Petrol, diesel Prices on August 15: पेट्रोल-डीजल भरवाने वालों के लिए बड़ी खबर है. केंद्र सरकार ने 15 अगस्त से पेट्रोल, डीजल और जेट फ्यूल यानी एटीएफ के निर्यात पर लगने वाले विंडफॉल टैक्स में बदलाव किया है. पेट्रोल के निर्यात पर लगने वाला शुल्क (Petrol Diesel Export Duty) पूरी तरह खत्म कर दिया गया है, जबकि डीजल और एटीएफ पर भी टैक्स घटाया गया है. सरकार का यह फैसला आज यानी 15 अगस्त से लागू हो गया है.ऐसे में सबसे बड़ा सवाल है कि क्या विंडफॉल टैक्स (Petrol Diesel Windfall Tax) घटने से आम लोगों के लिए पेट्रोल-डीजल भी सस्ता हो जाएगा? क्या आज पेट्रोल और डीजल के दाम कम हुए हैं? .
अगर आप भी आज गाड़ी में पेट्रोल या डीजल भरवाने जा रहे हैं, तो यहां जानिए 15 अगस्त के ताजा रेट और सरकार के इस फैसले का आपकी जेब पर क्या असर पड़ सकता है.
सरकार ने पेट्रोल-डीजल पर कितना टैक्स घटाया?
सरकार ने पेट्रोल, डीजल और एटीएफ के निर्यात पर लगने वाले शुल्क में कटौती (Windfall Tax Cut) की है. 15 अगस्त से पेट्रोल के निर्यात पर शुल्क 3.5 रुपये प्रति लीटर से घटाकर शून्य कर दिया गया है. यानी अब पेट्रोल के निर्यात पर कोई विंडफॉल टैक्स नहीं लगेगा.
वहीं, डीजल के निर्यात पर शुल्क 25.5 रुपये से घटाकर 24 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है. ATF यानी एविएशन टर्बाइन फ्यूल पर लगने वाला शुल्क भी 22 रुपये से घटाकर 19.5 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है.
यह बदलाव ऐसे समय में आया है जब दो हफ्ते पहले ही सरकार ने पेट्रोल-डीजल और ATF पर निर्यात शुल्क बढ़ाया था। 3 अगस्त को पेट्रोल का निर्यात शुल्क 2.5 रुपये से बढ़ाकर 3.5 रुपये प्रति लीटर किया गया था। डीजल का कुल शुल्क 15.5 रुपये से बढ़ाकर 25.5 रुपये प्रति लीटर और एटीएफ का शुल्क 14.5 रुपये से बढ़ाकर 22 रुपये प्रति लीटर किया गया था।
Windfall Tax क्या होता है और क्यों लगाया जाता है?
अब सवाल है कि आखिर विंडफॉल टैक्स होता क्या है? आसान भाषा में समझें तो जब तेल की अंतरराष्ट्रीय कीमतों में अचानक तेज बढ़ोतरी होती है और तेल कंपनियों को सामान्य से बहुत ज्यादा मुनाफा होने लगता है, तो सरकार उस अतिरिक्त मुनाफे पर टैक्स लगा सकती है। इसे ही आम तौर पर विंडफॉल टैक्स कहा जाता है.
भारत ने पहली बार जुलाई 2022 में पेट्रोल, डीजल और एटीएफ के निर्यात पर इस तरह का शुल्क लगाया था। इसका मकसद तेल की कीमतों में तेज बढ़ोतरी के दौरान तेल कंपनियों को होने वाले असाधारण मुनाफे पर टैक्स लेना था. करीब दो साल बाद इसे हटा दिया गया था। लेकिन मार्च 2026 में तेल की कीमतों में तेजी आने के बाद इसे फिर लागू किया गया।
क्या विंडफॉल टैक्स घटने से पेट्रोल-डीजल सस्ता होगा?
यही सवाल सबसे ज्यादा लोगों के मन में है. लेकिन विंडफॉल टैक्स में कटौती का सीधा मतलब यह नहीं है कि पेट्रोल-डीजल की खुदरा कीमत तुरंत कम हो जाएगी.क्योंकि यहां बात पेट्रोल और डीजल के निर्यात पर लगने वाले शुल्क की हो रही है. इसका सीधा असर पेट्रोल पंप पर मिलने वाले पेट्रोल-डीजल के दाम पर नहीं पड़ता.
विंडफॉल टैक्स की दर हमेशा एक जैसी नहीं रहती. सरकार अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल और पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों को देखते हुए इसकी समीक्षा करती है. फिलहाल भारत निर्यात शुल्क में करीब हर दो हफ्ते में बदलाव करता है.
15 अगस्त को पेट्रोल-डीजल का क्या है रेट?
सरकारी तेल कंपनियों ने 15 अगस्त 2026 के लिए पेट्रोल और डीजल की कीमतें (Petrol-Diesel Price Today) जारी कर दी हैं. ज्यादातर बड़े शहरों में आज कीमतों में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ है. अगर आज 15 अगस्त को कार या बाइक से बाहर निकलने वाले हैं और पेट्रोल-डीजल भरवाने का प्लान है, तो अपने शहर का ताजा रेट जरूर चेक कर लें.
- नई दिल्ली में पेट्रोल 102.12 रुपये प्रति लीटर और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर है.
- मुंबई में पेट्रोल 111.21 रुपये प्रति लीटर और डीजल 97.83 रुपये प्रति लीटर है.
- कोलकाता में पेट्रोल 113.51 रुपये प्रति लीटर और डीजल 99.82 रुपये प्रति लीटर है.
- चेन्नई में पेट्रोल 107.78 रुपये प्रति लीटर और डीजल 99.56 रुपये प्रति लीटर है.
- बेंगलुरु में पेट्रोल 111.68 रुपये प्रति लीटर और डीजल 99.56 रुपये प्रति लीटर है.
- हैदराबाद में पेट्रोल 115.69 रुपये प्रति लीटर और डीजल 103.82 रुपये प्रति लीटर है.
पेट्रोल-डीजल के रेट हर शहर में अलग क्यों होते हैं?
भारत में पेट्रोल-डीजल की खुदरा कीमतों पर कच्चे तेल की अंतरराष्ट्रीय कीमत, रुपये और डॉलर की विनिमय दर, केंद्र और राज्य के टैक्स समेत कई चीजों का असर होता है. पेट्रोल और डीजल की कीमत हर जगह एक जैसी नहीं होती. अलग-अलग राज्यों में वैट और दूसरे स्थानीय टैक्स अलग हैं. इसके अलावा परिवहन और अन्य लागत का भी असर पड़ता है. अलग-अलग राज्यों में स्थानीय टैक्स अलग होने की वजह से एक ही पेट्रोल-डीजल का रेट अलग शहरों में अलग हो सकता है.यही वजह है कि दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, बेंगलुरु और हैदराबाद में पेट्रोल-डीजल के दाम अलग-अलग हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं