बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री इन दिनों अपने बयानों को लेकर चर्चा में है. कुछ दिन पहले भगवान श्रीकृष्ण को लेकर की गई टिप्पणी पर उठा विवाद थमा भी नहीं था कि भगवान श्रीराम को लेकर दिए बयान पर फिर विवाद खड़ा हो गया है. सोशल मीडिया पर वायरल क्लिप में धीरेंद्र शास्त्री को भगवान राम के पांच पिता होने का दावा करते सुना जा सकता है.
क्या कहा है धीरेंद्र शास्त्री ने
वायरल वीडियो में धीरेंद्र शास्त्री कहते हैं,''राम जी के पांच बाप थे. यह विचित्र बात है और इसे स्वीकार्य करना मुश्किल है मगर सत्य है. यह तुम्हें किसी लेख में नहीं मिलेगा और यह पूछ भी मत लेना कि किस लेख में है. हमारी छोटी सी कुमति है तो बता रहे हैं. मति तो है नहीं कुमति है. इसे ऐसे प्रमाणित कर रहे हैं कि दशरथ जी के प्राण गए मगर राम जी ने अंत्योष्टि क्रिया नहीं की.''
धीरेंद्र शास्त्री के इस बयान पर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने एक्स पर लिखा, ''ये सनातन विरोधी किसके कहने पर सक्रिय है. पहले भगवान कृष्ण के बारे में विवादित वीडियो आया अब भगवान राम के पिता के बारे अभद्रता की बात प्रसारित हो रही है. इसके राजनीतिक आकाओं को ये सब मंजूर होगा, हमें अंश मात्र भी स्वीकार्य नहीं है.'' उन्होंने कहा कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के अपराध में इसके सभी कार्यक्रम रद्द किए जाएं. अब सच्चे सनातनी इनकी पर्ची लिखेंगे.'' इससे पहले अखिलेश यादव धीरेंद्र शास्त्री के श्रीकृष्ण पर दिए बयान की भी जमकर आलोचना की थी.
पप्पू यादव ने की धीरेंद्र शास्त्री
धीरेंद्र शास्त्री ने इससे पहले, मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के करैरा में श्रीराम कथा के दौरान भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण की तुलना की थी. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ. लोगों ने श्रीराम को दिए बयान के लिए काफी लानत-मलानत की थी. लोगों के विरोध को देखते हुए शास्त्री ने सफाई दी. उन्होंने कहा था कि उनका राम और कृष्ण के बीच भेद पैदा करने का कोई इरादा नहीं था. अगर उनकी बातों से किसी की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं तो वह इसके लिए क्षमा चाहते हैं. मेरी टिप्पणी भक्ति परंपरा और ब्रज की प्रेमपूर्ण अभिव्यक्ति के संदर्भ में थी. उनका उद्देश्य किसी भगवान का अपमान करना या दोनों के बीच भेद करना नहीं था.
भगवान श्रीकृष्ण पर दिए बयान पर धीरेंद्र शास्त्री की माफी भी काम नहीं आ रही है. बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने धीरेंद्र शास्त्री के विवादित बयान की नई दिल्ली के संसद मार्ग पुलिस थाने में शिकायत की है. उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने का आरोप लगाया है.
ये भी पढ़ें: बिहार में क्राइम हो सकता है, लेकिन अपराध नहीं... सम्राट चौधरी का बयान सोशल मीडिया पर वायरल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं