पर दिखा. एनवीडिया (NVIDIA) के शेयर 4.2% और एएमडी (AMD) के शेयर 10.9% गिर गए. फिलाडेल्फिया सेमीकंडक्टर इंडेक्स में एक दिन में 7.2% की गिरावट आई. इस महीने यह इंडेक्स 15% से ज्यादा टूट चुका है. वहीं, Dell के शेयर 10.8% और HP के शेयर 9.6% गिर गए.

एक साल से ज्यादा समय की सबसे बड़ी मासिक गिरावट

ब्लूमबर्ग के मुताबिक, Nasdaq 100 में मार्च 2025 के बाद सबसे खराब मासिक प्रदर्शन दर्ज किया गया. S&P 500 के टेक सेक्टर में भी मार्च 2025 के बाद सबसे बड़ी मासिक गिरावट आई. वहीं, कम्युनिकेशन सर्विसेज सेक्टर में अप्रैल 2022 के बाद सबसे बड़ी मासिक गिरावट दर्ज हुई.

क्रिप्टो शेयरों में भी भारी बिकवाली

टेक शेयरों के अलावा क्रिप्टो कंपनियों के शेयर भी धड़ाम हो गए. क्रिप्टो एक्सचेंज Binance में 6.3 अरब डॉलर की हैकिंग की खबरों के बाद Coinbase, Strategy और Robinhood के शेयर 7.2% से 10.6% तक टूट गए. Bitcoin की कीमत भी 2.5% गिरकर 76,813.65 डॉलर पर आ गई.

खास बात यह है कि अमेरिकी कंपनियों के नतीजों का सीजन कुल मिलाकर अच्छा रहा है. LSEG के आंकड़ों के मुताबिक, अब तक S&P 500 की 299 कंपनियां तीसरी तिमाही के नतीजे जारी कर चुकी हैं. इनमें से 82% कंपनियों का मुनाफा बाजार के अनुमान से बेहतर रहा है. इसके बावजूद AI पर बढ़ते खर्च और भविष्य में कमाई को लेकर अनिश्चितता ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है.

यह भी पढ़ें | 1 नवंबर से पेंशनर्स घर बैठे जमा कर सकेंगे जीवन प्रमाण पत्र, सरकार देशभर में चलाएगी DLC 5.0 कैंपेन

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
US Tech Stocks, US Stock Market, US Stock Market Crash, Nasdaq Crash, Crypto Crash
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com