शुक्रवार को हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत बढ़त के साथ हुई. रक्षाबंधन को लेकर आज कई राज्यों में छुट्टी है और इस बीच बड़ी संख्या में निवेशक फुरसत में होंगे. इस खबर से उनकी उम्मीद बढ़ सकती है. शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में आईटी (IT) शेयरों में आई जोरदार तेजी के दम पर बेंचमार्क इक्विटी इंडेक्स हरे निशान में कारोबार करते दिखे. हालांकि, निवेशक अमेरिका के जैक्सन होल सिंपोजियम में फेडरल रिजर्व के चेयरमैन केविन वॉर्श के भाषण से पहले सतर्क रुख अपनाए हुए हैं.
शुरुआती कारोबार के दौरान बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स (Sensex) 193.02 अंक यानी 0.25 प्रतिशत की बढ़त के साथ 77,126.61 के स्तर पर कारोबार कर रहा था. वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी (Nifty) 33.80 अंक यानी 0.14 प्रतिशत चढ़कर 24,124.65 के स्तर पर पहुंच गया.
IT शेयरों का शानदार प्रदर्शन
आज के कारोबार में निफ्टी पर आईटी शेयरों ने सबसे अच्छा प्रदर्शन किया. टेक महिंद्रा (Tech Mahindra), टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) और इंफोसिस (Infosys) इंडेक्स के टॉप गेनर्स में शामिल रहे. निफ्टी आईटी इंडेक्स में 1 प्रतिशत से अधिक की तेजी दर्ज की गई, जिसने व्यापक बाजार को सपोर्ट दिया. इसके अलावा निफ्टी मेटल और मीडिया इंडेक्स भी मजबूत नजर आए, जबकि प्राइवेट बैंक और फाइनेंशियल सर्विसेज इंडेक्स में सुस्ती देखने को मिली. व्यापक बाजार में भी सकारात्मक रुख रहा, जहां निफ्टी मिडकैप इंडेक्स 0.03% और स्मॉलकैप इंडेक्स 0.16% की बढ़त के साथ खुले.
क्या है एक्सपर्ट की राय?
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, निफ्टी के तकनीकी आंकड़ों को देखें तो पुट ओपन इंटरेस्ट (Put Open Interest) 24,000 और 23,800 के स्तर पर केंद्रित है, जो यह बताता है कि इन स्तरों पर खरीदारों का मजबूत समर्थन मिल सकता है. वहीं, ऊपर की तरफ 24,200 और 24,300 के स्तर पर कॉल ओपन इंटरेस्ट का क्लस्टर है, जो विक्रेताओं (Sellers) के दबाव को दिखाता है.
विश्लेषकों का कहना है कि वैश्विक स्तर पर निवेशक फेडरल रिजर्व के संकेतों और ब्याज दरों की दिशा पर पैनी नजर बनाए हुए हैं. इसके अलावा, हॉर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) को लेकर कूटनीतिक समाधान न मिलने के कारण ब्रेंट क्रूड ऑयल (Brent Crude) की कीमत एक बार फिर 89 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई है, जिसका असर भी बाजार के सेंटिमेंट पर देखने को मिल रहा है.
ये भी पढ़ लीजिए: 8 दिन में 770 करोड़ की शराब पी गए लोग, केरल में ओणम के दौरान टूटा रिकॉर्ड, हर आदमी ने खर्च किए इतने हजार रुपये
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं